top of page

 भारतार्थ खबर, नहीं उसका अर्थ

21अक्टूबर /2026 /बुधवार

बेंगलुरु, 20 अक्टूबर 2026। बेंगलुरु में आयोजित 48वें दशहरा महोत्सव में राज्यसभा सांसद लहर सिंह सिरोया ने मां दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। सिद्धार्थ सांस्कृतिक समिति एवं राजेंद्र बाबू मेमोरियल ट्रस्ट ‘बिहार भवन’ के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में सांसद की उपस्थिति रही। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मां भगवती की चुनड़ी ओढ़ाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

भारतार्थ लोगो: खबर नहीं, उसका अर्थ - राजनीतिक समाचार विश्लेषण

बेंगलुरु, 20 अक्टूबर 2026। बेंगलुरु में आयोजित 48वें दशहरा महोत्सव में राज्यसभा सांसद लहर सिंह सिरोया ने मां दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। सिद्धार्थ सांस्कृतिक समिति एवं राजेंद्र बाबू मेमोरियल ट्रस्ट ‘बिहार भवन’ के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में सांसद की उपस्थिति रही। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मां भगवती की चुनड़ी ओढ़ाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

WhatsApp Video 2026-10-04 at 8.50.36 PM.mp4

इस साइट पर खोजें

1908किसी भी खाली खोज के साथ परिणाम मिले

  • सेंट पॉल्स महाविद्यालय में भाषा महोत्सव का भव्य आयोजन

    भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बेंगलूरु। सेंट पॉल्स महाविद्यालय में 13 अप्रैल 2026 को भाषा महोत्सव का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विविध भाषाओं की समृद्धि और सांस्कृतिक विविधता का जीवंत प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत भाषा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. तृप्ति शर्मा के स्वागत भाषण से हुई। डॉ. शर्मा ने अपने संबोधन में भाषा महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाषा केवल संप्रेषण का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति, पहचान और आपसी समझ का सेतु भी है। उन्होंने मुख्य अतिथि प्रोफेसर पी. वी. सुदर्शन, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम. जे. थॉमस, विभिन्न विभागों के अध्यक्षों, शिक्षकों, गैर-शिक्षण स्टाफ, विद्यार्थियों एवं मीडिया टीम का हार्दिक स्वागत किया। मुख्य अतिथि प्रोफेसर पी. वी. सुदर्शन ने अपने उद्बोधन में सभी भाषाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए बहुभाषिकता के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने विभिन्न भाषाओं में संवाद कर कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया और विद्यार्थियों को भाषाई विविधता को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम. जे. थॉमस की अनुमति एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मातृभाषा के साथ-साथ अन्य भाषाओं का भी सम्मान करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि भाषाओं के प्रति सम्मान का भाव समाज में एकता और सौहार्द को मजबूत करता है। साथ ही भाषा विभाग को इस प्रकार के आयोजन निरंतर करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न भाषाओं में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे कार्यक्रम में रंगारंग माहौल बना रहा। इसके अलावा रोचक खेलों का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। “मातृभाषा दिवस” के रूप में आयोजित इस महोत्सव ने भाषाई भेदभाव को समाप्त कर एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के विद्यार्थियों आदित्य राज, रिजवाना, मदीहा और पवित्र ने कुशलतापूर्वक किया। अंत में छात्रा पवित्रा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत कर कार्यक्रम का समापन किया। यह भाषा महोत्सव न केवल विद्यार्थियों के लिए एक सांस्कृतिक मंच साबित हुआ, बल्कि समाज को भी यह संदेश देने में सफल रहा कि भाषाओं की विविधता में ही हमारी वास्तविक एकता निहित है।

  • बनासवाड़ी मेन रोड पर पुलिया निर्माण तेज, ड्रेनेज सुधार से बाढ़ प्रबंधन को मजबूती

    भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बेंगलूरु। शहर के उत्तरी हिस्से में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम पहल के तहत बनासवाड़ी मेन रोड पर पुलिया निर्माण कार्य तेजी से जारी है। बेंगलुरु उत्तर नगर निगम की देखरेख में चल रहे इस प्रोजेक्ट में राफ्ट कंक्रीट डालने का महत्वपूर्ण चरण शुरू हो चुका है, जो निर्माण की मजबूती और दीर्घकालिक टिकाऊपन सुनिश्चित करेगा। यह परियोजना विशेष रूप से ड्रेनेज इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर केंद्रित है, ताकि मानसून के दौरान जलभराव और बाढ़ जैसी समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। शहर के इस व्यस्त मार्ग पर हर वर्ष बारिश के मौसम में पानी के निकास में आने वाली दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए इस पुलिया का निर्माण किया जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद वर्षा जल के सुचारू बहाव में सुधार होगा और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी। साथ ही, यातायात की सुगमता भी बढ़ेगी, जिससे स्थानीय निवासियों और दैनिक यात्रियों को राहत मिलेगी। इस पहल को ग्रेटर बेंगलूरु अथॉरिटी के व्यापक शहरी विकास विजन का हिस्सा माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य बेंगलूरु को एक टिकाऊ, आधुनिक और कुशल महानगर के रूप में विकसित करना है। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरी बुनियादी ढांचे के उन्नयन को प्राथमिकता दे रही है। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे प्रोजेक्ट न केवल शहर की वर्तमान जरूरतों को पूरा करेंगे, बल्कि भविष्य की चुनौतियों के लिए भी मजबूत आधार तैयार करेंगे। स्थानीय नागरिकों ने इस कार्य का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि समयबद्ध तरीके से निर्माण पूरा होने पर क्षेत्र को लंबे समय तक राहत मिलेगी और बेंगलूरु के समग्र इंफ्रास्ट्रक्चर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

  • महू में उमड़ा जनसैलाब, अंबेडकर जयंती पर भव्य समागम

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) भोपाल/महू। डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर मध्य प्रदेश के डॉ. अम्बेडकर नगर महू स्थित उनकी जन्मस्थली स्मारक पर मंगलवार को विशाल और ऐतिहासिक समागम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से शामिल होकर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। जयंती समारोह को लेकर महू में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या में अनुयायी यहां पहुंच रहे हैं। जन्मस्थली स्मारक को भव्य रूप से सजाया गया है और पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिल रहा है। जनसम्पर्क अधिकारी महिपाल अजय के अनुसार, प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह समारोह इस बार भी पूरे उत्साह, उमंग और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। 12 अप्रैल की शाम से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था, जो लगातार जारी है। प्रशासन द्वारा आगंतुकों के स्वागत और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन और पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई है। भोजन की व्यवस्था स्वर्ग मंदिर परिसर में की गई है, जबकि भंतों के लिए माहेश्वरी स्कूल में अलग से इंतजाम किए गए हैं। रुकने के लिए धर्मशालाओं, केन्ट बोर्ड हायर सेकेंडरी स्कूल, केन्ट बोर्ड कन्या विद्यालय सहित तीन बड़े अस्थायी डोम बनाए गए हैं। पूरे आयोजन क्षेत्र को 7 सेक्टरों में विभाजित कर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मराठी भाषी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष रूप से मराठी भाषी शिक्षकों को भी तैनात किया गया है। सुरक्षा और प्रबंधन के दृष्टिकोण से तीन स्थानों—तहसील परिसर, जन्मस्थली स्मारक और स्वर्ग मंदिर परिसर—में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 6 स्थानों पर आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है, जहां चिकित्सकों की टीम तैनात है। इसके साथ ही स्वच्छता बनाए रखने के लिए इंदौर नगर निगम एवं स्थानीय निकायों का अमला लगातार सक्रिय है। अग्निशमन की विशेष व्यवस्था भी की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। अंबेडकर जयंती पर आयोजित यह भव्य समागम न केवल बाबा साहेब के विचारों और योगदान को स्मरण करने का अवसर है, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का भी संदेश दे रहा है। महू में उमड़ा यह जनसमूह उनके प्रति अटूट आस्था और सम्मान का जीवंत प्रतीक बन गया है।

  • आंबेडकर जयंती विशेष: मजदूरों के हक की बुलंद आवाज बने बाबासाहेब

    भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बेंगलूरु। देशभर में आज आंबेडकर जयंती के अवसर पर डॉ. भीमराव आंबेडकर को याद किया जा रहा है। उन्हें सिर्फ संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि मजदूरों और वंचित वर्गों के सशक्त अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले मसीहा के रूप में भी देखा जाता है। उनके जीवन के कई ऐसे प्रसंग हैं, जो उन्हें श्रमिकों का सच्चा हितैषी सिद्ध करते हैं। स्वतंत्रता पूर्व भारत में जब राजनीतिक और सामाजिक संघर्ष अपने चरम पर थे, उस दौर में भी बाबासाहेब ने मजदूरों के अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने सत्ता और बहुमत की राजनीति पर तीखा प्रहार करते हुए चेताया था कि “अपरिमित बहुमत भ्रष्टाचार को जन्म देता है और अंततः लोकतंत्र को कमजोर करता है।” यह विचार उन्होंने एक सभा में व्यक्त किया, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है। ‘काला कानून’ के खिलाफ बुलंद हुई आवाज साल औद्योगिक कलह विधेयक 1938 के दौरान बाबासाहेब का संघर्ष मजदूर इतिहास में एक अहम अध्याय बन गया। 15 सितंबर 1938 को बंबई विधानसभा में पेश इस विधेयक का उन्होंने कड़ा विरोध किया। उनका स्पष्ट मत था कि यह कानून मजदूरों के हड़ताल जैसे मौलिक अधिकार को खत्म कर देगा और उन्हें असहाय बना देगा। उन्होंने विभिन्न मजदूर संगठनों के साथ मिलकर इस विधेयक के खिलाफ व्यापक आंदोलन खड़ा किया। 7 नवंबर 1938 को लगभग 60 से अधिक श्रमिक संगठनों ने मिलकर ऐतिहासिक हड़ताल का आह्वान किया। बंबई के मजदूर मैदान में करीब 80 हजार मजदूरों की विशाल सभा ने इस आंदोलन को नई दिशा दी। बाबासाहेब के नेतृत्व में यह आंदोलन इतना प्रभावशाली हुआ कि इसे देशभर में समर्थन मिला, हालांकि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने इसे पारित कर दिया, जिसे मजदूर संगठनों ने ‘काला कानून’ करार दिया। सिद्धांतों से समझौता नहीं इस आंदोलन के दौरान प्रसिद्ध किसान नेता स्वामी सहजानंद सरस्वती ने बाबासाहेब से कांग्रेस के साथ मिलकर ब्रिटिश शासन के खिलाफ एकजुट होने का आग्रह किया। लेकिन बाबासाहेब ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस उस समय मजदूरों और किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है, इसलिए वे ऐसे संगठन के साथ नहीं जुड़ सकते जो आमजन के अधिकारों से समझौता करे। श्रम मंत्री के रूप में ऐतिहासिक योगदान बाबासाहेब ने वर्ष 1942 से 1946 के बीच वायसराय की काउंसिल में श्रम मंत्री के रूप में कार्य करते हुए श्रमिक कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण नीतियां लागू कीं। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में मजदूर और मालिकों के बीच संतुलन बनाने, काम के घंटे तय करने, श्रमिक सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा जैसे कई अहम सुधार किए। उनकी नीतियों ने भारतीय श्रम व्यवस्था की मजबूत नींव रखी, जिसका लाभ आज भी करोड़ों कामगारों को मिल रहा है। आज भी प्रासंगिक हैं बाबासाहेब के विचार आज जब देश श्रमिक अधिकारों, सामाजिक न्याय और समान अवसर की बात करता है, तब बाबासाहेब के विचार और संघर्ष और भी अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। उन्होंने जिस साहस और स्पष्टता के साथ मजदूरों के अधिकारों की रक्षा की, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आंबेडकर जयंती के इस अवसर पर उन्हें याद करना केवल श्रद्धांजलि देना नहीं, बल्कि उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का भी दिन है।

  • कोयला घोटाले की आंच आई-पैक तक, विनेश चंदेल गिरफ्तार

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) कोलकाता। पश्चिम बंगाल की सियासत में उस समय बड़ा भूचाल आ गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने चर्चित चुनावी रणनीतिकार संस्था आई-पैक के को-फाउंडर विनेश चंदेल को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई बहुचर्चित कोयला घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है। गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब राज्य में चुनावी सरगर्मियां तेज हैं, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल और भी बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि आई-पैक, जो कि ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के चुनावी अभियानों का प्रमुख रणनीतिकार रहा है, अब खुद जांच एजेंसियों के रडार पर आ गया है। ईडी का दावा है कि कोयला तस्करी से अर्जित काला धन हवाला नेटवर्क के जरिए आई-पैक तक पहुंचाया गया, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर चुनावी गतिविधियों में किया गया। कौन हैं विनेश चंदेल? विनेश चंदेल आई-पैक के सह-संस्थापक और निदेशक हैं। उन्होंने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर समेत अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर इस संस्था को खड़ा किया था। संगठन के संचालन और वित्तीय प्रबंधन में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है। पश्चिम बंगाल में टीएमसी के लिए चुनावी रणनीति तैयार करने में भी वे पर्दे के पीछे एक प्रमुख चेहरा रहे हैं। गिरफ्तारी की वजह ईडी ने चंदेल को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, आसनसोल क्षेत्र में हुए कोयला घोटाले से जुड़े पैसों का एक हिस्सा अवैध रूप से आई-पैक के खातों में पहुंचाया गया। ‘मनी ट्रेल’ के आधार पर एजेंसी को ऐसे लेन-देन के संकेत मिले, जिनसे यह संदेह मजबूत हुआ कि अवैध धन को वैध बनाने की कोशिश की गई। हवाला और ‘अंगड़िया’ कनेक्शन जांच में सामने आया है कि करीब 20 करोड़ रुपये हवाला नेटवर्क के जरिए ट्रांसफर किए गए। इस प्रक्रिया में मुंबई की एक ‘अंगड़िया’ फर्म का इस्तेमाल किया गया, जिसका नाम पहले भी अन्य आर्थिक मामलों में सामने आ चुका है। ईडी का आरोप है कि इस नेटवर्क के जरिए कोयला तस्करी से जुड़े पैसों को घुमाकर चुनावी प्रबंधन में लगाया गया। ममता बनर्जी से जुड़ा विवाद मामला उस समय और संवेदनशील हो गया जब आई-पैक के कोलकाता कार्यालय पर छापेमारी के दौरान ममता बनर्जी के वहां पहुंचने की खबर सामने आई थी। विपक्ष ने आरोप लगाया था कि कुछ अहम दस्तावेज हटाए गए, हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। चंदेल की गिरफ्तारी को मुख्यमंत्री के चुनावी तंत्र पर सीधे असर के तौर पर देखा जा रहा है। जांच का दायरा बढ़ा इससे पहले ईडी ने दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु समेत कई शहरों में आई-पैक से जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। यह पूरी कार्रवाई वर्ष 2020 में सीबीआई द्वारा दर्ज उस प्राथमिकी पर आधारित है, जिसमें ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की खदानों से बड़े पैमाने पर कोयला चोरी और तस्करी के आरोप लगाए गए थे। राजनीतिक असर चुनाव से ठीक पहले हुई इस गिरफ्तारी ने राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। विपक्ष जहां इसे भ्रष्टाचार का बड़ा सबूत बता रहा है, वहीं सत्तारूढ़ दल इसे राजनीतिक साजिश करार दे रहा है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे चुनावी समीकरण भी प्रभावित हो सकते हैं।

  • मध्य प्रदेश कैबिनेट के बड़े फैसले: महिला सुरक्षा, यूसीसी और विकास को मिली रफ्तार

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने मंगलवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में राज्य के सर्वांगीण विकास, महिला सुरक्षा और कानूनी सुधारों को लेकर कई महत्वपूर्ण और दूरगामी फैसले लिए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई इस बैठक में सामाजिक सरोकारों और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े वित्तीय और प्रशासनिक प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सबसे अहम निर्णयों में महिला सुरक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में राज्य में 8 नए ‘वन स्टॉप सेंटर’ खोलने की स्वीकृति शामिल है। ये केंद्र मैहर, मऊगंज, पांढुर्णा, धार जिले के मनावर और पीथमपुर, इंदौर के लसूड़िया और सांवेर तथा झाबुआ जिले के पेटलावद में स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से हिंसा से प्रभावित महिलाओं और बालिकाओं को एक ही स्थान पर चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श, मनोवैज्ञानिक सहयोग और अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही, सरकार ने महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं—जैसे ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और महिला हेल्पलाइन 181—के लिए वर्ष 2031 तक 240 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। कैबिनेट ने राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके लिए पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है। यह समिति किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में कार्य करेगी और इसमें प्रशासनिक अधिकारी, विधि विशेषज्ञ एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। समिति को 60 दिनों के भीतर अन्य राज्यों के मॉडल का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का दायित्व सौंपा गया है। इस कदम को राज्य में एकरूप नागरिक कानून व्यवस्था की दिशा में निर्णायक पहल माना जा रहा है। वहीं, बुनियादी ढांचे के विकास को गति देने के लिए सरकार ने 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक की अवधि के लिए 19,810 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की है। इस बजट का बड़ा हिस्सा, लगभग 10,801 करोड़ रुपये, सड़क और पुल निर्माण कार्यों पर खर्च किया जाएगा। सरकार ‘बनाओ, चलाओ और सौंपो’ (बीओटी) मॉडल और एन्यूटी प्रणाली के माध्यम से परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने पर जोर दे रही है। कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए सागर जिले की मिडवासा सिंचाई परियोजना को भी 286.26 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इस परियोजना से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधाओं का विस्तार मिलेगा और कृषि उत्पादन में वृद्धि होने की उम्मीद है। कैबिनेट के इन फैसलों को राज्य में सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और आर्थिक विकास को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि ये निर्णय प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे ।

  • 2029 से लागू होगा महिला आरक्षण: पीएम मोदी का ‘नारी शक्ति’ को बड़ा संदेश

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) नई दिल्ली। देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा संकेत दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘नारी शक्ति’ के नाम लिखे एक भावनात्मक और प्रतिबद्धता से भरे पत्र में स्पष्ट किया है कि महिला आरक्षण कानून को वर्ष 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों से लागू करने की तैयारी की जा रही है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में दशकों से लंबित महिला आरक्षण के वादे को पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि यह कदम न केवल महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त करेगा, बल्कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे को भी नई मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि देशभर की माताएं, बहनें और बेटियां इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत कर रही हैं। संसद में नया इतिहास रचने की तैयारी प्रधानमंत्री ने संकेत दिया कि आगामी विशेष सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े आवश्यक संशोधन लाए जा सकते हैं, ताकि कानून को प्रभावी रूप से लागू किया जा सके। उन्होंने इसे “नया इतिहास रचने” की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। 33 प्रतिशत आरक्षण से बदलेगा सियासी गणित प्रस्तावित प्रावधानों के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। सूत्रों के अनुसार, सीटों के पुनर्निर्धारण के बाद लोकसभा की कुल सीटें बढ़कर 816 तक पहुंच सकती हैं, जिनमें लगभग 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। इससे राजनीति में महिलाओं की भागीदारी अभूतपूर्व स्तर तक बढ़ने की संभावना है। ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में स्पष्ट संदेश नई दिल्ली में आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यह कानून अतीत के अधूरे सपनों को पूरा करने और भविष्य के नए भारत की नींव रखने का माध्यम बनेगा। उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान, अधिकार और भागीदारी से जुड़ा ऐतिहासिक निर्णय बताया। सर्वदलीय समर्थन की अपील प्रधानमंत्री ने लोकसभा और राज्यसभा के सभी दलों के नेताओं को पत्र लिखकर इस विधेयक को सर्वसम्मति से पारित करने की अपील की है। उन्होंने इसे राजनीति से ऊपर उठकर सामाजिक परिवर्तन का राष्ट्रीय संकल्प बताया। 2029: महिला नेतृत्व का नया युग यदि यह कानून तय समयसीमा के अनुसार लागू होता है, तो 2029 के चुनाव भारतीय राजनीति में एक नए युग की शुरुआत कर सकते हैं। इससे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की निर्णायक भागीदारी सुनिश्चित होगी, जो नीति निर्माण और सामाजिक संतुलन को नई दिशा देगी। महिला आरक्षण को लेकर वर्षों से चली आ रही बहस अब निर्णायक मोड़ पर दिखाई दे रही है। 2029 का लक्ष्य सामने रखते हुए केंद्र सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि ‘नारी शक्ति’ को सशक्त बनाने का यह संकल्प अब धरातल पर उतरने के करीब है।

  • जय श्री राम पर छूट! कोलकाता के डॉक्टर के ऑफर पर मचा विवाद

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच राजनीतिक सरगर्मी अब आम जनजीवन के साथ-साथ पेशेवर क्षेत्रों तक भी पहुंचती नजर आ रही है। इसी कड़ी में कोलकाता के एक कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉक्टर का अनोखा ऑफर चर्चा और विवाद दोनों का केंद्र बन गया है। बालीगंज फाड़ी इलाके के चिकित्सक डॉ. पी.के. हाजरा ने सोशल मीडिया के जरिए एक पोस्ट साझा करते हुए घोषणा की कि जो मरीज उनके क्लिनिक में इलाज के दौरान ‘जय श्री राम’ का उद्घोष करेंगे, उन्हें विशेष छूट दी जाएगी। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो वे अपनी विजिटिंग फीस समाप्त कर देंगे और मरीजों की संख्या भी बढ़ाएंगे। डॉ. हाजरा ने अपने इस प्रस्ताव के तहत प्रति मरीज 500 रुपये की छूट देने की बात कही है। इसके लिए उन्होंने एक क्यूआर कोड भी जारी किया है, जिसके माध्यम से भुगतान करने पर यह छूट लागू होगी। हालांकि, इस पहल ने चिकित्सा जगत में तीखी प्रतिक्रिया पैदा कर दी है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने इसे पेशेवर आचरण के खिलाफ बताते हुए गंभीर आपत्ति जताई है। संगठन ने डॉक्टर हाजरा को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है। आईएमए ने अपने बयान में कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर नागरिक को अपनी राजनीतिक विचारधारा व्यक्त करने का अधिकार है, लेकिन चिकित्सा सेवा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में धर्म या राजनीतिक झुकाव के आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव स्वीकार्य नहीं है। विवाद बढ़ने पर डॉ. हाजरा ने सफाई देते हुए कहा कि यह ऑफर केवल उनके निजी क्लिनिक तक सीमित है और अस्पताल सेवाओं पर लागू नहीं होता। उन्होंने इसे अपनी व्यक्तिगत राजनीतिक अभिव्यक्ति बताते हुए कहा कि वे नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से प्रेरित हैं। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल 2026 को दो चरणों में मतदान होना है, जहां सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं चुनावी माहौल को और अधिक गरमाने का काम कर रही हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या पेशेवर सेवाओं में राजनीतिक और धार्मिक अभिव्यक्ति की सीमाएं तय होनी चाहिए।

  • बिहार में नई सरकार के सामने वित्तीय संकट की कड़ी चुनौती

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) पटना। बिहार की सियासत में बड़े बदलाव के संकेतों के बीच राज्य की आर्थिक स्थिति नई सरकार के लिए सबसे बड़ी परीक्षा बनकर उभर रही है। मुख्यमंत्री पद से संभावित इस्तीफे के बाद बनने वाली नई सरकार को खाली खजाने, बढ़ते कर्ज और वित्तीय दबाव के बीच शासन की जिम्मेदारी संभालनी होगी। राज्य में पहली बार भाजपा नेतृत्व वाली सरकार बनने की चर्चा के बीच विपक्ष ने भी आर्थिक हालात को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। विपक्षी नेताओं का आरोप है कि वर्तमान सरकार राज्य की वित्तीय स्थिति को कमजोर स्थिति में छोड़ रही है, जिससे नई सरकार के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी होंगी। कर्ज के बोझ तले दबा बिहार बिहार देश के सबसे अधिक कर्जदार राज्यों में गिना जा रहा है। राज्य का कुल बजट लगभग 3.47 लाख करोड़ रुपये का है, जिसमें से बड़ी हिस्सेदारी केंद्र से मिलने वाले करों और कर्ज पर निर्भर है। राज्य की कुल आय में लगभग 74 प्रतिशत हिस्सा केंद्र से आता है, जो वित्तीय आत्मनिर्भरता पर सवाल खड़े करता है| राज्य की कैपिटल रिसीट का भी अधिकांश हिस्सा कर्ज के रूप में है। इससे स्पष्ट है कि सरकार की आय का बड़ा भाग उधारी पर आधारित है, जो दीर्घकाल में आर्थिक दबाव को और बढ़ा सकता है। बढ़ता कर्ज और ब्याज का भारी बोझ वित्तीय आंकड़ों के अनुसार, बिहार पर कुल कर्ज 2025-26 में लगभग 3.50 लाख करोड़ रुपये था, जो 2026-27 में बढ़कर करीब 3.88 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। राज्य सरकार को हर दिन औसतन 132 करोड़ रुपये कर्ज और ब्याज चुकाने में खर्च करने पड़ रहे हैं। साल 2026-27 में ही सरकार को करीब 25,364 करोड़ रुपये ब्याज भुगतान और 22,665 करोड़ रुपये मूलधन चुकाने में खर्च करने होंगे। यह राशि राज्य के विकास कार्यों के लिए उपलब्ध संसाधनों को सीमित कर सकती है। वेतन भुगतान में देरी से बढ़ी चिंता राज्य की वित्तीय स्थिति का असर अब सरकारी कर्मचारियों पर भी दिखाई देने लगा है। करीब 10 लाख कर्मचारियों में से लगभग आधे को महीने के मध्य तक भी वेतन नहीं मिल पाया है। कई जिलों में वेतन बिल ट्रेजरी तक नहीं पहुंचने की खबरें हैं। सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने वित्तीय संतुलन बनाए रखने के लिए ‘स्लो पेमेंट’ की नीति अपनाई है। हालांकि प्रशासन का दावा है कि 15 अप्रैल तक आवंटन पूरा कर 18 अप्रैल तक सभी कर्मचारियों के खातों में वेतन पहुंचा दिया जाएगा। नई सरकार के सामने बड़ी जिम्मेदारी ऐसे हालात में बनने वाली नई सरकार के सामने वित्तीय प्रबंधन, राजस्व बढ़ाने और कर्ज नियंत्रण की बड़ी चुनौती होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार को खर्चों में संतुलन, निवेश को बढ़ावा और केंद्र पर निर्भरता कम करने की दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे। बिहार की आर्थिक स्थिति केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि विकास की दिशा तय करने वाला अहम कारक बन चुकी है। अब देखना होगा कि नई सरकार इन चुनौतियों से कैसे निपटती है और राज्य को आर्थिक स्थिरता की राह पर कैसे आगे बढ़ाती है।

  • बिहार में सत्ता परिवर्तन: आज तय होगा नया मुख्यमंत्री

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) पटना। बिहार की राजनीति आज एक ऐतिहासिक मोड़ पर खड़ी है, जहां लंबे समय से प्रदेश की सत्ता के केंद्र में रहे नीतीश कुमार के युग के अंत के साथ ही नए नेतृत्व का चयन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपनी अंतिम कैबिनेट बैठक के बाद राज्यपाल को इस्तीफा सौंप सकते हैं, जिससे राज्य में नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त होगा। सूत्रों के अनुसार, सुबह 11 बजे होने वाली कैबिनेट बैठक के तुरंत बाद नीतीश कुमार सैयद अता हसनैन से मुलाकात कर औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा देंगे। इसके बाद वे शाम 4 बजे बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की बैठक में शामिल होंगे। इस बीच, भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक दोपहर 3 बजे प्रदेश कार्यालय में आयोजित की जाएगी, जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी रहेगी। इसी बैठक में पार्टी अपने नेता का चयन करेगी, जो आगे चलकर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने संकेत दिए हैं कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार बिहार में भाजपा का कोई नेता मुख्यमंत्री पद संभाल सकता है। पार्टी के शीर्ष नेताओं की सक्रियता और केंद्रीय नेतृत्व की भूमिका इस चयन को और भी महत्वपूर्ण बना रही है। अंतिम निर्णय को लेकर कौतुहल बना हुआ है, जिससे किसी नए या अप्रत्याशित चेहरे के उभरने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण संभव गृह विभाग के सूत्रों के मुताबिक, नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे पटना स्थित लोक भवन में आयोजित किया जा सकता है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। समारोह की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक समीक्षा भी की जा चुकी है। विधायकों को सख्त निर्देश भाजपा आलाकमान ने सभी विधायकों, विशेषकर पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार में लगे जनप्रतिनिधियों को तत्काल पटना पहुंचने के निर्देश दिए हैं। एनडीए के सभी 202 विधायकों को 14 और 15 अप्रैल को राजधानी में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है, ताकि नेतृत्व चयन और शपथ ग्रहण की प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। मजबूत बहुमत के साथ एनडीए तैयार 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में एनडीए के पास 202 सीटों का स्पष्ट बहुमत है। भाजपा 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है, जबकि जेडीयू के पास 85 सीटें हैं। अन्य सहयोगी दलों के समर्थन से गठबंधन पूरी मजबूती के साथ नई सरकार बनाने की स्थिति में है। राजनीतिक और भावनात्मक क्षण इस सत्ता परिवर्तन को भाजपा और एनडीए के लिए जहां एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, वहीं नीतीश कुमार के लंबे राजनीतिक कार्यकाल के कारण यह क्षण भावनात्मक भी माना जा रहा है। पार्टी नेताओं का मानना है कि नीतीश कुमार आगे भी नई सरकार को मार्गदर्शन देते रहेंगे। संभावित कार्यक्रम: सुबह 11 बजे: कैबिनेट बैठक बैठक के बाद: राज्यपाल को इस्तीफा दोपहर 3 बजे: भाजपा विधायक दल की बैठक शाम 4 बजे: एनडीए विधायक दल की बैठक 15 अप्रैल, सुबह 11 बजे: शपथ ग्रहण समारोह बिहार की राजनीति में यह बदलाव न केवल सत्ता के समीकरणों को प्रभावित करेगा, बल्कि आने वाले समय में प्रदेश की विकास दिशा और राजनीतिक स्थिरता को भी नई दिशा

  • संस्थाएं भी मुआवजे की हकदार: कर्नाटक हाईकोर्ट

    भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बेंगलूरु। कर्नाटक हाईकोर्ट ने मोटर दुर्घटना मुआवजा कानून की व्याख्या को व्यापक बनाते हुए एक महत्वपूर्ण और नजीर स्थापित करने वाला फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटना में मृत व्यक्ति के लिए मुआवजे का दावा केवल उसके जैविक परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि वे संस्थाएं भी मुआवजे की हकदार हैं, जो मृतक पर आर्थिक या कार्यात्मक रूप से निर्भर थीं। जस्टिस सूरज गोविंदराज और जस्टिस त्यागराज एन. इनावल्ली की खंडपीठ ने वर्ष 2011 के एक सड़क हादसे से जुड़े मामले की सुनवाई करते हुए यह निर्णय दिया। इस दुर्घटना में एक जीप और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में एक मठ के स्वामी की मृत्यु हो गई थी। संकीर्ण दृष्टिकोण पर अदालत की टिप्पणी मामले में पहले मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) ने केवल संपत्ति नुकसान और अंतिम संस्कार के लिए 1.2 लाख रुपये का मुआवजा दिया था। अधिकरण ने ‘आश्रितता के नुकसान’ के दावे को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि मृतक का कोई पारिवारिक आश्रित नहीं था। हाईकोर्ट ने इस दृष्टिकोण को “संकीर्ण और सीमित” करार देते हुए कहा कि आश्रितता का अर्थ केवल पारिवारिक संबंधों तक सीमित नहीं है। यह आर्थिक, सामाजिक और कार्यात्मक संबंधों तक भी विस्तृत होता है। मठ को मिला न्याय अदालत ने माना कि मठाधिपति केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि संस्था का प्रतिनिधि होता है। उसकी सेवाएं, नेतृत्व और योगदान संस्था के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उसकी मृत्यु से संस्था को वास्तविक नुकसान होता है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के ‘मोंटफोर्ड ब्रदर्स’ मामले का हवाला देते हुए मठ को कुल 5.94 लाख रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया। साथ ही बढ़ी हुई 4.74 लाख रुपये की राशि पर 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने के निर्देश भी जारी किए गए। संस्थागत आश्रितता को मिली मान्यता अपने फैसले में हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि मुआवजा कानून का उद्देश्य केवल पारिवारिक हितों की रक्षा करना नहीं, बल्कि उन सभी पक्षों को न्याय दिलाना है जो किसी व्यक्ति पर निर्भर थे। अदालत ने कहा कि संस्थागत निर्भरता को भी समान रूप से मान्यता मिलनी चाहिए। बीमा कंपनी को निर्देश अदालत ने संबंधित बीमा कंपनी को आदेश दिया कि वह निर्धारित मुआवजा राशि चार सप्ताह के भीतर जमा करे। व्यापक प्रभाव वाला फैसला कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, यह निर्णय भविष्य में कई मामलों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा। इससे धार्मिक, शैक्षणिक और सामाजिक संस्थाओं को भी राहत मिलेगी, जो अपने प्रमुख व्यक्तियों पर निर्भर रहती हैं। यह फैसला न केवल न्यायिक संवेदनशीलता को दर्शाता है, बल्कि मुआवजा कानून की व्याख्या को अधिक मानवीय और व्यावहारिक बनाता है।

  • वेदासंदूर: तमिलनाडु की सत्ता का भरोसेमंद संकेतक

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) वेदासंदूर। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में वेदासंदूर सीट एक बार फिर राजनीतिक विश्लेषकों और दलों के लिए खास महत्व रखती नजर आ रही है। भले ही इसे ‘किंगमेकर’ कहना पूरी तरह सटीक न हो, लेकिन पिछले पांच दशकों का चुनावी इतिहास इस सीट को राज्य की सत्ता के रुझान का एक विश्वसनीय बैरोमीटर जरूर साबित करता है। 1971 से दिखता आ रहा स्पष्ट ट्रेंड वेदासंदूर का राजनीतिक महत्व 1971 से उभरकर सामने आया, जब डीएमके के पी. मुथुसामी ने यहां जीत दर्ज की। इसके बाद 1977 से 1984 के बीच एआईएडीएमके के एस.एम. वासन और वी.पी. बालासुब्रमण्यम की जीत उस दौर की सत्ता के साथ मेल खाती रही, जब राज्य में एम.जी. रामचंद्रन के नेतृत्व में सरकार थी। 1989 में डीएमके की वापसी के साथ मुथुसामी ने फिर यह सीट जीती, जो सत्ता परिवर्तन का संकेत बनी। हर बार सत्ता के साथ कदमताल 1991 से 2001 के बीच वेदासंदूर सीट पर डीएमके और एआईएडीएमके के बीच मुकाबला होता रहा, लेकिन एक खास बात हर चुनाव में देखने को मिली—जिस दल ने यहां जीत दर्ज की, वही राज्य की सत्ता तक पहुंचा। इस निरंतरता ने इस सीट को ‘राजनीतिक संकेतक’ के रूप में स्थापित कर दिया। 2006: अपवाद, पर संकेत कायम 2006 का चुनाव इस पैटर्न में एक अपवाद जरूर रहा, जब कांग्रेस के एम. धनदापानी ने सीट जीती, जबकि डीएमके ने सहयोगियों के साथ सरकार बनाई। हालांकि, यह परिणाम भी व्यापक गठबंधन समीकरणों के कारण उसी राजनीतिक धड़े की ओर इशारा करता रहा, जो अंततः सत्ता में आया। हालिया चुनावों में भी बरकरार रहा ट्रेंड 2011 और 2016 में एआईएडीएमके के एस. पलानीचामी और वीपीबी परमासिवम की जीत पार्टी की सरकार बनने के साथ मेल खाती रही। वहीं, 2021 में डीएमके के एस. गांधिराजन की जीत के साथ राज्य में डीएमके की सत्ता में वापसी हुई। इन नतीजों ने वेदासंदूर की ‘सत्ता संकेतक’ की छवि को और मजबूत किया है। ‘तटस्थ मतदाता’ बनाते हैं खास राजनीतिक विश्लेषकों और स्थानीय नेताओं का मानना है कि वेदासंदूर का मतदाता वर्ग अपेक्षाकृत तटस्थ और जागरूक है। यहां जातीय या भावनात्मक ध्रुवीकरण की बजाय विकास, शासन और स्थानीय मुद्दों पर मतदान अधिक प्रभावी रहता है। यही कारण है कि यह सीट राज्य के व्यापक जनमत का प्रतिबिंब बन जाती है। 2026: सीधा मुकाबला, बड़े संकेत विधानसभा चुनाव 2026 में यहां डीएमके और एआईएडीएमके के बीच सीधा मुकाबला है। डीएमके जहां अपनी सरकार के कामकाज और कल्याणकारी योजनाओं के आधार पर जनसमर्थन बनाए रखने का दावा कर रही है, वहीं एआईएडीएमके एंटी-इंकंबेंसी और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है। ‘किंगमेकर’ नहीं, पर असरदार संकेतक स्पष्ट है कि वेदासंदूर को ‘किंगमेकर’ कहना भले अतिशयोक्ति हो, लेकिन इसे नजरअंदाज करना भी संभव नहीं। यह सीट तमिलनाडु की राजनीतिक दिशा को समझने का एक सशक्त माध्यम बन चुकी है। 2026 में भी इसके नतीजे राज्य की सत्ता के रुख का संकेत देने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

bottom of page