जय श्री राम पर छूट! कोलकाता के डॉक्टर के ऑफर पर मचा विवाद
- धन्ना राम चौधरी

- 14 अप्रैल
- 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच राजनीतिक सरगर्मी अब आम जनजीवन के साथ-साथ पेशेवर क्षेत्रों तक भी पहुंचती नजर आ रही है। इसी कड़ी में कोलकाता के एक कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉक्टर का अनोखा ऑफर चर्चा और विवाद दोनों का केंद्र बन गया है। बालीगंज फाड़ी इलाके के चिकित्सक डॉ. पी.के. हाजरा ने सोशल मीडिया के जरिए एक पोस्ट साझा करते हुए घोषणा की कि जो मरीज उनके क्लिनिक में इलाज के दौरान ‘जय श्री राम’ का उद्घोष करेंगे, उन्हें विशेष छूट दी जाएगी। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो वे अपनी विजिटिंग फीस समाप्त कर देंगे और मरीजों की संख्या भी बढ़ाएंगे। डॉ. हाजरा ने अपने इस प्रस्ताव के तहत प्रति मरीज 500 रुपये की छूट देने की बात कही है। इसके लिए उन्होंने एक क्यूआर कोड भी जारी किया है, जिसके माध्यम से भुगतान करने पर यह छूट लागू होगी।
हालांकि, इस पहल ने चिकित्सा जगत में तीखी प्रतिक्रिया पैदा कर दी है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने इसे पेशेवर आचरण के खिलाफ बताते हुए गंभीर आपत्ति जताई है। संगठन ने डॉक्टर हाजरा को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है। आईएमए ने अपने बयान में कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर नागरिक को अपनी राजनीतिक विचारधारा व्यक्त करने का अधिकार है, लेकिन चिकित्सा सेवा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में धर्म या राजनीतिक झुकाव के आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव स्वीकार्य नहीं है।
विवाद बढ़ने पर डॉ. हाजरा ने सफाई देते हुए कहा कि यह ऑफर केवल उनके निजी क्लिनिक तक सीमित है और अस्पताल सेवाओं पर लागू नहीं होता। उन्होंने इसे अपनी व्यक्तिगत राजनीतिक अभिव्यक्ति बताते हुए कहा कि वे नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से प्रेरित हैं।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल 2026 को दो चरणों में मतदान होना है, जहां सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं चुनावी माहौल को और अधिक गरमाने का काम कर रही हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या पेशेवर सेवाओं में राजनीतिक और धार्मिक अभिव्यक्ति की सीमाएं तय होनी चाहिए।
_edited.jpg)



टिप्पणियां