top of page

 भारतार्थ खबर, नहीं उसका अर्थ

22अक्टूबर /2026 /गुरुवार

बेंगलुरु, 22 अक्टूबर 2026। बेंगलुरु और मुंबई के बीच रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की संभावित शुरुआत राहत भरी खबर हो सकती है। दक्षिण पश्चिम रेलवे की ओर से 1 नवंबर 2026 को कर्नाटक राज्योत्सव के अवसर पर इस मार्ग पर उद्घाटन विशेष सेवा शुरू करने का प्रस्ताव सामने आया है। हालांकि, नियमित परिचालन, अंतिम समय-सारणी, ठहराव और किराये को लेकर रेलवे की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

भारतार्थ लोगो: खबर नहीं, उसका अर्थ - राजनीतिक समाचार विश्लेषण

बेंगलुरु, 22 अक्टूबर 2026। बेंगलुरु और मुंबई के बीच रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की संभावित शुरुआत राहत भरी खबर हो सकती है। दक्षिण पश्चिम रेलवे की ओर से 1 नवंबर 2026 को कर्नाटक राज्योत्सव के अवसर पर इस मार्ग पर उद्घाटन विशेष सेवा शुरू करने का प्रस्ताव सामने आया है। हालांकि, नियमित परिचालन, अंतिम समय-सारणी, ठहराव और किराये को लेकर रेलवे की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

WhatsApp Video 2026-10-04 at 8.50.36 PM.mp4

इस साइट पर खोजें

1911किसी भी खाली खोज के साथ परिणाम मिले

  • दादरा-नगर हवेली में विकास परियोजनाओं को गति, प्रशासक को ₹100 करोड़ तक की मंजूरी का अधिकार

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) सिलवासा। केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली और दमन-दीव में विकास कार्यों को तेज करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। अब प्रशासक को 100 करोड़ रुपये तक की विकास परियोजनाओं को मंजूरी देने का अधिकार सौंप दिया गया है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी इस निर्णय के तहत बिना विधानसभा वाले सभी केंद्र शासित प्रदेशों—जिनमें दादरा-नगर हवेली और दमन-दीव भी शामिल हैं—को वित्तीय स्वायत्तता दी गई है। इससे पहले कई परियोजनाओं के लिए केंद्र की मंजूरी अनिवार्य थी, जिससे विकास कार्यों में देरी हो रही थी। नए आदेश के अनुसार, प्रशासक अब योजना की प्रारंभिक स्वीकृति से लेकर अंतिम मंजूरी तक निर्णय ले सकेंगे, बशर्ते पर्याप्त बजट उपलब्ध हो। हालांकि, इन निर्णयों की जानकारी नियमित रूप से केंद्र सरकार को भेजनी होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से स्थानीय स्तर पर सड़क, आधारभूत ढांचा और अन्य विकास परियोजनाओं को तेजी मिलेगी तथा प्रशासनिक प्रक्रिया सरल होगी।

  • “एक शाम गौमाता के नाम” भव्य भजन संध्या, श्रद्धालु हुए भाव-विभोर

    भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बेंगलूरु। श्री कृष्ण गौसेवा आश्रम गोशाला, होसूर बंडे परिसर में बुधवार को संत पुष्करदास महाराज के सान्निध्य में “एक शाम गौमाता के नाम” विशाल भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गौमाता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। भजन संध्या में भजन गायक कैलाश पंवार ने गणेश वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात राजस्थान से पधारे प्रसिद्ध भजन गायक डॉ. ओम मुडेल ने मायड़ भाषा में सुमधुर लोक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। “गुरु मेहर करो”, “धरूं आपरो ध्यान”, “इण दुनिया में गौमाता भगवान कहीये” और “आव आव म्हारा कृष्ण कन्हैया, गौमाता अरदास करे” जैसे भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर नृत्य करते नजर आए। पूरे परिसर में गौमाता के जयकारों की गूंज सुनाई दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित गोभक्त समाजसेवी प्रकाश चौहान ने गौमाता के चारे के लिए एक विशाल शेड निर्माण करवाने की घोषणा की। वहीं समाजसेवी शोभाराम चोयल ने भी चारे हेतु शेड निर्माण का संकल्प लिया। भजन गायक डॉ. ओम मुडेल ने सभी गौभक्तों से गौमाता की सेवा के लिए सहयोग का आह्वान किया। इस अवसर पर कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और, मुम्बई सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने गौसेवा के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया। संत पुष्करदास महाराज ने अपने संबोधन में हाल ही में गौशाला में आगजनी की घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि गौसेवा के लिए समाज का यह सहयोग अत्यंत प्रेरणादायक है। संत महाराज ने यह भी आश्वासन दिया कि यदि किसी व्यापारी को अपने व्यवसाय में किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी, तो वे हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे किसी भी व्यापारी की दुकान बंद नहीं होने देंगे, बल्कि उसे आगे बढ़ाने में सहयोग करेंगे। कार्यक्रम में हैदराबाद, राजस्थान, कोयंबतूर, सूरत, पुणे, मुंबई, तिरुपति और बेंगलुरु सहित विभिन्न स्थानों से आए महिला भजन मंडलियों, जैन समाज, विष्णु समाज, कन्नड़ समाज, कन्नूर ग्राम पंचायत तथा राजस्थानी समाज की विभिन्न संस्थाओं ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन मोहन सीरवी ने किया। अंत में गोशाला ट्रस्ट की ओर से सभी अतिथियों, कलाकारों एवं दानदाताओं का आभार व्यक्त किया।

  • चेन्नई में संत श्री राजारामजी महाराज का 144वां जन्मोत्सव श्रद्धा व उल्लास के साथ सम्पन्न

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) चेन्नई। साहूकारपेट स्थित श्री राजेश्वर भवन में संत श्री राजारामजी महाराज का 144वां जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विधि-विधान से हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत रात्रि में कलश स्थापना के साथ हुई। इसके बाद आयोजित भजन संध्या में भजन गायक पुखराज सेणचा एंड पार्टी ने गणेश वंदना से भजनों का शुभारंभ किया। भजन मंडली द्वारा संत श्री राजारामजी महाराज की महिमा, उनके उपदेशों एवं भविष्यवाणियों पर आधारित अनेक मधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। भजनों के दौरान आगामी समारोहों के लिए चढ़ावे भी बोले गए, जिसमें समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और उत्साहपूर्वक सहयोग दिया। रात्रि 12 बजे महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं की विशेष उपस्थिति रही। इसके पश्चात सुबह प्रभात आरती के साथ रात्रि जागरण का समापन हुआ। गुरुवार प्रातः श्री राजेश्वर भगवान को विधिवत भोग अर्पित किया गया, जिसके बाद सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही आयोजित भव्य सभा में समाज के उत्थान, शिक्षा के प्रोत्साहन, भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य, तथा युवाओं को व्यापार एवं अच्छे संस्कारों की ओर प्रेरित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भजन प्रस्तुत कर आयोजन की गरिमा बढ़ाई और व्यवस्था में भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया। समाज सेवकों ने भी आयोजन को सफल बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी दिनेश जी करड़ द्वारा प्रदान की गई।

  • जयनगर में तीन दिवसीय दुर्गा पूजा उत्सव, सनातन संस्कृति पर गर्व का संदेश

    भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बेंगलूरु। जयनगर स्थित अग्रसेन भवन में फरिश्ते चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा तीन दिवसीय भव्य दुर्गा पूजा उत्सव का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। उत्सव के दौरान भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है और पूरे परिसर में भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महेंद्र मुणोत ने मां दुर्गा के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और सभी श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हमें अपनी सनातन संस्कृति और परंपराओं पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को एकता के सूत्र में बांधते हैं। ट्रस्ट की अध्यक्ष सीमा गुप्ता ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि दुर्गा पूजा उत्सव का मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक जागरूकता बढ़ाना और आपसी भाईचारे को मजबूत करना है। वहीं सर्वजन एकता मंच के राकेश शुक्ला ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए आयोजन की सराहना की। इस दौरान ट्रस्ट की ओर से मुख्य अतिथि महेंद्र मुणोत का शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे तीन दिन चलने वाले इस उत्सव में भजन-कीर्तन, आरती और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है।

  • रामनवमी पर शिकारपुरा धाम में उमड़ा आस्था का सागर, गुरु भक्ति व राष्ट्र निर्माण का गूंजा संदेश

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) शिकारपुरा तीर्थधाम, 27 मार्च। रामनवमी के पावन अवसर पर राजस्थान स्थित पावन तीर्थ धाम शिकारपुरा में गुरु महाराज श्री श्री 1008 श्री राजाराम जी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य आध्यात्मिक समारोह आस्था, संस्कृति और सामाजिक चेतना का विराट संगम बन गया। 26 मार्च 2026 को आयोजित इस दिव्य आयोजन में देशभर से लाखों श्रद्धालु, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए, जिससे पूरा धाम भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। इस अवसर पर राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शिकारपुरा धाम पधारे। उन्होंने तपोभूमि पर श्री राजेश्वर भगवान की समाधि के दर्शन कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और पावन धरा को नमन किया। मुख्यमंत्री ने वर्तमान गादीपति परम पूज्य महंत श्री श्री 108 दयाराम जी महाराज के सान्निध्य में आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने महंतश्री के नशामुक्ति अभियान, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा प्रसार एवं समाज सुधार के कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि यह धाम केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, शिक्षा और सामाजिक परिवर्तन का प्रेरणास्थल है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकरभाई चौधरी ने महंत दयाराम जी महाराज के नेतृत्व में चल रहे नशामुक्त समाज अभियान, मृत्युभोज जैसी कुरीतियों के उन्मूलन और सामाजिक समरसता के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने वर्ष 2007 के एक ऐतिहासिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि श्री राजेश्वर भगवान के आशीर्वाद से नरेंद्र मोदी को उच्च राष्ट्रीय नेतृत्व के लिए आशीर्वचन प्राप्त हुए थे। इस प्रसंग से जुड़ा वीडियो भी समारोह में प्रदर्शित किया गया, जिसने श्रद्धालुओं में विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। रामनवमी के इस पावन अवसर पर शिकारपुरा धाम से संपूर्ण राष्ट्र को भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में व्यसनमुक्त, संस्कारित, संगठित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का आह्वान किया गया, जो अब देश-विदेश तक प्रसारित हो रहा है। इस भव्य आयोजन में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल राठौड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही जोगाराम पटेल, जोराराम कुमावत, लुम्बाराम चौधरी, पी.पी. चौधरी, अमराराम चौधरी, पुराराम चौधरी समेत विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। समारोह के अंत में सभी श्रद्धालुओं के लिए मंगलकामना करते हुए गुरु महाराज श्री राजेश्वर भगवान एवं श्री ठाकुर जी महाराज की असीम कृपा की कामना की गई। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणा का एक सशक्त मंच भी सिद्ध हुआ।

  • रामनवमी पर सेवा का अनूठा उदाहरण: ऑटो चालक संघ ने किया छाछ वितरण

    भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बेंगलूरु। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के पावन जन्मोत्सव रामनवमी के अवसर पर मैसूर रोड स्थित गालिअआंजनैया ऑटो चालक संघ द्वारा सेवा भाव का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया गया। संघ के तत्वावधान में श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के लिए पानका एवं ठंडी छाछ वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान प्रख्यात समाजसेवी महेंद्र मुणोत ने स्वयं उपस्थित रहकर सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने अपने हाथों से श्रद्धालुओं को छाछ वितरित कर सेवा और समर्पण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें त्याग, सेवा और मर्यादा का पालन करने की प्रेरणा देता है, और ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस सेवा शिविर में राहगीरों, ऑटो चालकों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर प्रसाद स्वरूप पानका और छाछ ग्रहण की। आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण के बीच “जय श्रीराम” के जयकारों से माहौल गुंजायमान रहा। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में आपसी भाईचारा बढ़ाने के साथ-साथ धार्मिक आयोजनों की सार्थकता को भी दर्शाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संघ के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनकी मेहनत और समर्पण से यह सेवा कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

  • आईएएस प्रतिभा खोज परीक्षा 2026: ऑजणा समाज महासभा ने मांगे आवेदन, 10 प्रतिभाशाली युवाओं को मिलेगी छात्रवृत्ति

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) आबू पर्वत, 26 मार्च। अखिल भारतीय ऑजणा समाज महासभा, आबू पर्वत (राजस्थान) के तत्वावधान में कलबी, पटेल, ऑजणा एवं चौधरी समाज के स्नातक युवाओं के लिए षष्ठम आईएएस प्रतिभा खोज छात्रवृत्ति परीक्षा 2026 का आयोजन किया जा रहा है। महासभा ने इस परीक्षा हेतु ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी 10 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। महासभा के महामंत्री एम.डी. चौधरी (सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी) द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार परीक्षा का उद्देश्य समाज के प्रतिभाशाली युवाओं को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं के लिए प्रोत्साहित करना एवं उन्हें आर्थिक एवं शैक्षणिक सहयोग प्रदान करना है। परीक्षा का आयोजन संभावित रूप से 31 मई 2026 को अहमदाबाद (गुजरात) और जोधपुर (राजस्थान) में किया जाएगा। परीक्षा का स्वरूप संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के समरूप रहेगा। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को आगे साक्षात्कार प्रक्रिया से गुजरना होगा। पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया इस परीक्षा में केवल पटेल, कलबी, ऑजणा एवं चौधरी समाज के अभ्यर्थी ही भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थी का न्यूनतम स्नातक तृतीय वर्ष उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आवेदन ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किए जा सकते हैं। आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को ईमेल आईडी देना अनिवार्य होगा, क्योंकि प्रवेश पत्र केवल वेबसाइट के माध्यम से जारी किए जाएंगे। छात्रवृत्ति एवं सुविधाएं इस परीक्षा के माध्यम से कुल 10 अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें छात्रवृत्ति प्रदान करने का प्रस्ताव है। चयनित अभ्यर्थियों को दिल्ली स्थित कलबी भवन में रहने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा सकती है। साथ ही उन्हें अपनी पसंद के कोचिंग संस्थान में अध्ययन करने की स्वतंत्रता होगी। महासभा द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को अधिकतम 3 वर्षों तक सहायता प्रदान की जाएगी, जो उनके प्रदर्शन और प्रगति रिपोर्ट के आधार पर जारी रहेगी। अनुशासनहीनता या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में यह सुविधा समाप्त की जा सकती है। महत्वपूर्ण निर्देश परीक्षा में ओएमआर शीट पर केवल काले बॉल पेन का उपयोग करना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की अनुमति नहीं होगी। साथ ही परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को अपने मूल दस्तावेज साथ लाना होगा। मार्गदर्शन एवं संपर्क अभ्यर्थी आवेदन या अन्य जानकारी के लिए कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच निर्धारित संपर्क नंबरों 7568191816, 9414208862 एवं 9925032330 पर संपर्क कर सकते हैं। महासभा ने समाज के सभी पात्र युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और समय सीमा से पूर्व आवेदन करने की अपील की है।

  • अभी-अभी: पीएम मोदी ने की सर्वदलीय मुख्यमंत्रियों की बैठक, तेल संकट और देश की तैयारी पर मंथन

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता को राहत दिलाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हाल ही में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में देश की आर्थिक स्थिति, वैश्विक तेल बाजार के प्रभाव और ईंधन कीमतों को नियंत्रित करने के संभावित उपायों पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में आर्थिक सलाहकारों, वित्त मंत्रालय और ऊर्जा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। सूत्रों के अनुसार, सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में स्थिरता लाने और आम उपभोक्ताओं पर बढ़ते आर्थिक बोझ को कम करने के लिए कई विकल्पों पर विचार किया। कीमतों में वृद्धि के प्रमुख कारण विशेषज्ञों के मुताबिक, पेट्रोल और डीजल की कीमतें मुख्यतः अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की दरों, केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा लगाए जाने वाले करों, डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर तथा सरकारी नीतियों पर निर्भर करती हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का सीधा असर भारतीय बाजार पर पड़ता है, जिससे उपभोक्ताओं को महंगाई का सामना करना पड़ता है। बैठक में उठे अहम मुद्दे बैठक के दौरान वैश्विक तेल कीमतों में अस्थिरता से निपटने के उपायों पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले करों में संभावित कटौती, घरेलू उत्पादन क्षमता बढ़ाने और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। सरकार इस बात पर भी विचार कर रही है कि इलेक्ट्रिक वाहनों और अन्य पर्यावरण अनुकूल ईंधनों को प्रोत्साहित कर पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता कम की जाए, जिससे दीर्घकाल में कीमतों पर नियंत्रण संभव हो सके। राहत की संभावनाएं सीमित आर्थिक विशेषज्ञों का मानना है कि यदि केंद्र और राज्य सरकारें उत्पाद शुल्क और वैट में कटौती करती हैं तो उपभोक्ताओं को तत्काल राहत मिल सकती है। हालांकि, इससे सरकारी राजस्व पर असर पड़ने की संभावना है, इसलिए इस दिशा में निर्णय सावधानीपूर्वक लिया जाएगा। दूसरी ओर, भारत की तेल आयात पर उच्च निर्भरता के कारण अंतरराष्ट्रीय कीमतों पर नियंत्रण संभव नहीं है। ऐसे में वैश्विक बाजार में तेजी आने पर घरेलू कीमतों में भी वृद्धि की आशंका बनी रहती है। आम जनता पर सीधा असर ईंधन कीमतों में वृद्धि का प्रभाव केवल परिवहन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका असर खाद्य वस्तुओं और अन्य आवश्यक सामानों की कीमतों पर भी पड़ता है। इससे महंगाई बढ़ती है और आम नागरिकों का बजट प्रभावित होता है। आगे की राह विशेषज्ञों के अनुसार, घरेलू तेल उत्पादन में वृद्धि और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के उपयोग को बढ़ावा देने से भविष्य में कीमतों में स्थिरता लाई जा सकती है। सरकार की यह बैठक संकेत देती है कि ईंधन कीमतों के मुद्दे पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है, हालांकि तत्काल बड़ी राहत की संभावना सीमित नजर आ रही है।अब सभी की नजर सरकार की आगामी घोषणाओं पर टिकी है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि आम जनता को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कब और कितनी राहत मिलती है।

  • राजेश्वर भगवान जन्मोत्सव पर भक्ति का सागर, शिक्षा-संस्कार व सेवा का लिया संकल्प

    भारतार्थ खबर, बेंगलूरु | संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बेंगलूरु। श्री राजाराम आँजणा पटेल संघ, बेंगलूरु के तत्वावधान में कलबी-आँजणा समाज के आराध्य राजेश्वर भगवान की 144 वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में पैलेस मैदान स्थित प्रिंसेज श्राइन सभागार में दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति एवं सामाजिक एकता का परिचय दिया। जन्मोत्सव समारोह की शुरुआत प्रातःकाल मागड़ी रोड स्थित संत राजाराम महाराज मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं महाआरती से हुई। इसके पश्चात मुख्य समारोह प्रिंसेज श्राइन सभागार में आयोजित किया गया, जहां राजेश्वर भगवान के दरबार के समक्ष दीप एवं ज्योत प्रज्ज्वलित कर विधिवत कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर दर्शन किए और ज्योत दर्शन कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। संघ के अध्यक्ष दुर्गाराम पटेल ने अतिथियों एवं समाजबंधुओं का स्वागत किया। इस अवसर पर कर्नाटक राज्यपाल के ओएसडी शंकर गुर्जर, जय कर्नाटक संघ के प्रदेशाध्यक्ष जगदीश गौड़ा, इसरो के वैज्ञानिक मोहनराम मालवी तथा भाजपा प्रवासी संघ के अध्यक्ष रमेशकुमार पटेल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का संघ की ओर से साफा, माला एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने समाज की एकता, शिक्षा एवं संस्कारों को प्रगति का मूल आधार बताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से समाज ने निरंतर उन्नति करते हुए विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने राजेश्वर भगवान के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया। वक्ताओं ने युवाओं को उच्च शिक्षा के साथ प्रशासनिक क्षेत्र में भागीदारी के लिए प्रेरित करने तथा व्यवसाय में आधुनिक तकनीकों को अपनाकर आत्मनिर्भर बनने पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंतर्गत संघ की साधारण सभा भी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न चढ़ावों के लाभार्थियों को साफा, माला एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सचिव भीमाराम भुरिया ने वार्षिक कार्य प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि कोषाध्यक्ष मंगलाराम कोंदली ने आय-व्यय का ब्यौरा रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। उपाध्यक्ष कलाराम चौधरी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ सभा का समापन हुआ। इस अवसर पर संरक्षक छोगाराम आकोदिया, पूर्व अध्यक्ष नाथूराम पटेल सहित समाज के अनेक वरिष्ठ सदस्यों ने अतिथियों का सम्मान किया। आयोजन की समस्त व्यवस्थाओं में राजेश्वर सेवा मंडल एवं राजेश्वर महिला मंडल का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन सचिव भीमाराम द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया। सेवा भाव का उदाहरण: रक्तदान शिविर आयोजित जन्मोत्सव समारोह के दौरान सेवा कार्यों को भी विशेष महत्व दिया गया। इसी कड़ी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के युवाओं एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। इस पहल को समाज में सेवा और मानवता के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया गया। शिक्षा व सामाजिक सुधार का संदेश राजेश्वर भगवान ने समाज को अज्ञानता से ज्ञान की ओर अग्रसर करने के लिए शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने जाति, धर्म एवं रंग के भेदभाव को समाप्त करने, बाल विवाह और मृत्यु भोज जैसी कुरीतियों के उन्मूलन हेतु निरंतर प्रयास किए। साथ ही नशीली वस्तुओं से दूर रहने और आत्मनिर्भरता अपनाने का संदेश देकर एक सशक्त, संगठित एवं शोषणमुक्त समाज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया। समारोह में महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय, अनुशासित और प्रेरणादायी बना रहा।

  • मोदी जी ने नोएडा हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। क्या "हर दो मिनट में एक उड़ान" भारत के विकास मॉडल की नई पहचान है?

    जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से उत्तर भारत में कनेक्टिविटी को मिलेगा बड़ा boost, रोजगार और व्यापार को नई रफ्तार भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी ( Bhaarataarth.com ) नोएडा  | उत्तर प्रदेश के जेवर में बने Noida International Airport  का उद्घाटन केवल एक नए एयरपोर्ट की शुरुआत नहीं है, बल्कि यह भारत के बदलते आर्थिक और बुनियादी ढांचे की एक स्पष्ट तस्वीर भी प्रस्तुत करता है। उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री Narendra Modi का यह बयान कि “यहां हर दो मिनट में एक विमान उड़ान भरेगा”, देश की बढ़ती आकांक्षाओं और महत्वाकांक्षी योजनाओं का प्रतीक बन गया है। कार्यक्रम के दौरान एक दिलचस्प और प्रतीकात्मक क्षण भी देखने को मिला। प्रधानमंत्री ने मंच से कहा कि “अभी उद्घाटन नहीं हुआ है” और इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों से अपने मोबाइल फोन की टॉर्च जलाकर ऊपर दिखाने का आग्रह किया। हजारों लोगों ने एक साथ अपनी मोबाइल लाइट जलाकर आसमान की ओर उठाई, जिससे पूरा माहौल रोशनी से जगमगा उठा। इसके बाद प्रधानमंत्री ने “भारत माता की जय” के नारों के बीच घोषणा की कि अब उद्घाटन पूरा हो गया है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि “आप लोगों ने ही हमें शिलान्यास करने का अवसर दिया था, तभी से हमने तय कर लिया था कि इसका उद्घाटन भी जनता से ही करवाएंगे। आज मेरा वह सपना पूरा हुआ है।” यह क्षण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी के एक प्रतीक के रूप में उभरकर सामने आया। पिछले एक दशक में भारत ने जिस गति से इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण पर जोर दिया है, वह अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। हाईवे, रेलवे और अब एयरपोर्ट — हर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश और विस्तार ने भारत को एक नई दिशा दी है। ऐसे में जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन इस व्यापक रणनीति का अहम हिस्सा है। हालांकि, इस परियोजना की सफलता केवल उसके भव्य आकार या तकनीकी आधुनिकता से नहीं मापी जाएगी। असली कसौटी यह होगी कि यह एयरपोर्ट क्षेत्रीय विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को कितनी गति देता है। यदि यह परियोजना स्थानीय युवाओं के लिए अवसर पैदा करती है और व्यापार को बढ़ावा देती है, तभी इसे एक सफल मॉडल कहा जा सकेगा। यह भी ध्यान देने योग्य है कि भारत तेजी से वैश्विक एविएशन नेटवर्क में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। ऐसे में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विकास देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण ट्रांजिट हब के रूप में स्थापित कर सकता है। लेकिन इसके लिए संचालन क्षमता, सेवा गुणवत्ता और कनेक्टिविटी को लगातार बेहतर बनाए रखना होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे “नए भारत की नई उड़ान” बताया है। यह कथन केवल एक राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि एक दृष्टि भी है — ऐसी दृष्टि जिसमें भारत वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए अपने बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रहा है। फिर भी, हर बड़ी परियोजना की तरह इसके साथ चुनौतियां भी जुड़ी हैं। पर्यावरणीय प्रभाव, भूमि उपयोग, और स्थानीय समुदायों पर असर जैसे मुद्दों पर संतुलित दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक होगा। विकास और संवेदनशीलता के बीच संतुलन ही इस परियोजना की दीर्घकालिक सफलता तय करेगा।अंततः, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल एक एयरपोर्ट नहीं, बल्कि यह भारत की उस सोच का प्रतीक है जो तेजी से आगे बढ़ना चाहती है। अब देखना यह होगा कि “हर दो मिनट में उड़ान” का सपना जमीनी हकीकत में कितनी मजबूती से उतर पाता है।

  • कर्नाटक में औद्योगिक विकास को नई गति देने पर मंथन, एफकेसीसीआई प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री एम.बी. पाटिल से की मुलाकात

    भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बेंगलूरु। कर्नाटक में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने और निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ कर्नाटक चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफकेसीसीआई) के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के उद्योग मंत्री एम. बी. पाटिल से महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान उद्योगों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए राज्य के समग्र औद्योगिक विकास को गति देने पर जोर दिया गया। बैठक में बेंगलूरु के एफकेसीसीआई निदेशक,अंतरराज्यीय चैंबर समन्वय समिति चेयरमैन पहाड़ सिंह राजपुरोहित, आईटी एवं बीटी कमेटी के निदेशक किरण हसन तथा राज्य कांग्रेस नेता प्रसाद गौड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग जगत की वर्तमान चुनौतियों, निवेश संभावनाओं और नीति सुधारों को लेकर मंत्री के समक्ष अपने सुझाव प्रस्तुत किए। इस अवसर पर चर्चा के दौरान औद्योगिक बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण, स्टार्टअप्स और आईटी-बीटी सेक्टर को प्रोत्साहन, तथा छोटे एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से उद्योगों के लिए सरल नीतियां, बेहतर कनेक्टिविटी और निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की मांग रखी। मंत्री एम. बी. पाटिल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उद्योगों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और निवेश को आकर्षित करने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक को देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों में बनाए रखने के लिए सरकार और उद्योग जगत के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। बैठक को सकारात्मक और सार्थक बताते हुए एफकेसीसीआई प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि इस संवाद से कर्नाटक में उद्योग और रोजगार के नए अवसरों का सृजन होगा, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

  • नेपाल में सत्ता परिवर्तन के 24 घंटे में बड़ा एक्शन: पूर्व पीएम ओली गिरफ्तार, देश में सियासी भूचाल

    छात्र आंदोलन में मौतों के मामले में नई सरकार की सख्ती, पूर्व गृहमंत्री भी हिरासत में भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) काठमांडू। नेपाल की राजनीति में अभूतपूर्व घटनाक्रम सामने आया है। नई सरकार के गठन के महज 24 घंटे के भीतर ही बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई प्रधानमंत्री बालेन शाह के नेतृत्व में बनी नई सरकार के निर्देश पर की गई है, जिससे पूरे देश में हड़कंप मच गया है। सरकार के इस कदम को हाल के छात्र आंदोलन के दौरान हुई मौतों से जुड़े गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। इसी मामले में पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक को भी हिरासत में लिया गया है। छात्र आंदोलन बना कार्रवाई का आधार जानकारी के अनुसार, हाल ही में नेपाल में हुए जेन-जी छात्र प्रदर्शन के दौरान हिंसक झड़पों में कई निहत्थे छात्रों की मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया था। मामले की जांच के लिए गठित आयोग की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि प्रदर्शन के दौरान गोलीबारी हुई थी, जिसके लिए उच्च स्तर पर लिए गए निर्णयों को जिम्मेदार ठहराया गया। रिपोर्ट सामने आते ही नई सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित नेताओं के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। सूत्रों के मुताबिक, सबसे पहले तड़के पूर्व गृहमंत्री को हिरासत में लिया गया, जिसके कुछ ही समय बाद पूर्व प्रधानमंत्री ओली को भी गिरफ्तार कर लिया गया। कैबिनेट की पहली बैठक में बड़ा फैसला प्रधानमंत्री बालेन शाह की अध्यक्षता में हुई पहली ही कैबिनेट बैठक में इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि छात्र मौतों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ बिना किसी देरी के कार्रवाई की जाएगी, चाहे वे कितने ही बड़े पद पर क्यों न रहे हों। सरकार के इस सख्त रुख को पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों पर भी उठे सवाल जांच रिपोर्ट में केवल राजनीतिक नेतृत्व ही नहीं, बल्कि नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और सेना के कुछ अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। हालांकि अभी तक सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों पर सीधी कार्रवाई नहीं हुई है, लेकिन सरकार ने पूरे मामले की गहराई से जांच के लिए एक नई उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया है। देश में सियासी हलचल तेज पूर्व प्रधानमंत्री की गिरफ्तारी के बाद नेपाल की राजनीति में उथल-पुथल तेज हो गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों ने इस कार्रवाई पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं। जहां कुछ दल इसे न्याय की दिशा में बड़ा कदम बता रहे हैं, वहीं विपक्ष इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दे रहा है। नेपाल में सत्ता परिवर्तन के तुरंत बाद इतनी बड़ी कार्रवाई ने यह संकेत दे दिया है कि नई सरकार कठोर फैसले लेने से पीछे नहीं हटेगी। आने वाले दिनों में इस मामले की जांच और इसके राजनीतिक प्रभाव पर पूरे दक्षिण एशिया की नजर बनी

bottom of page