रामनवमी पर शिकारपुरा धाम में उमड़ा आस्था का सागर, गुरु भक्ति व राष्ट्र निर्माण का गूंजा संदेश
- धन्ना राम चौधरी

- 27 मार्च
- 2 मिनट पठन
अपडेट करने की तारीख: 18 अप्रैल

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)
शिकारपुरा तीर्थधाम, 27 मार्च। रामनवमी के पावन अवसर पर राजस्थान स्थित पावन तीर्थ धाम शिकारपुरा में गुरु महाराज श्री श्री 1008 श्री राजाराम जी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य आध्यात्मिक समारोह आस्था, संस्कृति और सामाजिक चेतना का विराट संगम बन गया। 26 मार्च 2026 को आयोजित इस दिव्य आयोजन में देशभर से लाखों श्रद्धालु, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए, जिससे पूरा धाम भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
इस अवसर पर राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शिकारपुरा धाम पधारे। उन्होंने तपोभूमि पर श्री राजेश्वर भगवान की समाधि के दर्शन कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और पावन धरा को नमन किया। मुख्यमंत्री ने वर्तमान गादीपति परम पूज्य महंत श्री श्री 108 दयाराम जी महाराज के सान्निध्य में आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने महंतश्री के नशामुक्ति अभियान, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा प्रसार एवं समाज सुधार के कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि यह धाम केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, शिक्षा और सामाजिक परिवर्तन का प्रेरणास्थल है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकरभाई चौधरी ने महंत दयाराम जी महाराज के नेतृत्व में चल रहे नशामुक्त समाज अभियान, मृत्युभोज जैसी कुरीतियों के उन्मूलन और सामाजिक समरसता के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने वर्ष 2007 के एक ऐतिहासिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि श्री राजेश्वर भगवान के आशीर्वाद से नरेंद्र मोदी को उच्च राष्ट्रीय नेतृत्व के लिए आशीर्वचन प्राप्त हुए थे। इस प्रसंग से जुड़ा वीडियो भी समारोह में प्रदर्शित किया गया, जिसने श्रद्धालुओं में विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। रामनवमी के इस पावन अवसर पर शिकारपुरा धाम से संपूर्ण राष्ट्र को भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में व्यसनमुक्त, संस्कारित, संगठित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का आह्वान किया गया, जो अब देश-विदेश तक प्रसारित हो रहा है।

इस भव्य आयोजन में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल राठौड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही जोगाराम पटेल, जोराराम कुमावत, लुम्बाराम चौधरी, पी.पी. चौधरी, अमराराम चौधरी, पुराराम चौधरी समेत विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। समारोह के अंत में सभी श्रद्धालुओं के लिए मंगलकामना करते हुए गुरु महाराज श्री राजेश्वर भगवान एवं श्री ठाकुर जी महाराज की असीम कृपा की कामना की गई। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणा का एक सशक्त मंच भी सिद्ध हुआ।
_edited.jpg)



टिप्पणियां