आईएएस प्रतिभा खोज परीक्षा 2026: ऑजणा समाज महासभा ने मांगे आवेदन, 10 प्रतिभाशाली युवाओं को मिलेगी छात्रवृत्ति
- धन्ना राम चौधरी

- 27 मार्च
- 2 मिनट पठन
अपडेट करने की तारीख: 18 अप्रैल

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)
आबू पर्वत, 26 मार्च। अखिल भारतीय ऑजणा समाज महासभा, आबू पर्वत (राजस्थान) के तत्वावधान में कलबी, पटेल, ऑजणा एवं चौधरी समाज के स्नातक युवाओं के लिए षष्ठम आईएएस प्रतिभा खोज छात्रवृत्ति परीक्षा 2026 का आयोजन किया जा रहा है। महासभा ने इस परीक्षा हेतु ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी 10 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
महासभा के महामंत्री एम.डी. चौधरी (सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी) द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार परीक्षा का उद्देश्य समाज के प्रतिभाशाली युवाओं को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं के लिए प्रोत्साहित करना एवं उन्हें आर्थिक एवं शैक्षणिक सहयोग प्रदान करना है।
परीक्षा का आयोजन संभावित रूप से 31 मई 2026 को अहमदाबाद (गुजरात) और जोधपुर (राजस्थान) में किया जाएगा। परीक्षा का स्वरूप संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के समरूप रहेगा। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को आगे साक्षात्कार प्रक्रिया से गुजरना होगा।
पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया
इस परीक्षा में केवल पटेल, कलबी, ऑजणा एवं चौधरी समाज के अभ्यर्थी ही भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थी का न्यूनतम स्नातक तृतीय वर्ष उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आवेदन ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किए जा सकते हैं। आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को ईमेल आईडी देना अनिवार्य होगा, क्योंकि प्रवेश पत्र केवल वेबसाइट के माध्यम से जारी किए जाएंगे।
छात्रवृत्ति एवं सुविधाएं
इस परीक्षा के माध्यम से कुल 10 अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें छात्रवृत्ति प्रदान करने का प्रस्ताव है। चयनित अभ्यर्थियों को दिल्ली स्थित कलबी भवन में रहने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा सकती है। साथ ही उन्हें अपनी पसंद के कोचिंग संस्थान में अध्ययन करने की स्वतंत्रता होगी।
महासभा द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को अधिकतम 3 वर्षों तक सहायता प्रदान की जाएगी, जो उनके प्रदर्शन और प्रगति रिपोर्ट के आधार पर जारी रहेगी। अनुशासनहीनता या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में यह सुविधा समाप्त की जा सकती है।
महत्वपूर्ण निर्देश
परीक्षा में ओएमआर शीट पर केवल काले बॉल पेन का उपयोग करना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की अनुमति नहीं होगी। साथ ही परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को अपने मूल दस्तावेज साथ लाना होगा।
मार्गदर्शन एवं संपर्क
अभ्यर्थी आवेदन या अन्य जानकारी के लिए कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच निर्धारित संपर्क नंबरों 7568191816, 9414208862 एवं 9925032330 पर संपर्क कर सकते हैं। महासभा ने समाज के सभी पात्र युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और समय सीमा से पूर्व आवेदन करने की अपील की है।
_edited.jpg)



टिप्पणियां