अहमदाबाद में माँ सच्चियाय की भव्य शोभायात्रा व भजन संध्या, हजारों श्रद्धालु भक्ति में हुए मग्न
- धन्ना राम चौधरी

- 27 मार्च
- 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)
अहमदाबाद। नगर के राजराजेश्वरी सच्चियाय माता ट्रस्ट एवं भक्त मंडल के तत्वावधान में 25 मार्च 2026, बुधवार (चैत्र सुदी सप्तमी) को आयोजित “माँ सच्चियाय माता के नाम भव्य भक्ति की एक शाम” कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस भव्य आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
ट्रस्ट अध्यक्ष जगदीश चौपड़ा के अनुसार, कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 4 बजे शाहीबाग स्थित मोनालिसा अपार्टमेंट से भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा के लाभार्थी चिरंजीलाल, नरपतलाल, गौतमचंद, रमेशचंद, रोशनलाल, राकेश कुमार, देवेंद्र कुमार, दीपक कुमार एवं आगम कंकु चौपड़ा परिवार (पचपदरा–अहमदाबाद–सूरत) रहे। विशेष रजत रथ में विराजित माँ सच्चियाय की आकर्षक सजीव छवि तथा 51 ध्वजाओं ने शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ाया।

अहमदाबाद की महापौर प्रतिभा जैन ने शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और बैंड की मधुर ध्वनियों के साथ नृत्य करते हुए जयकारों के बीच सरदार पटेल स्मारक (राज भवन) एवं सर्किट हाउस मार्ग से होते हुए शाहीबाग स्थित भक्ति हॉल पहुंचे। इस दौरान सूरत से आए भजन गायक मनीष जैन और शैलेश पटवारी ने अपनी प्रस्तुतियों से भक्तों को भाव-विभोर कर दिया।
भक्ति हॉल में माताजी का भव्य स्वागत पुष्पवर्षा, अक्षत बधावना एवं जयकारों के साथ किया गया तथा विधि-विधान से पूजन-अर्चना कर स्थापना की गई। सायं 7:30 बजे से महाभक्ति संध्या का शुभारंभ हुआ। पूज्य बासा श्री अमरचंदजी राठौड़ (मलाड़, मुंबई) के निर्देशानुसार माताजी को 56 भोग अर्पित किए गए। महिला भक्त मंडल ने संगीतमय प्रस्तुति से कार्यक्रम की शुरुआत को और भी मंगलमय बना दिया।

कार्यक्रम में जिज्ञासा पिच्छा द्वारा नमस्कार महामंत्र प्रस्तुत किया गया, वहीं बाड़मेर से आए संगीतरत्न गौरव मालू ने भावपूर्ण गणेश वंदना प्रस्तुत कर माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। इसके पश्चात जोधपुर के 10 वर्षीय बाल कलाकार कृषिव बागरेचा ने अपनी जोशीली भजन प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं उदयपुर की प्रसिद्ध गायिका केमिता राठौड़ ने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति से पूरे पंडाल को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी मांगीलालजी सुमेरमलजी कंकु चौपड़ा परिवार का ट्रस्ट द्वारा तिलक, माला, साफा, चूंदड़ी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। रात्रि लगभग 11:30 बजे माताजी की चूंदड़ी कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने नृत्य करते हुए भाग लिया। इसके पश्चात 108 दीपकों से महाआरती उतारी गई, जिससे पूरा वातावरण दिव्यता से आलोकित हो उठा।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में राजराजेश्वरी सच्चियाय माता ट्रस्ट, भक्त मंडल, महिला मंडल एवं लाभार्थी कंकु चौपड़ा हिराणी परिवार सहित सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उल्लेखनीय है कि ट्रस्ट द्वारा तेरापंथ भवन, शाहीबाग के समीप माँ सच्चियाय माताजी के भव्य मंदिर निर्माण हेतु भूमि क्रय की जा चुकी है तथा शीघ्र ही मंदिर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह सिद्ध कर दिया कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भक्ति, एकता और संस्कृति का जीवंत उत्सव बन चुका है। संपूर्ण कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन सिवाना निवासी मुकेश आर. चौपड़ा (अहमदाबाद) ने किया। आयोजन में सभी संगीतकारों का ट्रस्ट द्वारा सम्मान भी किया गया। (प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर)
_edited.jpg)



टिप्पणियां