top of page

 भारतार्थ खबर, नहीं उसका अर्थ

21अक्टूबर /2026 /बुधवार

बेंगलुरु, 20 अक्टूबर 2026। बेंगलुरु में आयोजित 48वें दशहरा महोत्सव में राज्यसभा सांसद लहर सिंह सिरोया ने मां दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। सिद्धार्थ सांस्कृतिक समिति एवं राजेंद्र बाबू मेमोरियल ट्रस्ट ‘बिहार भवन’ के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में सांसद की उपस्थिति रही। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मां भगवती की चुनड़ी ओढ़ाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

भारतार्थ लोगो: खबर नहीं, उसका अर्थ - राजनीतिक समाचार विश्लेषण

बेंगलुरु, 20 अक्टूबर 2026। बेंगलुरु में आयोजित 48वें दशहरा महोत्सव में राज्यसभा सांसद लहर सिंह सिरोया ने मां दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। सिद्धार्थ सांस्कृतिक समिति एवं राजेंद्र बाबू मेमोरियल ट्रस्ट ‘बिहार भवन’ के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में सांसद की उपस्थिति रही। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मां भगवती की चुनड़ी ओढ़ाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

WhatsApp Video 2026-10-04 at 8.50.36 PM.mp4

इस साइट पर खोजें

1908किसी भी खाली खोज के साथ परिणाम मिले

  • येलाहांका में ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़, तीन विदेशी नागरिक गिरफ्तार

    भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बेंगलूरु। सिलिकॉन सिटी बेंगलूरु में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। येलाहांका न्यू टाउन पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य के प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद 26 मार्च 2026 को येलाहांका न्यू टाउन थाना क्षेत्र के इसरो लेआउट, हारोहल्ली और गंटिगनाहल्ली मुख्य सड़क सहित विभिन्न स्थानों पर समन्वित छापेमारी की गई। इस दौरान सैमुअल इकेन्ना नामक आरोपी को संदिग्ध परिस्थितियों में ड्रग्स की बिक्री करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से लगभग 2 किलोग्राम एमडीएमए बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। पूछताछ में सैमुअल ने अपने अन्य साथियों और एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस ने अनेकल के समीप कृष्णानादोड्डी गांव स्थित एक घर पर दबिश दी, जहां से पीस गोदिया और बकुला ओमाटोया नामक दो अन्य विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। यहां से पुलिस ने 5.860 किलोग्राम मेथम्फेटामाइन बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी मेडिकल वीजा के माध्यम से भारत आए थे, लेकिन उन्होंने अपने प्रवास का दुरुपयोग करते हुए बेंगलूरु में सिंथेटिक ड्रग्स का नेटवर्क खड़ा कर लिया। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह शहर के विभिन्न हिस्सों में नशीले पदार्थों की आपूर्ति करता था और इसके तार अन्य राज्यों या अंतरराष्ट्रीय स्तर तक जुड़े हो सकते हैं। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क के स्थानीय संपर्कों, सप्लाई चेन और फंडिंग स्रोतों की गहन पड़ताल कर रही हैं। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह के पीछे कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट तो सक्रिय नहीं है। गौरतलब है कि बेंगलूरु पुलिस पिछले कुछ समय से मादक पदार्थों के खिलाफ आक्रामक अभियान चला रही है। हाल ही में हेब्बागोडी, येलाहांका उपनगर, माइको लेआउट, परप्पना अग्रहारा, बागुलूर और बनासवाड़ी समेत कई क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इन अभियानों के दौरान कुल 27.42 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए थे, जिनमें 12.91 किलोग्राम एमडीएमए, 275 ग्राम कोकीन और 34 किलोग्राम गांजा शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोविकृत पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

  • गोविंदराज नगर में हर्षोल्लास से मनाया गया अंबेडकर जयंती समारोह

    भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बेंगलूरु। गोविंदराज नगर में भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन भारत रत्न डॉक्टर बी.आर. अंबेडकर दलित हित्तरक्षण समिति द्वारा किया गया, जिसमें समाज के अनेक गणमान्य लोग एवं क्षेत्रीय नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। समारोह के मुख्य अतिथि महेंद्र मुणोत ने बाबासाहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान ने ही देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमें अपने संविधान पर गर्व होना चाहिए और उसका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बाबासाहेब के सामाजिक न्याय, शिक्षा और समानता के विचारों को आज भी प्रासंगिक बताते हुए उन्हें अपनाने का आह्वान किया। समिति के सदस्यों ने मुख्य अतिथि महेंद्र मुणोत का शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने बाबासाहेब के आदर्शों पर चलने और समाज में समरसता एवं समानता स्थापित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

  • जयपुर में हाईकोर्ट की सख्ती: 2200 करोड़ की जमीन मुक्त, विरोध में पथराव

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) जयपुर। राजधानी जयपुर में गुरुवार को एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के तहत विवादित जमीन से अवैध कब्जे हटाने का अभियान चलाया गया। हाईकोर्ट के आदेश के बाद आवासन मंडल की टीम ने बी-टू बायपास चौराहा स्थित श्रीराम कॉलोनी की बहुमूल्य जमीन को अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान विरोध और तनाव की स्थिति भी बनी, यहां तक कि कुछ स्थानों पर पथराव की घटनाएं भी सामने आईं। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई लंबे समय से चल रहे कानूनी विवाद के बाद अमल में लाई गई। संबंधित जमीन पर सोसायटी द्वारा किए गए पट्टों को हाईकोर्ट ने अवैध घोषित करते हुए निरस्त कर दिया था, जिसके बाद आवासन मंडल को कब्जा हटाने की अनुमति मिल गई। करीब 42 बीघा 10 बिस्वा क्षेत्रफल में फैली इस जमीन की बाजार कीमत 2200 करोड़ रुपए से अधिक आंकी जा रही है। इस लिहाज से यह कार्रवाई न केवल प्रशासनिक दृष्टि से अहम है, बल्कि आर्थिक रूप से भी अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जैसे ही आवासन मंडल की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची, इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और कब्जाधारियों ने विरोध जताया। स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई और पथराव की घटनाएं भी हुईं। हालांकि, प्रशासन ने संयम और सख्ती के साथ हालात पर काबू पाया और अभियान को जारी रखा। अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई के लिए पहले से व्यापक रणनीति तैयार की गई थी, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। पर्याप्त पुलिस बल और प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया गया। इस कार्रवाई के बाद शहर में चर्चा तेज हो गई है कि अवैध कब्जों के खिलाफ अब इसी तरह की सख्त कार्रवाई अन्य क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम शहरी जमीनों पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ एक मजबूत संदेश है। फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम ने कई प्रभावशाली लोगों और कब्जाधारियों को बड़ा झटका दिया है, जबकि प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि न्यायालय के आदेशों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा।

  • बंगाल में तबादलों पर सुप्रीम रोक नहीं, ममता सरकार को झटका

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) नई दिल्ली/कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच राज्य सरकार को उस समय बड़ा कानूनी झटका लगा, जब सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग द्वारा किए गए बड़े पैमाने पर प्रशासनिक तबादलों में हस्तक्षेप से साफ इनकार कर दिया। ममता बनर्जी सरकार की ओर से दायर याचिका को शीर्ष अदालत ने प्रारंभिक सुनवाई में ही खारिज कर दिया, जिससे राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है। तीन जजों की विशेष पीठ, जिसमें मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल पंचोली शामिल थे, ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान अधिकारियों के तबादले चुनाव आयोग के अधिकार क्षेत्र में आते हैं और यह एक स्थापित संवैधानिक प्रक्रिया है। चुनाव आयोग की कार्रवाई को मिली न्यायिक मजबूती अदालत ने अपने फैसले में कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रशासनिक फेरबदल करना आयोग का वैधानिक अधिकार है, जिसमें न्यायालय का हस्तक्षेप अत्यंत सीमित है। कोर्ट ने यह भी संकेत दिया कि ऐसी याचिकाओं में ठोस संवैधानिक आधार होना आवश्यक है, जो इस मामले में नहीं पाया गया। गौरतलब है कि चुनाव कार्यक्रम लागू होने के बाद आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव, गृह सचिव और डीजीपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया था। इस कदम को राज्य सरकार ने ‘अलोकतांत्रिक’ और ‘पक्षपाती’ बताते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। सियासत गरम, आरोप-प्रत्यारोप तेज याचिका खारिज होते ही राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने इसे “संविधान और संस्थाओं की जीत” करार दिया, वहीं ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार के लिए यह फैसला बड़ा झटका माना जा रहा है। अन्य राज्यों के लिए भी नजीर कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला केवल पश्चिम बंगाल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य में अन्य राज्यों के लिए भी एक महत्वपूर्ण मिसाल बनेगा। अदालत के रुख से स्पष्ट है कि चुनाव के दौरान प्रशासनिक नियंत्रण के मामलों में आयोग की स्वायत्तता सर्वोपरि रहेगी। अब आगे क्या? सुप्रीम कोर्ट के इनकार के बाद चुनाव आयोग द्वारा की गई नई नियुक्तियां यथावत रहेंगी। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने और आदर्श आचार संहिता हटने तक इन तबादलों को चुनौती देना राज्य सरकार के लिए बेहद कठिन माना जा रहा है। संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत चुनाव आयोग को चुनाव के अधीक्षण, निर्देशन और नियंत्रण की व्यापक शक्तियां प्राप्त हैं। शीर्ष अदालत के इस फैसले ने एक बार फिर इन शक्तियों की पुष्टि करते हुए चुनावी प्रक्रिया में निष्पक्षता की प्राथमिकता को रेखांकित किया है।

  • चतरा में मंदिर दीवार विवाद से तनाव, बाजार बंद

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी ( Bhaarataarth.com हंटरगंज (चतरा)। झारखंड जिले के वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दंतार गांव में गुरुवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब असामाजिक तत्वों द्वारा पंचमुखी हनुमान मंदिर की दीवार पर आपत्तिजनक शब्द लिखे जाने की घटना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने दंतार गांव के तिरमुहानी चौक पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया तथा स्वतःस्फूर्त रूप से पूरे बाजार को बंद करा दिया। सैकड़ों की संख्या में लोग मंदिर परिसर और मुख्य चौक पर जुट गए और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वशिष्ठ नगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अंचल अधिकारी रितिक कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की। घटना की सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत कराया गया। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल और डीएसपी से फोन पर संपर्क कर त्वरित कार्रवाई की मांग की। प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा स्थानीय स्तर पर मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है। साथ ही, लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की गई है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर अडिग हैं, जिससे प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।

  • लखनऊ में सिलेंडर ब्लास्ट से भीषण आग, सैकड़ों परिवार बेघर

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) लखनऊ। राजधानी लखनऊ के विकास नगर क्षेत्र में बुधवार शाम एक भयावह अग्निकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। सीतापुर बाईपास के समीप स्थित मजदूरों की बस्ती में लगी मामूली आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। बस्ती में रखे 100 से अधिक गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक हुए धमाकों से पूरा आसमान लाल हो उठा और लपटें करीब 30 फीट ऊंचाई तक पहुंच गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 4 बजे एक झोपड़ी में लगी छोटी सी चिंगारी ने कुछ ही मिनटों में सैकड़ों झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। झुग्गियों में रखे घरेलू सामान, कपड़े और ज्वलनशील वस्तुओं ने आग को और भड़काने का काम किया। सिलेंडरों के लगातार विस्फोट से आसपास की कॉलोनियों में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए। हालात इतने भयावह थे कि स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर करीब 50 सिलेंडरों को बाहर निकालकर पास के नाले में फेंक दिया, जिससे संभावित बड़े हादसे को टाला जा सका। हालांकि, तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी और धुएं का काला गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। घटना के दौरान अपनों को बचाने की कोशिश में जुटे लोगों और पुलिस के बीच तीखी झड़प भी हुई। सुरक्षा कारणों से पुलिस द्वारा बस्ती में प्रवेश रोकने पर आक्रोशित भीड़ ने पथराव कर दिया, जिसमें पुलिसकर्मियों और सिविल डिफेंस के जवानों सहित 8 से 10 लोग घायल हो गए। दमकल विभाग के लिए यह अभियान किसी युद्ध से कम नहीं था। बार-बार हो रहे सिलेंडर ब्लास्ट के बीच आग बुझाना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया था। दर्जनों दमकल गाड़ियों और करीब 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया जा सका। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग पास के पक्के मकानों तक फैलने से रोक ली गई, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई। इस भीषण अग्निकांड में भारी नुकसान हुआ है। सैकड़ों झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं और कई परिवार बेघर हो गए। राहत की बात यह रही कि किसी मानव हानि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन करीब 50 से अधिक मवेशियों की जलकर मौत हो गई। फिलहाल प्रशासन ने राहत और पुनर्वास कार्य शुरू कर दिया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों को अस्थायी आश्रय और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

  • नोएडा हिंसा: 13 मुकदमे, 62 गिरफ्तारियां; साजिश में विदेशी कनेक्शन के संकेत

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) नोएडा। तीन दिनों तक चले उग्र प्रदर्शन और हिंसा के बाद नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में हालात अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। फेस-2 के सेक्टर 63, 57 समेत कई औद्योगिक इलाकों में फैक्ट्रियां फिर से खुल गई हैं और श्रमिक अपने काम पर लौटने लगे हैं। हालांकि स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती जारी है और संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी की जा रही है। पुलिस जांच में इस हिंसा को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के अनुसार, हिंसा के दौरान 13 मुकदमे दर्ज किए गए हैं और अब तक 62 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। खास बात यह है कि गिरफ्तार किए गए अधिकांश लोग श्रमिक नहीं हैं, बल्कि बाहरी तत्व बताए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि हिंसा में शामिल असली मजदूरों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। जांच के दौरान सोशल मीडिया की भूमिका सबसे अहम पाई गई है। पुलिस के मुताबिक, महज तीन दिनों में 80 से अधिक व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए, जिनका उद्देश्य मजदूरों को भड़काना और भीड़ जुटाना था। इनमें से लगभग 50 ग्रुप की जानकारी पुलिस के पास है, जबकि 17 ग्रुप का सत्यापन किया जा चुका है। इन ग्रुप्स में मजदूरों की समस्याओं से ज्यादा उकसावे और हिंसा से जुड़े संदेश साझा किए जा रहे थे। पुलिस ने यह भी दावा किया है कि हिंसा को भड़काने में विदेशी कनेक्शन सामने आया है। 13 तारीख को दो सोशल मीडिया हैंडल के जरिए भ्रामक जानकारी फैलाई गई, जिन्हें पाकिस्तान से संचालित बताया जा रहा है। इन हैंडल्स के माध्यम से क्यूआर कोड के जरिए लोगों को जोड़ा गया और उन्हें भड़काने की कोशिश की गई। जांच में तीन संगठनों की भूमिका भी सामने आई है, जिन पर मजदूरों को उकसाने का आरोप है। इनमें एक संगठन के प्रमुख रूपेश राय को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 18 अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, इन संगठनों के तार हरियाणा के मानेसर में हुई पूर्व औद्योगिक हिंसा से भी जुड़े पाए गए हैं, जिससे संकेत मिलता है कि यह नेटवर्क विभिन्न राज्यों में सक्रिय हो सकता है। घटना के बाद पुलिस ने फेस-2, सेक्टर 63, सेक्टर 57 और ईकोटेक-3 जैसे क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। ड्रोन और सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है, वहीं फ्लैग मार्च के जरिए लोगों में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। पूरे घटनाक्रम ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या यह आंदोलन वास्तव में मजदूरों की स्वाभाविक प्रतिक्रिया था या फिर इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश काम कर रही थी। जिस तरह से अचानक बड़ी संख्या में सोशल मीडिया ग्रुप बनाए गए, भड़काऊ संदेश फैलाए गए और विभिन्न स्थानों पर एक साथ हिंसा हुई, उसने इस मामले को महज विरोध प्रदर्शन से कहीं अधिक गंभीर बना दिया है। फिलहाल नोएडा में शांति बहाल है, लेकिन पुलिस और प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहे हैं। अधिकारियों ने साफ किया है कि भविष्य में माहौल बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

  • यात्री हितों को लेकर रेल महाप्रबंधक से सार्थक संवाद

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) हुबली। दक्षिण पश्चिम रेलवे के मुख्यालय में आज यात्री सुविधाओं और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर यात्री हितार्थ संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक पी. अनंत से शिष्टाचार भेंट की। लगभग एक घंटे तक चली इस बैठक में रेल यात्रियों की समस्याओं, सुविधाओं के विस्तार और सेवाओं के सुधार पर गंभीरता से चर्चा हुई। समिति के संयोजक सुभाष सिंह जमादार एवं उत्तम ओ. साठिया ने विभिन्न मुद्दों को सुव्यवस्थित और प्रभावशाली ढंग से महाप्रबंधक के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने विशेष रूप से राजस्थानी समाज के यात्रियों को हो रही कठिनाइयों, ट्रेन संचालन, ठहराव, आरक्षण तथा बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक के दौरान महाप्रबंधक पी. अनंत ने विषयों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर संवाद किया और आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने आश्वासन दिया कि यात्रियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई होगी। इस अवसर पर दुदाराम चौधरी, पर्वत सिंह खींची, सतीश माली, अमृत भाई जैन, बाबूलाल सिरवी, बाबूलाल जैन, महेंद्र पालगोता, धर्मेन्द्र माली, त्रिवेंद्रम खत्री, ईश्वर शर्मा एवं अभिषेक मेहता सहित अन्य गणमान्य समिति के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने बैठक को सफल और परिणामदायी बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। बैठक का माहौल सकारात्मक और समाधान केंद्रित रहा, जिससे यह उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। समिति ने महाप्रबंधक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के संवाद से रेलवे प्रशासन और यात्रियों के बीच समन्वय मजबूत होता है तथा जनहित के कार्यों को गति मिलती है।

  • राज्यसभा उपसभापति चुनाव कल, हरिवंश पर एनडीए का दांव

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) नई दिल्ली, 16 अप्रैल। राज्यसभा के उपसभापति पद के लिए 17 अप्रैल को होने वाला चुनाव सियासी हलकों में खासा चर्चित हो गया है। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने एक बार फिर मौजूदा उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह पर भरोसा जताते हुए उन्हें पुनः इस पद पर आसीन कराने की तैयारी तेज कर दी है। गौरतलब है कि हरिवंश का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो गया था, जिसके बाद यह पद रिक्त हो गया। राज्यसभा के नियम 7 के तहत अब 17 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही के दौरान रिपोर्ट प्रस्तुत होने के तुरंत बाद चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। एनडीए ने साधा समर्थन का गणित सूत्रों के अनुसार, एनडीए ने हरिवंश के समर्थन में व्यापक सहमति बनाने के लिए सक्रिय प्रयास शुरू कर दिए हैं। हाल ही में उन्हें पुनः राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया था और उन्होंने 10 अप्रैल 2026 को शपथ भी ले ली। राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा विभिन्न दलों से संपर्क साधकर समर्थन जुटाने में जुटे हुए हैं। यदि हरिवंश दोबारा निर्वाचित होते हैं, तो वे इस पद पर लगातार कार्यकाल पाने वाले चुनिंदा नेताओं में शामिल होंगे। विपक्ष ने उठाए सवाल, चुनाव रोचक होने के आसार इस बीच विपक्ष ने एनडीए की रणनीति पर सवाल उठाते हुए इसे ‘जल्दबाजी’ करार दिया है। कांग्रेस के राज्यसभा मुख्य सचेतक जयराम रमेश ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार लोकसभा में डिप्टी स्पीकर का पद वर्षों से खाली रखे हुए है, जबकि राज्यसभा में उपसभापति के चुनाव को लेकर जल्दबाजी दिखा रही है। विपक्षी दलों के बीच इस बात पर मंथन जारी है कि वे संयुक्त उम्मीदवार उतारें या नहीं। कई दलों का मानना है कि इतना महत्वपूर्ण संवैधानिक पद निर्विरोध नहीं जाना चाहिए, जिससे चुनाव मुकाबले में बदल सकता है। परिणाम पर नजरें, ताकत का होगा इम्तिहान राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यदि हरिवंश निर्विरोध निर्वाचित होते हैं तो यह राज्यसभा में एनडीए की मजबूत स्थिति का संकेत होगा। वहीं विपक्ष यदि उम्मीदवार उतारता है तो यह चुनाव शक्ति परीक्षण में बदल सकता है। 17 अप्रैल 2026 को होने वाला यह चुनाव न केवल संसदीय परंपराओं की कसौटी होगा, बल्कि सत्ता और विपक्ष के बीच राजनीतिक संतुलन की तस्वीर भी साफ करेगा।

  • कर्नाटक में महिलाओं को मासिक धर्म अवकाश अनिवार्य

    भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बेंगलुरु, 16 अप्रैल। कर्नाटक हाई कोर्ट ने महिलाओं के मासिक धर्म स्वास्थ्य को लेकर एक ऐतिहासिक और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि “मेनस्ट्रुअल लीव” नीति को सख्ती और ईमानदारी से लागू किया जाए। अदालत ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक प्रशासनिक पहल नहीं, बल्कि महिलाओं के जीवन और गरिमा से जुड़ा संवैधानिक अधिकार है। न्यायमूर्ति एम. नागप्रसन्ना की पीठ ने अपने आदेश में कहा कि मासिक धर्म स्वास्थ्य सीधे तौर पर भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 (जीवन का अधिकार) से जुड़ा हुआ है। ऐसे में राज्य सरकार की जिम्मेदारी है कि दिसंबर 2025 से लागू इस नीति का लाभ हर पात्र महिला तक पहुंचे और यह केवल कागजी घोषणा बनकर न रह जाए। हर महीने एक दिन का सवेतन अवकाश अदालत द्वारा लागू इस नीति के तहत राज्य के सभी पंजीकृत संस्थानों में 18 से 52 वर्ष आयु वर्ग की महिला कर्मचारियों को प्रत्येक माह एक दिन का सवेतन अवकाश देना अनिवार्य किया गया है। इस प्रकार वर्षभर में अधिकतम 12 दिन का विशेष अवकाश महिलाओं को मिलेगा। यह व्यवस्था तब तक प्रभावी रहेगी, जब तक प्रस्तावित “कर्नाटक मेंस्ट्रुअल लीव एंड हाइजीन बिल” विधिवत पारित नहीं हो जाता। असंगठित क्षेत्र पर विशेष जोर कोर्ट ने अपने 82 पन्नों के विस्तृत आदेश में विशेष रूप से असंगठित क्षेत्र—जैसे होटल, दुकानें, छोटे प्रतिष्ठान—में काम करने वाली महिलाओं की स्थिति पर चिंता जताई। अदालत ने कहा कि इन क्षेत्रों में अक्सर श्रमिक महिलाओं को अपने स्वास्थ्य से समझौता कर काम करना पड़ता है, जो उनके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है। प्रशासनिक कठिनाइयों का हवाला देकर इस जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता। समानता के तर्क को किया खारिज इस नीति के खिलाफ उठ रहे अनुच्छेद 14 (समानता के अधिकार) के तर्कों को अदालत ने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पुरुष और महिलाएं कानूनी रूप से समान हैं, लेकिन उनकी जैविक संरचना भिन्न है। ऐसे में महिलाओं की विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बनाए गए प्रावधान समानता के अधिकार का उल्लंघन नहीं, बल्कि उसकी वास्तविक व्याख्या हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का हवाला अपने आदेश में हाई कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के जनवरी 2026 के “जया ठाकुर बनाम भारत संघ” मामले का भी उल्लेख किया, जिसमें शीर्ष अदालत ने मासिक धर्म स्वास्थ्य को जीवन के अधिकार का अभिन्न हिस्सा माना था। हाई कोर्ट ने कहा कि इस दिशा में उठाया गया हर कदम संवैधानिक मूल्यों को सुदृढ़ करता है। याचिका से खुली हकीकत यह महत्वपूर्ण आदेश बेलगावी जिले की एक 41 वर्षीय होटल कर्मचारी की याचिका पर आया, जिसमें उसने बताया कि नीति लागू होने के बावजूद छोटे संस्थानों में इसका पालन नहीं हो रहा है। अदालत ने याचिकाकर्ता की पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए माना कि जमीनी स्तर पर अभी भी बड़ी खाई बनी हुई है। सरकार को सख्त निर्देश राज्य सरकार ने कोर्ट में इस नीति को प्रगतिशील कदम बताते हुए असंगठित क्षेत्र में क्रियान्वयन को चुनौतीपूर्ण माना। हालांकि अदालत ने स्पष्ट कर दिया कि चुनौतियां जिम्मेदारी से पीछे हटने का कारण नहीं बन सकतीं। प्रस्तावित कानून पारित होने के बाद सरकार को बिना देरी आवश्यक नियम बनाकर इसे पूरी तरह लागू करना होगा। अलग कानून की तैयारी वर्तमान श्रम कानूनों—जैसे फैक्ट्री एक्ट और दुकान एवं स्थापना अधिनियम—में मासिक धर्म अवकाश का प्रावधान नहीं होने के कारण राज्य सरकार अलग कानून लाने की तैयारी में है। प्रस्तावित विधेयक में छात्राओं को भी शामिल किए जाने और नियमों के उल्लंघन पर दंडात्मक प्रावधान का उल्लेख है। समग्र रूप से, कर्नाटक हाई कोर्ट का यह निर्णय न केवल महिला कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सम्मान की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि कार्यस्थल पर संवेदनशीलता और समानता की नई मिसाल भी प्रस्तुत करता है।

  • महिला आरक्षण पर नई सियासी जंग

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से पहले महिला आरक्षण विधेयक को लेकर देश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। केंद्र सरकार जहां 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू करने के लिए संविधान संशोधन लाने की तैयारी में है, वहीं विपक्ष ने इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए भी इसके साथ जोड़ी गई परिसीमन की शर्त पर कड़ा विरोध जताया है। इस मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी टकराव की स्थिति बन गई है। दरअसल, तीन दिवसीय विशेष सत्र के दौरान सरकार 2023 में पारित ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को प्रभावी बनाने के लिए संशोधन प्रस्ताव लाने जा रही है। इस संशोधन के तहत लोकसभा और विधानसभा सीटों के पुनर्निर्धारण को महिला आरक्षण के साथ जोड़ा गया है, जिसे विपक्षी दल लोकतांत्रिक संतुलन के लिए खतरा बता रहे हैं। विपक्ष का कहना है कि महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ना अनावश्यक और संदिग्ध है। कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी, सपा समेत 20 से अधिक दलों ने साफ किया है कि वे महिला आरक्षण का समर्थन करते हैं, लेकिन सीटों के पुनर्विन्यास के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की किसी भी कोशिश का विरोध करेंगे। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक में इसे लेकर साझा रणनीति बनाई गई और संसद में जोरदार विरोध के संकेत दिए गए हैं। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रस्तावित संशोधन का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण नहीं, बल्कि निर्वाचन क्षेत्रों की ‘गैरिमैंडरिंग’ कर सत्ता हासिल करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा परिसीमन आयोग के जरिए अपने पक्ष में सीमांकन करना चाहती है, जिससे विपक्षी क्षेत्रों और समुदायों का प्रतिनिधित्व कमजोर हो सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि असम और जम्मू-कश्मीर में पहले भी सीमांकन प्रक्रिया को राजनीतिक लाभ के लिए प्रभावित किया गया। विपक्ष की एक बड़ी चिंता यह भी है कि प्रस्तावित बदलावों से हिंदी पट्टी के राज्यों का राजनीतिक वर्चस्व बढ़ सकता है। उनका दावा है कि जनसंख्या आधारित परिसीमन से उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों की सीटें बढ़ेंगी, जबकि दक्षिणी राज्यों की हिस्सेदारी घट सकती है। इससे संसद में क्षेत्रीय संतुलन बिगड़ने और दक्षिण भारत की आवाज कमजोर होने का खतरा जताया जा रहा है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए चेतावनी दी है कि यदि दक्षिणी राज्यों के साथ अन्याय हुआ तो व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उनका कहना है कि परिवार नियोजन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों को ‘जनसांख्यिकीय दंड’ नहीं मिलना चाहिए। वहीं, केंद्र सरकार ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि सीटों का पुनर्निर्धारण पूरी तरह पारदर्शी और संवैधानिक प्रक्रिया के तहत होगा। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, राज्यों के बीच सीटों का अनुपात यथावत रखा जाएगा और केवल जनसंख्या के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय होंगी। संविधान के विभिन्न अनुच्छेदों में प्रस्तावित संशोधन के जरिए इस प्रक्रिया को स्पष्ट किया जाएगा। सरकार का यह भी तर्क है कि जातीय जनगणना और परिसीमन की लंबी प्रक्रिया को देखते हुए महिला आरक्षण को जल्द लागू करने के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, नई जनगणना और उसके बाद परिसीमन में चार साल तक का समय लग सकता है, जिससे आरक्षण लागू करने में अनावश्यक देरी होगी। इधर, विपक्ष ने इस पूरे घटनाक्रम को चुनावी रणनीति से जोड़ते हुए आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है। विपक्षी दल इसे महिला मतदाताओं को आकर्षित करने की कोशिश और ‘राजनीतिक तुष्टिकरण’ करार दे रहे हैं। संसद के विशेष सत्र में इस विधेयक को लेकर तीखी बहस और हंगामे के आसार हैं। महिला आरक्षण जैसे व्यापक सहमति वाले मुद्दे पर भी अब राजनीतिक खींचतान ने नई बहस छेड़ दी है, जिसमें लोकतांत्रिक संतुलन, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और चुनावी निष्पक्षता जैसे बड़े सवाल केंद्र में आ गए हैं।

  • महिला आरक्षण से पहले परिसीमन पर बवाल

    भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) चेन्नई, 16 अप्रैल। संसद में महिला आरक्षण विधेयक पेश किए जाने से ठीक पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है। एम.के. स्टालिन ने प्रस्तावित परिसीमन (डिलिमिटेशन) से जुड़े विधेयक की प्रति जलाकर केंद्र सरकार के खिलाफ तीखा विरोध दर्ज कराया। इस दौरान उन्होंने काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसे विपक्षी एकजुटता का प्रतीक माना जा रहा है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने इस कदम के जरिए साफ संदेश दिया कि दक्षिणी राज्यों के हितों की अनदेखी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उनका आरोप है कि परिसीमन प्रक्रिया को महिला आरक्षण विधेयक से जोड़ना संघीय ढांचे और राज्यों के बीच संतुलन के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित महिला आरक्षण विधेयक में 33 प्रतिशत सीटों के आरक्षण का प्रावधान है, लेकिन इसके क्रियान्वयन को परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ने पर विपक्ष सवाल उठा रहा है। विपक्ष का कहना है कि परिसीमन के बाद जनसंख्या के आधार पर सीटों का पुनर्वितरण होगा, जिससे दक्षिणी राज्यों की प्रतिनिधित्व क्षमता प्रभावित हो सकती है। स्टालिन ने अपने संबोधन में कहा कि यह केवल एक राज्य का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे दक्षिण भारत की आवाज है। उन्होंने केंद्र से मांग की कि महिला आरक्षण को बिना किसी शर्त के लागू किया जाए और परिसीमन को अलग विषय के रूप में देखा जाए। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। कई विपक्षी दलों ने भी स्टालिन के रुख का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। वहीं, सत्तारूढ़ पक्ष का कहना है कि महिला सशक्तिकरण के इस ऐतिहासिक कदम का विरोध करना दुर्भाग्यपूर्ण है। संसद में विधेयक पेश होने से पहले ही शुरू हुआ यह विवाद आने वाले दिनों में और तेज होने के संकेत दे रहा है, जिससे महिला आरक्षण के मुद्दे पर राष्ट्रीय राजनीति में नई बहस छिड़ने की संभावना है।

bottom of page