top of page
भारतार्थ-logo

येलाहांका में ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़, तीन विदेशी नागरिक गिरफ्तार

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 17 अप्रैल
  • 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

बेंगलूरु। सिलिकॉन सिटी बेंगलूरु में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। येलाहांका न्यू टाउन पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य के प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त किए हैं।


पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद 26 मार्च 2026 को येलाहांका न्यू टाउन थाना क्षेत्र के इसरो लेआउट, हारोहल्ली और गंटिगनाहल्ली मुख्य सड़क सहित विभिन्न स्थानों पर समन्वित छापेमारी की गई। इस दौरान सैमुअल इकेन्ना नामक आरोपी को संदिग्ध परिस्थितियों में ड्रग्स की बिक्री करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से लगभग 2 किलोग्राम एमडीएमए बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। पूछताछ में सैमुअल ने अपने अन्य साथियों और एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस ने अनेकल के समीप कृष्णानादोड्डी गांव स्थित एक घर पर दबिश दी, जहां से पीस गोदिया और बकुला ओमाटोया नामक दो अन्य विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। यहां से पुलिस ने 5.860 किलोग्राम मेथम्फेटामाइन बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी मेडिकल वीजा के माध्यम से भारत आए थे, लेकिन उन्होंने अपने प्रवास का दुरुपयोग करते हुए बेंगलूरु में सिंथेटिक ड्रग्स का नेटवर्क खड़ा कर लिया। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह शहर के विभिन्न हिस्सों में नशीले पदार्थों की आपूर्ति करता था और इसके तार अन्य राज्यों या अंतरराष्ट्रीय स्तर तक जुड़े हो सकते हैं। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क के स्थानीय संपर्कों, सप्लाई चेन और फंडिंग स्रोतों की गहन पड़ताल कर रही हैं। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह के पीछे कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट तो सक्रिय नहीं है।


गौरतलब है कि बेंगलूरु पुलिस पिछले कुछ समय से मादक पदार्थों के खिलाफ आक्रामक अभियान चला रही है। हाल ही में हेब्बागोडी, येलाहांका उपनगर, माइको लेआउट, परप्पना अग्रहारा, बागुलूर और बनासवाड़ी समेत कई क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इन अभियानों के दौरान कुल 27.42 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए थे, जिनमें 12.91 किलोग्राम एमडीएमए, 275 ग्राम कोकीन और 34 किलोग्राम गांजा शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोविकृत पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page