top of page
भारतार्थ-logo

भवानीपुर में ममता का शक्ति प्रदर्शन

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 8 अप्रैल
  • 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

कोलकाता। ममता बनर्जी ने बुधवार, 8 अप्रैल 2026 को भवानीपुर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल कर चुनावी बिगुल फूंक दिया। नामांकन से पहले उन्होंने अपने पारंपरिक अंदाज में करीब 800 मीटर लंबा पैदल मार्च निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कालीघाट स्थित अपने आवास से पैदल रवाना हुईं। रास्ते भर दोनों ओर खड़े समर्थकों का उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन किया। उनका यह रोड मार्च अलीपुर सर्वे बिल्डिंग तक पहुंचा, जहां उन्होंने आधिकारिक रूप से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान पूरे इलाके में उत्साह और राजनीतिक जोश का माहौल देखने को मिला।


नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में ममता बनर्जी ने भरोसा जताया कि तृणमूल कांग्रेस इस बार केवल भवानीपुर ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिम बंगाल की सभी 294 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के नाम हटाए गए हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

भवानीपुर सीट पर इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प और प्रतिष्ठापूर्ण माना जा रहा है। यहां ममता बनर्जी का सीधा मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी से है, जिन्होंने हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया था। दोनों दिग्गज नेताओं के आमने-सामने होने से यह सीट राज्य की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में शामिल हो गई है।


भवानीपुर को ‘मिनी इंडिया’ के रूप में भी जाना जाता है, जहां विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग निवास करते हैं। यहां बंगाली, मारवाड़ी, गुजराती, पंजाबी, सिख, जैन और मुस्लिम समुदायों की उल्लेखनीय उपस्थिति है, जो इसे सामाजिक और सांस्कृतिक विविधता का प्रतीक बनाती है। यही कारण है कि इस सीट का चुनावी परिणाम व्यापक राजनीतिक संदेश देने वाला माना जाता है। गौरतलब है कि ममता बनर्जी इस सीट से पहले भी तीन बार विधायक रह चुकी हैं, जिससे उनका यहां मजबूत जनाधार माना जाता है। अब एक बार फिर उन्होंने इसी सीट से चुनावी मैदान में उतरकर मुकाबले को और रोचक बना दिया है। भवानीपुर में बढ़ती चुनावी सरगर्मी के बीच अब सभी की नजरें इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं, जो न केवल राज्य बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के लिए भी अहम संकेत देने वाला साबित हो सकता है।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page