top of page
भारतार्थ-logo

बेंगलूरु में धूमधाम से मनाया जाएगा श्री राजारामजी महाराज का 144वां जन्मोत्सव, भव्य जागरण व आमसभा का आयोजन

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 26 मार्च
  • 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

बेंगलूरु, 26 मार्च 2026। श्री राजाराम ओंजणा (पटेल) संघ, बेंगलुरु (कर्नाटक) के तत्वावधान में परम पूज्य श्री 1008 श्री राजारामजी महाराज का 144वां जन्मोत्सव इस वर्ष भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर समाज के सभी बंधुओं को सपरिवार कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।


आयोजन समिति के अनुसार, जन्मोत्सव के तहत 26 मार्च 2026, गुरुवार को रात्रि 10 बजे से भव्य जागरण का आयोजन किया जाएगा। इस जागरण में जोधपुर से कुलदीप ओझा एंड पार्टी द्वारा भजन प्रस्तुत किए जाएंगे, वहीं झांकी कलाकार कल्पित चौधरी एवं ताराचंद माली अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगे। इसके अलावा माताजी फिल्म स्टूडियो और राजेश्वर म्यूजिकल ग्रुप भी कार्यक्रम में विशेष प्रस्तुति देंगे।


अगले दिन 27 मार्च 2026, शुक्रवार को सुबह 9 बजे से 10 बजे तक मगड़ी रोड स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन होगा। इसके पश्चात सुबह 10:30 बजे प्रिंसेज श्राइन पैलेस ग्राउंड में आमसभा का शुभारंभ किया जाएगा।


आमसभा में अध्यक्ष द्वारा अतिथियों का स्वागत एवं सभा का उद्घाटन किया जाएगा। सचिव द्वारा वर्षभर की गतिविधियों और नए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया जाएगा, जबकि कोषाध्यक्ष आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा देंगे। साथ ही समाज के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। कार्यक्रम का समापन उपाध्यक्ष द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ होगा।


कार्यक्रम का मुख्य स्थल प्रिंसेज श्राइन, गेट नंबर 9, पैलेस ग्राउंड, बेंगलूरु निर्धारित किया गया है, जहां जागरण एवं प्रसादी का आयोजन भी होगा।


संघ ने विशेष अनुरोध किया है कि जिन सदस्यों को व्यक्तिगत आमंत्रण पत्र प्राप्त नहीं हो पाया है, वे इस सूचना को ही आमंत्रण मानकर कार्यक्रम में अवश्य शामिल हों। साथ ही महिलाओं और बहनों को भी जागरण एवं आमसभा में सादर आमंत्रित किया गया है।


आयोजकों ने समाज के सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे इस शुभ अवसर पर अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर कार्यक्रम में भाग लें और आयोजन को सफल बनाएं।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page