top of page
भारतार्थ-logo

असम मतदान से पहले कांग्रेस प्रत्याशी का इस्तीफा, मामला दर्ज

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 10 अप्रैल
  • 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

उदलगुड़ी (असम)। विधानसभा चुनाव से ठीक एक दिन पहले असम की राजनीति में बड़ा उलटफेर सामने आया है। उदलगुड़ी सीट से कांग्रेस के घोषित उम्मीदवार सुरेन दैमरी ने अचानक पार्टी से इस्तीफा देकर अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। इस अप्रत्याशित कदम से कांग्रेस में हड़कंप मच गया है, जिसके बाद पार्टी ने इसे गंभीर मामला मानते हुए दैमरी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में सुरेन दैमरी पर धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के आरोप लगाए गए हैं। पार्टी का कहना है कि दैमरी ने न केवल पार्टी का टिकट स्वीकार किया और चुनाव आयोग के नियमों के तहत नामांकन दाखिल किया, बल्कि कांग्रेस के चुनाव चिन्ह पर सक्रिय रूप से प्रचार भी किया। इसके बावजूद मतदान से महज कुछ घंटे पहले उनका इस्तीफा देना संदेहास्पद और अनुशासनहीनता का गंभीर मामला है।


कांग्रेस ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि चुनाव प्रचार और पार्टी गतिविधियों के लिए दैमरी के बैंक खाते में करीब 30 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर की गई थी। ऐसे में पार्टी का आरोप है कि उम्मीदवार ने न केवल संगठन के विश्वास को ठेस पहुंचाई, बल्कि पार्टी फंड का दुरुपयोग भी किया। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि दैमरी ने कथित तौर पर किसी उपद्रवी समूह के उकसावे में आकर पार्टी के खिलाफ भ्रामक प्रचार किया और अचानक इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। पार्टी का कहना है कि इस कदम से कांग्रेस की छवि को नुकसान पहुंचा है और चुनावी प्रक्रिया भी प्रभावित हुई है।


वहीं, सुरेन दैमरी ने अपने फैसले का ठीकरा कांग्रेस नेतृत्व पर फोड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने उनके साथ धोखा किया और टिकट देने के बाद भी उन्हें कोई सहयोग नहीं मिला। दैमरी के अनुसार, उन्होंने कई बार पार्टी नेताओं से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनकी कॉल तक नहीं उठाई गई। जिला कांग्रेस कमेटी से भी उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला, जिससे वे आहत हुए। फिलहाल, इस पूरे मामले ने चुनाव से ठीक पहले राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और इसका चुनावी समीकरणों पर क्या असर पड़ता है।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page