top of page

 भारतार्थ खबर, नहीं उसका अर्थ

22अक्टूबर /2026 /गुरुवार

बेंगलुरु, 22 अक्टूबर 2026। बेंगलुरु और मुंबई के बीच रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की संभावित शुरुआत राहत भरी खबर हो सकती है। दक्षिण पश्चिम रेलवे की ओर से 1 नवंबर 2026 को कर्नाटक राज्योत्सव के अवसर पर इस मार्ग पर उद्घाटन विशेष सेवा शुरू करने का प्रस्ताव सामने आया है। हालांकि, नियमित परिचालन, अंतिम समय-सारणी, ठहराव और किराये को लेकर रेलवे की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

भारतार्थ लोगो: खबर नहीं, उसका अर्थ - राजनीतिक समाचार विश्लेषण

बेंगलुरु, 22 अक्टूबर 2026। बेंगलुरु और मुंबई के बीच रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की संभावित शुरुआत राहत भरी खबर हो सकती है। दक्षिण पश्चिम रेलवे की ओर से 1 नवंबर 2026 को कर्नाटक राज्योत्सव के अवसर पर इस मार्ग पर उद्घाटन विशेष सेवा शुरू करने का प्रस्ताव सामने आया है। हालांकि, नियमित परिचालन, अंतिम समय-सारणी, ठहराव और किराये को लेकर रेलवे की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

WhatsApp Video 2026-10-04 at 8.50.36 PM.mp4

इस साइट पर खोजें

1911किसी भी खाली खोज के साथ परिणाम मिले

  • बैंगलोर में जैन लेब परियोजना को लेकर राजेन्द्र दांतेवाडिया का भव्य अभिनंदन

    शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा को समर्पित सात मंजिला जैन लेब परियोजना बनेगी प्रवासी समाज के लिए बड़ी सौगात प्रवासी राजस्थानी कर्नाटका संघ द्वारा राजेन्द्रकुमार दांतेवाडिया जैन का स्वागत एवं अभिनंदन करते पदाधिकारी भारतार्थ खबर। संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बैंगलोर | 28 जून, 2026 बैंगलोर में सामाजिक सेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में नई पहचान बना रही नव निर्माणाधीन “जैन लेब” परियोजना को लेकर प्रवासी राजस्थानी समाज में उत्साह का माहौल है। राजस्थान के जालोर जिले के मांडवला कस्बे के निवासी एवं पार्श्वमणि डवलेपर के डायरेक्टर राजेन्द्रकुमार दांतेवाडिया जैन का आज शांतिनगर स्थित लूणावत भवन में प्रवासी राजस्थानी कर्नाटका संघ द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और जैन लेब परियोजना को समाजहित में एक ऐतिहासिक पहल बताया गया। संघ के महामंत्री एवं श्री मरुधरा जैन संघ के अध्यक्ष डॉ. जवरीलाल लूनावत ने बताया कि दांतेवाडिया के साथ हुई शिष्टाचार मुलाकात के दौरान नव निर्माणाधीन जैन लेब के सात मंजिला भवन की सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक भवन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा का आधुनिक केंद्र बनने जा रही है। राजेन्द्रकुमार दांतेवाडिया जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में पारणा समिति के ट्रस्टी बंधुओं की एजीएम आयोजित हुई थी। इस भवन के भूमि पूजन का लाभ भी उनके परिवार को प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के उद्देश्य से तैयार किए जा रहे इस विशाल भवन में एक मंजिल पर बड़ा सामुदायिक हॉल और 17 कमरे बनाए जाएंगे। वहीं दो मंजिल पारणा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए समर्पित रहेंगी। उन्होंने आगे बताया कि भवन की एक मंजिल पर बाहर से बैंगलोर में शिक्षा प्राप्त करने आने वाले छात्र-छात्राओं के लिए 17 विशेष कमरे उपलब्ध रहेंगे। साथ ही एक मंजिल चिकित्सा सेवा के लिए समर्पित होगी, जहां बाहर से इलाज के लिए आने वाले लोगों को ठहरने की सुविधा मिलेगी। जैन लेब परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह रहेगा कि यहां आम नागरिकों को उचित दरों पर विभिन्न बीमारियों की जांच और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अलावा भोजनशाला में सुबह का नाश्ता, दोपहर और शाम का सात्विक भोजन सूर्यास्त से पूर्व उचित दरों पर उपलब्ध रहेगा। स्थायी टिफिन सुविधा भी परिवारों के लिए शुरू की जाएगी। दांतेवाडिया ने कहा कि प्रवासी समाज के लोगों को भी जैन लेब से जोड़ा जाएगा ताकि वे स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य आम आदमी तक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।

  • मोहनखेड़ा तीर्थ यात्रा के लिए महिलाओं का भव्य जत्था रवाना

    शिमोगा से 27 महिला श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ शुरू की आध्यात्मिक यात्रा, मोहनखेड़ा सहित कई जैन तीर्थों के होंगे दर्शन मोहनखेड़ा तीर्थ यात्रा के लिए शिमोगा से रवाना होती महिला श्रद्धालुओं की टोली भारतार्थ खबर। संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) शिमोगा | 28 जून, 2026 धार्मिक आस्था, अनुशासन और भक्ति भाव से ओत-प्रोत वातावरण के बीच शिमोगा से मोहनखेड़ा तीर्थ दर्शनार्थ महिलाओं का एक भव्य जत्था हर्षोल्लास के साथ रवाना हुआ। भगवान श्री आदिनाथ के जयकारों से गूंजते माहौल में 27 महिला श्रद्धालुओं ने अपनी मंगलमय यात्रा की शुरुआत की। यह धार्मिक यात्रा न केवल आध्यात्मिक शांति का माध्यम बनी है, बल्कि जैन संस्कृति और तीर्थ परंपरा के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को भी दर्शा रही है। 25 जून (गुरुवार) को दोपहर 12:30 बजे रामन्ना शेट्टी पार्क, शिमोगा से बस द्वारा सभी महिला यात्री दावनगेरे के लिए रवाना हुईं। इसके बाद शाम 4:00 बजे ट्रेन द्वारा मध्यप्रदेश स्थित प्रसिद्ध मोहनखेड़ा जैन तीर्थ के लिए प्रस्थान किया गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मोहनखेड़ा तीर्थ मध्यप्रदेश के धार जिले में राजगढ़ के पास स्थित एक प्रमुख श्वेतांबर जैन तीर्थ है। यहां कमल मुद्रा में विराजमान भगवान श्री आदिनाथ की मनमोहक प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। इसके अलावा कायोत्सर्ग मुद्रा में 16 फीट ऊंची भगवान आदिनाथ की भव्य प्रतिमा और दादा गुरुदेव श्री राजेंद्रसुरीश्वरजी का समाधि मंदिर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है। यात्रा कार्यक्रम के अनुसार 26 जून को श्रद्धालु रतलाम से मोहनखेड़ा पहुंचे, जहां रात्रि विश्राम किया गया। 27 जून को मोहनखेड़ा तीर्थ में सेवा पूजा, नवकारसी और भोपावर तीर्थ दर्शन का आयोजन रखा गया। इसके साथ ही अमीझरा तीर्थ दर्शन एवं रात्रि मंगल आरती में सभी श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आगे की यात्रा में 28 जून को भक्ताम्बर तीर्थ और मांडवगढ़ में दर्शन एवं सेवा पूजा का कार्यक्रम निर्धारित किया गया। वहीं 29 जून को नागेश्वर तीर्थ और 30 जून को उज्जैन स्थित अवंतिका पार्श्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की जाएगी। 1 जुलाई को श्रद्धालु अभ्युदयपुरम जैन गुरुकुल, कालभैरव और महाकाल मंदिर के दर्शन करेंगे तथा रामघाट की भव्य आरती में शामिल होंगे। यात्रा का समापन 2 जुलाई को उज्जैन से ट्रेन द्वारा शिमोगा वापसी के साथ होगा। इस संपूर्ण यात्रा का नेतृत्व सुशीला बेन कर रही हैं, जबकि नंदा बेन, जुलीबेन और संतोष बेन ने यात्रा प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली है। सभी महिलाओं ने अनुशासन और सहयोग का उत्कृष्ट परिचय दिया।

  • UDAAN 3.0 मेगा ट्रेड फेयर में दिखी महिला शक्ति की उड़ान

    JITO गदग लेडीज़ विंग का भव्य आयोजन, महिला उद्यमियों को मिला बिज़नेस और नेटवर्किंग का बड़ा मंच UDAAN 3.0 मेगा ट्रेड फेयर में लगे विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करते अतिथि एवं खरीदारी करते लोग भारतार्थ खबर। संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) गदग | 28 जून, 2026 महिला उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और बिज़नेस नेतृत्व को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से JITO हुबली चैप्टर की पहल पर JITO गदग लेडीज़ विंग द्वारा आयोजित “UDAAN 3.0 – मेगा ट्रेड फेयर” ने गदग में जबरदस्त उत्साह और आकर्षण पैदा किया है। यह दो दिवसीय मेगा ट्रेड फेयर मुलगुंड नाका स्थित क्लार्क्स इन होटल के सामने विट्ठलारुध समुदाय भवन में आयोजित किया जा रहा है, जहां पूरे कर्नाटक से महिला उद्यमियों और व्यापारियों ने अपनी प्रतिभा और उत्पादों का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम ने पहले ही दिन भारी भीड़ और सकारात्मक प्रतिक्रिया के साथ यह साबित कर दिया कि महिलाएं अब केवल घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सफल बिज़नेस लीडर, इनोवेटर और आर्थिक विकास की मजबूत आधारशिला बन चुकी हैं। UDAAN 3.0 महिला सशक्तिकरण और उद्यमशीलता का ऐसा प्रेरणादायक मंच बनकर उभरा है, जहां नेटवर्किंग, मार्केटिंग और बिज़नेस विस्तार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। मीडिया से बातचीत करते हुए JITO गदग लेडीज़ विंग की चेयरपर्सन सुश्री स्वीटी भंसाली ने कहा कि UDAAN 3.0 केवल एक ट्रेड फेयर नहीं, बल्कि महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और आर्थिक स्वतंत्रता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपने बिज़नेस को नई पहचान देने के साथ-साथ सहयोग और विकास के अवसर भी प्रदान करते हैं। इस भव्य ट्रेड फेयर में खास साड़ियाँ, डिज़ाइनर ड्रेस, आकर्षक ज्वेलरी, स्टाइलिश एक्सेसरीज़, चाँदी की वस्तुएँ, होम डेकोर आइटम, बेकरी उत्पाद, स्टेशनरी सामग्री, होममेड फूड प्रोडक्ट्स, कस्टमाइज़्ड गिफ्ट आइटम, इंश्योरेंस सेवाएँ, ट्रैवल सॉल्यूशंस, रियल एस्टेट सेवाएँ, ऑफिस उपयोगी सामग्री और कई इनोवेटिव उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों ने आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। गदग और आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने ट्रेड फेयर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्थानीय उद्यमियों को सीधे समर्थन देने के अवसर की सराहना की। कार्यक्रम में खरीदारी के साथ-साथ बिज़नेस नेटवर्किंग और नए व्यावसायिक संबंधों को भी मजबूती मिली। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में कन्विनर सुश्री संतोष गडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व और आयोजन टीम की मेहनत से कार्यक्रम का संचालन व्यवस्थित और प्रभावशाली तरीके से संपन्न हुआ। UDAAN 3.0 ने यह संदेश दिया कि यदि महिलाओं को सही मंच और अवसर मिले, तो वे व्यापार, नवाचार और नेतृत्व के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर सकती हैं।

  • सैनिक सम्मान रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 100 से अधिक युवाओं ने किया रक्तदान

    ऑपरेशन सिंदूर विजय उत्सव की प्रथम वर्षगांठ पर विजयनगर मारुति मेडिकल्स की अनूठी पहल, सैनिकों के सम्मान में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित रक्तदान शिविर में उत्साहपूर्वक रक्तदान करते युवा एवं उपस्थित गणमान्य अतिथि भारतार्थ खबर। संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बेंगलुरु | 28 जून, 2026 देशभक्ति, सेवा और मानवता का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब ऑपरेशन सिंदूर विजय उत्सव की प्रथम वर्षगांठ के उपलक्ष में विजयनगर स्थित मारुति मेडिकल्स द्वारा सैनिकों के सम्मान में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस प्रेरणादायक शिविर में 100 से भी अधिक युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम ने सामाजिक एकता, राष्ट्रभक्ति और जनसेवा की मिसाल पेश करते हुए पूरे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 4:00 बजे तक आयोजित इस विशाल रक्तदान शिविर में युवाओं, सामाजिक संगठनों, महिला मंडलों, पत्रकारों, पूर्व सैनिकों और विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एकत्रित रक्त का संग्रहण बेंगलुरु रुधिर संस्थान द्वारा किया गया। शिविर में मौजूद लोगों ने सैनिकों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए रक्तदान को सबसे बड़ा मानव धर्म बताया। मारुति मेडिकल्स के संचालक आनंद मुणोत जैन ने सभी रक्तदाताओं का स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र एवं पौधे भेंट कर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल जीवन बचाने का माध्यम नहीं बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। कार्यक्रम के दौरान हंसराज मुणोत ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में भाजपा नेता सप्तगिरि गौड़ा, पूर्व पार्षद एच रविंद्र, पूर्व पार्षद उमेश शेट्टी, पूर्व पार्षद डॉ. राजू सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं नगासंत धनंजय स्वामी जी ने शिविर स्थल पहुंचकर सभी को आशीर्वाद प्रदान किया और मानव सेवा को सर्वोच्च सेवा बताया। रक्तदान शिविर को सफल बनाने में उपेंद्र गौड़ा, नवीन सेठ एवं अन्य कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में महेंद्र मुणोत ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

  • गांधी मैदान से गरजे जेपी नड्डा, याद दिलाया आपातकाल का ‘काला दौर’

    जेपी नड्डा पटना के ज्ञान भवन में संविधान हत्या दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतार्थ खबर। संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) पटना | 25 जून 2026। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान और जेपी आंदोलन की यादों के बीच केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। “संविधान हत्या दिवस” कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला बताया। अपने भाषण में उन्होंने कहा कि बिहार की धरती लोकतंत्र बचाने की लड़ाई की जननी रही है और संपूर्ण क्रांति आंदोलन ने देश की राजनीति को नई दिशा दी थी। कार्यक्रम के दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि गांधी मैदान सिर्फ एक मैदान नहीं बल्कि लोकतंत्र की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने याद दिलाया कि 5 जून 1974 को लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने इसी मैदान से “संपूर्ण क्रांति” का ऐतिहासिक नारा दिया था। उन्होंने दावा किया कि छात्र जीवन में वह स्वयं भी इस आंदोलन का हिस्सा रहे और उस दौर की राजनीतिक परिस्थितियों को करीब से देखा। जेपी नड्डा ने आरोप लगाया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सत्ता बचाने के लिए पूरे देश पर आपातकाल थोप दिया था। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले के बाद लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास किया गया और 21 महीनों तक देश में नागरिक अधिकारों का दमन हुआ। उन्होंने कहा कि उस समय प्रेस की स्वतंत्रता छीन ली गई, विरोधियों को जेल में डाल दिया गया और आम नागरिकों की आवाज दबा दी गई। केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि उस दौर में 1.31 लाख से अधिक लोगों को जेल भेजा गया था। साथ ही उन्होंने जबरन नसबंदी अभियान और दिल्ली में बड़े पैमाने पर घर तोड़े जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि हजारों परिवारों को बेघर होना पड़ा और लोकतंत्र की आत्मा को गहरी चोट पहुंची। अपने संबोधन में उन्होंने 42वें संविधान संशोधन का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सत्ता मजबूत करने के लिए संविधान में ऐसे बदलाव किए गए जिससे लोकतांत्रिक संस्थाओं की शक्ति कमजोर हुई। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज संविधान बचाने की बात करने वालों को पहले आपातकाल के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। जेपी नड्डा ने अंत में जेपी आंदोलन के सेनानियों को श्रद्धांजलि दी और युवाओं से लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमेशा सजग रहने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, छात्र और सामाजिक संगठनों के लोग मौजूद रहे।

  • नम्मा मेट्रो पर्पल लाइन ठप, थर्ड रेल गड़बड़ी से 5 घंटे तक प्रभावित रही सेवा

    BMRCL ने कहा- 16 वर्षों में पहली बार हुई ऐसी तकनीकी घटना, जांच शुरू नम्मा मेट्रो पर्पल लाइन सेवा बाधित होने के बाद स्टेशन पर इंतजार करते यात्री भारतार्थ खबर। संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बेंगलुरु | 25 जून, 2026। बेंगलुरु की लाइफलाइन मानी जाने वाली नम्मा मेट्रो की पर्पल लाइन मंगलवार शाम अचानक ठप पड़ गई, जिससे हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बेंगलुरु मेट्रो रेल निगम लिमिटेड (BMRCL) के अनुसार, मेट्रो सेवाएं थर्ड रेल सिस्टम में आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण प्रभावित हुईं। अधिकारियों ने इसे मेट्रो के 16 वर्षों के संचालन इतिहास में पहली और बेहद दुर्लभ घटना बताया है। करीब पांच घंटे तक भूमिगत खंड में परिचालन पूरी तरह बाधित रहा, जबकि पूरी तरह सामान्य सेवाएं बुधवार सुबह बहाल की गईं। बीएमआरसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेनों को बिजली आपूर्ति करने वाली थर्ड रेल प्रणाली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा अपनी जगह से हट गया था। इसके चलते बिजली आपूर्ति बाधित हुई और ट्रेनें बीच रास्ते में रुक गईं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात करीब 9 बजे बिजली बंद की गई और देर रात तक मरम्मत कार्य जारी रहा। अधिकारियों ने बताया कि रात 11 बजे तक तकनीकी बहाली का काम पूरा कर लिया गया था, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी रात निरीक्षण और परीक्षण किए गए। बुधवार सुबह 5 बजे से पर्पल लाइन पर सामान्य परिचालन फिर शुरू किया गया। हालांकि, इस घटना ने मेट्रो यात्रियों के बीच सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बीएमआरसीएल अधिकारियों का कहना है कि थर्ड रेल सिस्टम को बेहद मजबूत और विश्वसनीय माना जाता है, इसलिए इस तरह की घटना अप्रत्याशित और चौंकाने वाली है। अधिकारियों ने कहा कि मेट्रो नेटवर्क के रखरखाव का कार्य नियमित रूप से किया जाता है। थर्ड रेल सिस्टम का निरीक्षण हर सप्ताह या 15 दिन में किया जाता है और किसी भी निर्धारित जांच को कभी नहीं छोड़ा जाता। बावजूद इसके, तकनीकी खराबी कैसे हुई, इसकी विस्तृत जांच कई विभाग मिलकर कर रहे हैं। मंगलवार शाम को सेवा बाधित होने के दौरान कई यात्री सुरंगों और स्टेशनों के बीच फंस गए थे। हालांकि, बीएमआरसीएल ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति में निर्धारित निकासी प्रक्रियाएं लागू की जाती हैं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि घटना के मूल कारण का पता लगाकर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। इस बीच, सोशल मीडिया पर यात्रियों ने मेट्रो सेवा बाधित होने को लेकर नाराजगी भी जाहिर की। कई यात्रियों ने कहा कि ऑफिस समय में मेट्रो ठप होने से उन्हें भारी ट्रैफिक और लंबी देरी का सामना करना पड़ा। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में नम्मा मेट्रो की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए यह घटना प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती मानी जा रही है।

  • बेंगलुरु की सड़कों पर धूल और मलबे का संकट, सफाई के बाद भी नहीं हट रहे कचरे के ढेर

    फुटपाथों पर जमा धूल और कीचड़ से बढ़ा हादसों का खतरा, नागरिकों ने उठाए सवाल भारतार्थ खबर। संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बेंगलुरु | 25 जून, 2026। सिलिकॉन सिटी बेंगलुरु में स्वच्छता व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर की कई प्रमुख सड़कों और फुटपाथों पर सफाई के बाद इकट्ठा की गई धूल, मिट्टी और मलबे के ढेर लंबे समय तक पड़े रहने से नागरिक परेशान हैं। सड़क किनारे जमा यह कचरा न केवल शहर की सुंदरता बिगाड़ रहा है, बल्कि दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के लिए भी बड़ा खतरा बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफाईकर्मी अपना काम पूरी ईमानदारी से कर रहे हैं, लेकिन बेंगलुरु सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट लिमिटेड (BSWML) समय पर इन ढेरों को हटाने में विफल साबित हो रहा है। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा सड़कों को धूल और ढीली मिट्टी से मुक्त रखने के लिए नियमित सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। सफाईकर्मी सड़कों से धूल और कचरे को इकट्ठा कर फुटपाथों या नालियों के किनारे जमा कर देते हैं, लेकिन उनके पास इसे निर्धारित स्थान तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं हैं। पहले स्वास्थ्य विभाग के पास कचरा उठाने के लिए वाहन और कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन अब यह जिम्मेदारी BSWML को सौंप दी गई है। कुछ सप्ताह पहले सुरंजन दास रोड पर बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया था। सफाई के बाद इकट्ठा की गई धूल और मिट्टी आज भी फुटपाथों पर पड़ी हुई है, जहां अब छोटे पौधे तक उगने लगे हैं। तलकावेरी लेआउट की निवासी सत्यवानी एस ने बताया कि शहर के कई इलाकों में यही स्थिति देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। कोनेना अग्रहारा की संयुक्त आरडब्ल्यूए अध्यक्ष एवं आयरनफेदर फाउंडेशन की संस्थापक निदेशक पूर्णिमा शेट्टी ने कहा कि स्वच्छता केवल झाड़ू लगाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक स्वच्छ शहर के लिए अपशिष्ट प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया का जिम्मेदारी और समयबद्ध तरीके से पालन होना जरूरी है। उनके अनुसार सड़क किनारे पड़े कचरे के ढेर प्रशासनिक समन्वय की कमी को उजागर करते हैं। इसी बीच, सोमवार को जीएम पाल्या और मल्लेशपाल्या के बीच मुख्य सड़क पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। सीवी रमन नगर के विधायक एस. रघु के मार्गदर्शन में भाजपा कार्यकर्ताओं और बेंगलुरु सेंट्रल सिटी कॉर्पोरेशन ने सड़क किनारे जमा धूल, मलबा और कचरे को हटाने का प्रयास किया। हालांकि नागरिकों का कहना है कि ऐसे अभियान स्थायी समाधान नहीं बन पा रहे हैं। बसवनगुड़ी के गांधी बाजार क्षेत्र में भी फुटपाथों पर जमा कीचड़ और मलबा चिंता का विषय बना हुआ है। बसवनगुड़ी हेरिटेज रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव गुरुप्रसाद रोटी ने कहा कि समय पर सफाई नहीं होने से लोग उन जगहों पर और अधिक कचरा फेंकने लगते हैं, जिससे पूरा क्षेत्र “काला धब्बा” बन जाता है।

  • गौरव का क्षण: ‘भारतार्थ खबर’ को मिला RNI रजिस्ट्रेशनपाठकों के विश्वास से मिली नई पहचान, निष्पक्ष पत्रकारिता की मजबूत शुरु

    क्रीम रंग के पेज पर QR कोड, आधिकारिक मुहर और डिजिटल हस्ताक्षर के साथ 'भारतार्थ खबर' के लिए भारत सरकार का पंजीकरण प्रमाणपत्र। भारतार्थ खबर। संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) भारत | 25 जून, 2026 मुख्य समाचार ‘भारतार्थ खबर’ परिवार के लिए आज का दिन ऐतिहासिक, प्रेरणादायक और गर्व से भर देने वाला है। भारत सरकार से ‘भारतार्थ खबर’ को आधिकारिक RNI (Registrar of Newspapers for India) रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र प्राप्त हो गया है। यह उपलब्धि केवल एक कानूनी मान्यता नहीं, बल्कि निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित पत्रकारिता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता की बड़ी पहचान है। ‘भारतार्थ खबर RNI रजिस्ट्रेशन’ के साथ अब हमारा समाचार मंच और अधिक विश्वसनीय, सशक्त और जिम्मेदार मीडिया प्लेटफॉर्म के रूप में सामने आया है। यह सफलता हमारे लाखों पाठकों, शुभचिंतकों, सहयोगियों और उन सभी लोगों की है जिन्होंने शुरुआत से हम पर भरोसा जताया, हमारी खबरों को पढ़ा, साझा किया और हमें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। भारतार्थ खबर की शुरुआत समाज की आवाज़ को मजबूती देने, जमीनी मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता को नया आयाम देने के उद्देश्य से हुई थी। सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद हमने हमेशा सच्चाई, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। यही कारण है कि आज ‘भारतार्थ खबर समाचार’ डिजिटल मीडिया जगत में तेजी से अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। RNI रजिस्ट्रेशन मिलने के बाद अब हमारा संकल्प और भी मजबूत हो गया है। आने वाले समय में हम ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक हर महत्वपूर्ण खबर को निष्पक्ष और प्रभावशाली तरीके से आपके सामने लाने का प्रयास करेंगे। डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ-साथ भविष्य में प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में भी विस्तार की योजना पर काम किया जाएगा। हम विश्वास दिलाते हैं कि ‘भारतार्थ खबर’ हमेशा जनता की आवाज़ बनकर लोकतंत्र को मजबूत करने का कार्य करता रहेगा। यह उपलब्धि सिर्फ हमारी नहीं, बल्कि हर उस पाठक की है जिसने सत्य और निष्पक्ष पत्रकारिता का समर्थन किया।

  • महेन्द्र पटेल बने जोधपुर आंजणा समाज के जिला अध्यक्ष, युवाओं में उत्साह

    महेन्द्र पटेल जिला अध्यक्ष नियुक्ति समारोह, जोधपुर भारतार्थ खबर। संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) जोधपुर | 24 जून, 2026। अखिल भारतीय आंजणा (पटेल/चौधरी) युवा महासभा की जोधपुर में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में समाज संगठन को नई दिशा देने वाला बड़ा फैसला लिया गया। जोधपुर के राजेश्वर नगर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में महेन्द्र पटेल (राजौर) को सर्वसम्मति से जोधपुर जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैठक में समाजहित, युवा शक्ति, नशा मुक्ति और संगठन की मजबूती जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं और युवाओं की उपस्थिति ने संगठन की एकजुटता और सामाजिक सक्रियता का मजबूत संदेश दिया। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय आंजणा (पटेल/चौधरी) युवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोहनलाल आंजणा के निर्देशानुसार किया गया। बैठक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भीयाराम पटेल झंवर एवं प्रदेश अध्यक्ष दुर्गाराम पटेल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान राजेश्वर की आरती और राष्ट्रगान के साथ पारंपरिक एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में हुई। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी सावलाराम पटेल (असाड़ा) ने युवाओं को समाज और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए युवाओं का संगठित होना बेहद आवश्यक है। साथ ही उन्होंने 36 कौमों के बीच सामाजिक समन्वय बनाए रखने और नशा मुक्ति अभियान को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि नशे से दूर रहकर समाज को जागरूक, शिक्षित और सशक्त बनाना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। बैठक के दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष आईदानराम पटेल को समाजहित में पांच वर्षों तक निष्पक्षता, सरलता और एकजुटता के साथ सेवा देने पर वरिष्ठ समाजबंधुओं द्वारा सम्मानित किया गया। उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उपस्थित लोगों ने उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इसके बाद अमराराम पटेल (नारनाडी) ने जोधपुर जिला अध्यक्ष पद के लिए महेन्द्र पटेल (राजौर) के नाम का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव को समिति सदस्यों और उपस्थित समाजबंधुओं ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया। इसके पश्चात प्रदेश अध्यक्ष दुर्गाराम पटेल ने महेन्द्र पटेल को माला पहनाकर जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष महेन्द्र पटेल को गुरु राजेश्वर भगवान के बताए मार्ग पर चलकर समाज, धर्म और राष्ट्रहित में कार्य करने की शपथ भी दिलाई गई। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने, युवाओं को जोड़ने और समाज सेवा के कार्यों को गति देने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर कमांडो ओखाराम पटेल, भागाराम पटेल झंवर, श्रवण पटेल नारनाडी, अशोक पटेल बड़ला नगर झंवर, जगदीश पटेल राजेश्वर नगर, राजू पटेल झंवर, मेहराराम पटेल, भीमाराम पटेल सांगरिया, लक्ष्मण पटेल राजौर, कानाराम पटेल, देवेन्द्र पटेल, प्रेमाराम पटेल, मादाराम पटेल, डूंगरराम पटेल, अनिश पटेल, सावलाराम पटेल सहित कई समाजबंधु और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

  • श्री सकल युवा मित्र मंच बैंगलोर की नई कार्यकारिणी घोषित, युवाओं ने लिया सेवा और धर्म का संकल्प

    श्री सकल युवा मित्र मंच बैंगलोर कार्यकारिणी सभा 2026 भारतार्थ खबर। संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बैंगलोर | 24 जून, 2026। धार्मिक, सामाजिक और मानव सेवा के कार्यों को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से श्री सकल युवा मित्र मंच, मंजूनाथनगर, शिवनगर, बैंगलोर-10 की महत्वपूर्ण कार्यकारिणी सभा का आयोजन श्री जैन भवन (उत्तम अंकित विल्ला) में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस बैठक में आगामी दो वर्षों के कार्यकाल के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चयन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं की सक्रिय भागीदारी और समाज सेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक संदेश देखने को मिला। सभा में सर्वसम्मति से नवीन धानेशा को अध्यक्ष, अरिहंत गांधी को मंत्री तथा दर्शन आच्छा को कोषाध्यक्ष चुना गया। नई टीम के गठन के साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा युवाओं को धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने का संकल्प लिया गया। बैठक के दौरान संघ के आय-व्यय का विस्तृत ब्योरा भी प्रस्तुत किया गया, जिससे पारदर्शिता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश मिला। नवनिर्वाचित अध्यक्ष नवीन धानेशा ने अपने संबोधन में कहा कि संघ के तत्वावधान में होने वाले धार्मिक एवं सामाजिक कार्य समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आगामी 20 जुलाई 2026, सोमवार को आयोजित होने वाले चातुर्मास मंगल प्रवेश कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है और संगठित प्रयासों से समाज सेवा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। मंत्री अरिहंत गांधी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए नए सदस्यों को संघ की गतिविधियों से जोड़ने और उनकी सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी युवाओं की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। सभा में आगामी चातुर्मास को सफल बनाने के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। सभी सदस्यों ने तन-मन-धन से सहयोग देने का आश्वासन दिया। साथ ही संघ की मुख्य शाखा के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का प्रस्ताव भी रखा गया। युवा मंच ने धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं मानव सेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय भागीदारी निभाने का निर्णय लिया। पूर्व अध्यक्ष अंकित आच्छा ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए सभी सदस्यों को विहार सेवा में भाग लेने का संकल्प दिलाया। उन्होंने संगठन की एकता और सेवा भावना को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। इस अवसर पर कल्पेश नाहर, प्रीतेश खाबिया, नितिन बोहरा, पियूष बाघमार, हितेन कोठारी, प्रिंस बाघमार, मिलन कोठारी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, संगठनात्मक एकता और सेवा भावना का वातावरण देखने को मिला।

  • JITO हुबली ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दिया फिटनेस और वेलनेस का प्रेरणादायक संदेश

    स्पोर्ट्स पार्क में योग, स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का संगम, परिवारों सहित बड़ी संख्या में शामिल हुए सदस्य भारतार्थ खबर। संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) हुबली | 21 जून, 2026 योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से JITO हुबली चैप्टर ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 को उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण के बीच सफलतापूर्वक मनाया। हुबली के स्पोर्ट्स पार्क में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में सदस्यों, उनके परिवारों और फिटनेस प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सुबह के शांत वातावरण में आयोजित योग सत्र ने प्रतिभागियों को शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक शांति और आत्मिक ऊर्जा का भी अनुभव कराया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योग अभ्यास से हुई, जिसका संचालन ‘योगभावना’ की प्रसिद्ध सर्टिफाइड योग इंस्ट्रक्टर सुश्री भावना करण बाफना ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, श्वास तकनीक और माइंडफुलनेस अभ्यास करवाए। सत्र के दौरान उन्होंने बताया कि नियमित योग करने से शरीर का लचीलापन बढ़ता है, तनाव कम होता है और मानसिक संतुलन बेहतर होता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन में JITO हुबली के वाइस चेयरमैन श्री शरद मोमाया ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और भावनाओं के संतुलन का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी सदस्यों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता और वेलनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हेल्दी ब्रेकफास्ट और नेटवर्किंग सत्र भी आयोजित किया गया। इससे सदस्यों को एक-दूसरे से संवाद करने और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने का अवसर मिला। पूरे आयोजन के दौरान सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर प्रवीण चौधरी (मुख्य सचिव), गौतम ओसवाल, प्रकाश कोठारी, पुरा नाहटा, नवीन खिवेसरा, भरत पटवारी, आशीष नाहटा, अक्षय बगरेचा, नीरव मोमाया, भरत गुलेचा, सूरज कवाड़, संगीता संघवी, रक्षिता तलेडा, कविता बाफना, जल्पा शाह, मंजू ओसवाल, वनिता सुराणा और सपना टाटेड सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं उनके परिवार मौजूद रहे। JITO हुबली द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम ने यह साबित किया कि योग केवल एक परंपरा नहीं बल्कि आधुनिक जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। कार्यक्रम का समापन प्रेरणादायक वातावरण में हुआ, जिसने सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ और संतुलित जीवन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

  • Foreign Funding पर मोदी सरकार सख्त, धर्मांतरण रोकने के लिए NGO नियमों में बड़ा बदलाव

    FCRA के नए नियम लागू, विदेशी फंड पाने वाले NGOs के सोशल मीडिया, फंडिंग स्रोत और गतिविधियों पर रहेगी कड़ी नजर भारतार्थ खबर। संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) नई दिल्ली | 23 जून, 2026।Foreign Funding और धर्मांतरण गतिविधियों पर केंद्र सरकार ने बड़ा शिकंजा कस दिया है। मोदी सरकार ने विदेशी फंड प्राप्त करने वाले गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) के लिए FCRA यानी फॉरेन कॉन्ट्रिब्यूशन रेगुलेशन एक्ट के नियमों में व्यापक बदलाव कर दिए हैं। नए नियमों के तहत अब NGOs को विदेशी फंड का असली स्रोत बताना होगा, सोशल मीडिया अकाउंट्स की जानकारी देनी होगी और यह स्पष्ट करना होगा कि वे किन राज्यों में और किस उद्देश्य से काम करेंगे। सरकार का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य विदेशी फंडिंग में पारदर्शिता बढ़ाना, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखना और धर्मांतरण जैसी गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करना है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अब धर्म से जुड़ी कई गतिविधियों की अनुमति होगी, लेकिन “धर्म परिवर्तन” को स्पष्ट रूप से प्रतिबंधित श्रेणी में रखा गया है। नए नियमों के तहत यदि किसी NGO के मुख्य पदाधिकारियों में विदेशी नागरिक शामिल हैं तो ऐसे संगठनों को रजिस्ट्रेशन या पूर्व अनुमति देने पर सामान्यतः विचार नहीं किया जाएगा। हालांकि विशेष परिस्थितियों में केंद्र सरकार अलग आदेश जारी कर सकती है। सरकार ने यह भी अनिवार्य किया है कि विदेशी फंड प्राप्त करने वाले संगठन अपनी गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट सालाना रिटर्न के साथ जमा करें। इसके अलावा अगर किसी NGO या उसके प्रमुख सदस्यों ने कोई पुस्तक, लेख या समाचार संबंधी सामग्री प्रकाशित की है तो उसकी जानकारी भी देनी होगी। गृह मंत्रालय ने कहा कि “डोनर एडवाइज्ड फंड” या “इंटरमीडियरी रेमिटेंस व्हीकल्स” के जरिए आने वाले धन के मामले में भी वास्तविक दाता की जानकारी देना अनिवार्य होगा। इसके जरिए सरकार फंडिंग की पूरी चेन को ट्रैक कर सकेगी। सरकार ने NGO के लिए यह भी तय किया है कि वे अपने कार्यों का उद्देश्य केवल निर्धारित अनुसूची में दी गई गतिविधियों में से ही चुन सकेंगे। इनमें धार्मिक, सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक और आर्थिक गतिविधियां शामिल हैं। हालांकि धार्मिक शिक्षा, आदिवासी परंपराओं के संरक्षण और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में “धर्म परिवर्तन नहीं” की शर्त अनिवार्य रूप से लागू रहेगी। विदेशी फंड प्राप्त करने वाले NGOs को अब अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स की जानकारी भी देनी होगी ताकि उनकी गतिविधियों पर डिजिटल निगरानी रखी जा सके। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी NGO ने पिछले दो वर्षों में विदेशी फंड से कम से कम 10 लाख रुपये अपनी घोषित गतिविधियों पर खर्च नहीं किए, तो उसका लाइसेंस रद्द या नवीनीकरण रोका जा सकता है। सरकार के इस फैसले को समर्थक पारदर्शिता और राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ सामाजिक संगठनों ने इसे निगरानी बढ़ाने वाला कदम बताया है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा राष्ट्रीय बहस का बड़ा विषय बन सकता है।

bottom of page