top of page
भारतार्थ-logo

सेवपुरी में जिंदा कीड़ा, हल्दीराम पर सवाल

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 19 अप्रैल
  • 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

मुंबई। शहर के मालाड पश्चिम स्थित इंफिनिटी मॉल में संचालित मशहूर फूड ब्रांड Haldiram's के एक आउटलेट पर फूड सेफ्टी को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया गया है कि यहां एक ग्राहक को परोसी गई सेवपुरी में जिंदा कीड़ा मिला, जिससे हड़कंप मच गया।


बताया जा रहा है कि यह घटना 17 अप्रैल 2026 की है, जब एक ग्राहक ने सेवपुरी ऑर्डर की। जैसे ही प्लेट सामने आई, उसमें एक कीड़ा रेंगता हुआ दिखाई दिया। इस अप्रत्याशित दृश्य को देखकर न सिर्फ ग्राहक बल्कि आसपास बैठे लोग भी स्तब्ध रह गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ग्राहक अन्य लोगों को प्लेट दिखाते हुए इस गंभीर लापरवाही पर सवाल उठा रहा है। कई लोगों ने मौके पर ही इसे “चौंकाने वाला” और “अस्वीकार्य” बताया। ग्राहक का कहना था कि भले ही आउटलेट का इंटीरियर आकर्षक और साफ-सुथरा दिखता हो, लेकिन असली कसौटी भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता है।

घटना के बाद सबसे अधिक नाराजगी आउटलेट के स्टाफ के रवैये को लेकर सामने आई। आरोप है कि शिकायत करने पर कर्मचारियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और केवल डिश बदलने का प्रस्ताव दिया। न तो औपचारिक माफी मांगी गई और न ही किसी प्रकार की जांच या सुधारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इस उदासीन रवैये ने ग्राहकों के आक्रोश को और बढ़ा दिया।


सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उपभोक्ताओं ने इसे फूड सेफ्टी नियमों की खुली अनदेखी बताते हुए संबंधित अधिकारियों से सख्त कार्रवाई की मांग की है। कई यूजर्स ने कहा कि ऐसे मामलों में भारी जुर्माना लगाया जाना चाहिए या संबंधित आउटलेट को अस्थायी रूप से बंद किया जाना चाहिए। अब इस मामले में निगाहें Food Safety and Standards Authority of India (FSSAI) और स्थानीय खाद्य सुरक्षा विभाग पर टिकी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल उपभोक्ता सुरक्षा बल्कि बड़े ब्रांड्स की गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि नाम और ब्रांड वैल्यू के भरोसे परोस जा रहे खाद्य पदार्थों की वास्तविक गुणवत्ता और सुरक्षा की निगरानी कितनी प्रभावी है।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page