top of page
भारतार्थ-logo

दिल्ली के द्वारका में पुलिस मुठभेड़, लगरपुरिया गैंग के दो शूटर गिरफ्तार

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 19 अप्रैल
  • 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात लगरपुरिया गैंग के दो सक्रिय शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई द्वारका के श्याम विहार इलाके में की गई, जहां पुलिस और बदमाशों के बीच हुई गोलीबारी में एक आरोपी घायल हो गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि विकास गुलिया उर्फ लगरपुरिया गैंग के दो शूटर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से इलाके में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत रणनीति बनाकर मौके पर जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध बदमाश वहां पहुंचे, पुलिस टीम ने उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। दूसरे आरोपी को भी मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने दोनों के पास से हथियार भी बरामद किए हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी हाल ही में द्वारका इलाके में हुई एक फायरिंग की घटना में भी शामिल थे। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर गैंग के नेटवर्क, सहयोगियों और संभावित आपराधिक योजनाओं की जानकारी जुटा रही है।


यह पूरी कार्रवाई डीसीपी कुशल पाल सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन लंगड़ा” के तहत की गई। इस विशेष अभियान का उद्देश्य राजधानी में बढ़ती गैंगवार, टारगेट किलिंग और संगठित अपराध पर लगाम लगाना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। गौरतलब है कि लगरपुरिया गैंग का सरगना विकास गुलिया हरियाणा के झज्जर-बहादुरगढ़ क्षेत्र का कुख्यात अपराधी है, जिस पर हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगवार के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह गुरुग्राम में हुई करीब 30 करोड़ रुपये की लूट का मास्टरमाइंड भी रह चुका है। वर्ष 2022 में उसे दुबई से डिपोर्ट कर भारत लाया गया था, और हाल ही में एक अदालत ने उसे मकोका के तहत उम्रकैद की सजा सुनाई है। हालांकि सरगना जेल में बंद है, लेकिन उसका नेटवर्क अभी भी सक्रिय बना हुआ है। पुलिस का मानना है कि गैंग के शूटर विभिन्न राज्यों में फैले हुए हैं और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। इसी को देखते हुए पुलिस लगातार सतर्क है और समय-समय पर ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। राजधानी में हुई इस ताजा कार्रवाई को संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page