सिलीगुड़ी में मोदी की विजय हुंकार, चुनावी रण में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन
- धन्ना राम चौधरी

- 12 अप्रैल
- 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)
सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल)। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र पश्चिम बंगाल की सियासत अपने चरम पर पहुंच गई है। इसी क्रम में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिलीगुड़ी में आयोजित विशाल ‘विजय संकल्प सभा’ को संबोधित करेंगे। दोपहर 1 बजे होने वाली यह जनसभा चुनावी दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही है, जहां भाजपा अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए मतदाताओं को साधने का प्रयास करेगी।
भाजपा के इस मेगा इवेंट को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सभा स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि पार्टी इस क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एक ही दिन में राज्य के विभिन्न जिलों में तीन विशाल रैलियों को संबोधित कर चुनावी माहौल को गरमा दिया था। शनिवार शाम को दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी के समीप बागडोगरा में आयोजित भव्य रोड शो ने भी राजनीतिक तापमान को और बढ़ा दिया। रोड शो के दौरान हजारों की भीड़ सड़कों के किनारे उमड़ पड़ी और “मोदी-मोदी” व “जय श्री राम” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री का अंदाज भी चर्चा का विषय रहा। शुरुआत में वे वाहन की अगली सीट पर बैठकर लोगों का अभिवादन करते नजर आए, वहीं बाद में खिड़की से बाहर झुककर हाथ हिलाते हुए समर्थकों का उत्साह बढ़ाया। उनके इस सीधे संवाद ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया। पश्चिम बंगाल में भाजपा ने इस बार आक्रामक चुनावी रणनीति अपनाई है। पार्टी राज्यभर में 500 से अधिक रैलियों और जनसभाओं के आयोजन की योजना पर काम कर रही है। शीर्ष केंद्रीय नेतृत्व के साथ-साथ राज्य के प्रमुख नेताओं को भी मैदान में उतारा गया है, जिससे चुनावी मुकाबला और भी रोचक हो गया है।
इसके साथ ही भाजपा ने 15 अप्रैल 2026 से बंगाली नववर्ष ‘पोइला बैसाख’ के अवसर पर प्रतिदिन प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की रणनीति भी बनाई है। इन प्रेस वार्ताओं में पार्टी अपने घोषणापत्र के विभिन्न पहलुओं—कल्याणकारी योजनाएं, सांस्कृतिक पहचान, कृषि सुधार, महिला सशक्तीकरण और बुनियादी ढांचे के विकास—को प्रमुखता से जनता के सामने रखेगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सिलीगुड़ी की यह ‘विजय संकल्प सभा’ न केवल भाजपा के चुनावी अभियान को नई गति देगी, बल्कि राज्य की सियासी दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
_edited.jpg)



टिप्पणियां