top of page
भारतार्थ-logo

शादी से लौट रहे युवक की तलवार से हत्या, उदयपुर के गांव में तनाव—6-7 हमलावरों पर केस

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 1 अप्रैल
  • 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

उदयपुर (राजस्थान)। जिले के पाटिया थाना क्षेत्र स्थित खेड़ाघाटी (बलीचा) गांव में सोमवार देर रात एक युवक की तलवार से निर्मम हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब युवक शादी समारोह से लौट रहा था। वारदात के बाद पूरे गांव में तनाव फैल गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तीन थानों की पुलिस मौके पर तैनात कर दी गई है।


पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नीलेश गरासिया (35) पुत्र लालजी के रूप में हुई है, जो अहमदाबाद में बिल्डिंग ठेकेदारी का कार्य करता था। वह अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए कुछ दिन पहले ही गांव आया था। सोमवार रात करीब 2 बजे वह अपने चचेरे भाई नरेश गरासिया के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था।


घात लगाकर किया हमला

बताया जा रहा है कि शादी समारोह से निकलते ही पहले से घात लगाए बैठे 6-7 बदमाशों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। करीब 200 मीटर आगे सुनसान स्थान पर आरोपियों ने स्कूटी रुकवाकर नीलेश पर अचानक हमला कर दिया।


तलवार से किए ताबड़तोड़ वार

हमलावरों के पास तलवार सहित अन्य धारदार हथियार थे। उन्होंने नीलेश के हाथ, गर्दन और कमर पर लगातार कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान साथ मौजूद नरेश किसी तरह जान बचाकर भाग निकला।


हमलावरों की पहचान, कई नाम सामने आए

प्रत्यक्षदर्शी नरेश के अनुसार हमलावरों में अनिल, विपिन, जयदीप, बद्री, हितेश सहित अन्य युवक शामिल थे। इनमें से कुछ आरोपी शादी समारोह में मौजूद थे, जबकि अन्य बाहर इंतजार कर रहे थे।


घटना के बाद आरोपी फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को खेरवाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। परिजनों की सहमति के बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी।


पुरानी रंजिश बनी वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच लंबे समय से चली आ रही रंजिश इस हत्या का कारण हो सकती है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।


गांव में आक्रोश, प्रदर्शन

घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया। परिजन और ग्रामीण आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। ग्रामीणों ने ढोल बजाकर पंचायत भी बुलाई, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।


तीन थानों की पुलिस तैनात

स्थिति को देखते हुए पाटिया, पहाड़ा और खेरवाड़ा थानों का अतिरिक्त पुलिस जाब्ता गांव में तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।


फॉरेंसिक जांच और पुलिस कार्रवाई

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पाटिया थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह राव ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page