top of page
भारतार्थ-logo

बेंगलुरु व्हाइटफील्ड में सावन महोत्सव, मातृशक्ति ने मनाया भव्य उत्सव

  • लेखक की तस्वीर: धन्नाराम चौधरी
    धन्नाराम चौधरी
  • 24 अग॰
  • 2 मिनट पठन

अपडेट करने की तारीख: 25 अग॰

हरे-पीले गुब्बारों और भारतीय राजपूताना सेवा संगठन के सावन महोत्सव बैनर के सामने साड़ियों में महिलाओं का समूह फोटो, खुशमिजाज माहौल

भारतार्थ खबर संवाददाता धन्नाराम चौधरी Bhaarataarth.com बेंगलुरु, 23 अगस्त 2026। भारतीय राजपुताना सेवा संगठन की व्हाइटफील्ड मातृशक्ति की ओर से सावन महोत्सव का भव्य आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। अध्यक्ष श्रीमती रोहिणी सिंह एवं उनकी टीम के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति बहनों ने भाग लिया। आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति, संस्कार और सामाजिक एकता की झलक दिखाई दी।


माता रानी और भोले बाबा की पूजा से हुआ शुभारंभ


कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से माता रानी और भोले बाबा की पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद संगठन और मातृशक्ति के जयघोष के बीच उपस्थित महिलाओं का तिलक, आरती एवं पुष्पों से स्वागत किया गया।


सावन महोत्सव के दौरान महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर और कप नॉट टचिंग सहित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। मातृशक्ति बहनों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और नृत्य के साथ सावन की खुशियां साझा कीं। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, आपसी प्रेम और सौहार्द का वातावरण बना रहा।


चूड़ी, बिंदी और मेहंदी का वितरण


आयोजन में मातृशक्ति बहनों को चूड़ी, बिंदी, मेहंदी और केले वितरित किए गए। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली एवं भाग लेने वाली महिलाओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम ने महिलाओं को मनोरंजन के साथ एक-दूसरे से जुड़ने और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने का अवसर भी प्रदान किया।


मातृशक्ति संगठन की मजबूत आधारशिला : अनिल सिंह


भारतीय राजपुताना सेवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल सिंह सिकरवार ने मातृशक्ति को सावन महोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति संगठन की मजबूती की महत्वपूर्ण आधारशिला है। महिलाओं की एकजुटता, सक्रिय सहभागिता और संस्कारों के प्रति समर्पण समाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए रोहिणी सिंह और व्हाइटफील्ड मातृशक्ति टीम को बधाई दी तथा कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।


सावन महोत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और महिला सहभागिता के सुंदर संगम के रूप में सम्पन्न हुआ।


टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page