top of page
भारतार्थ-logo

व्हाइटफील्ड में उमड़ा राजपूताना एकता का रंग, होली मंगल मिलन में दिखा सांस्कृतिक वैभव

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 3 मार्च
  • 2 मिनट पठन

अपडेट करने की तारीख: 20 मार्च

  • Group of people celebrating with colored powder on faces

भारतार्थ खबर बेंगलूरु संवाददाता, धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

बेंगलूरु। भारतीय राजपूताना सेवा संगठन द्वारा आयोजित होली मंगल मिलन समारोह का भव्य आयोजन शहर के व्हाइटफील्ड क्षेत्र में हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के गणमान्यजनों, पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में समाज बंधुओं की उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।


समारोह का आयोजन बेंगलूरु अध्यक्ष सुनील सिंह के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा को साकार रूप देने में बेंगलूरु आयोजन सचिव संजय सिंह एवं व्हाइटफील्ड उपाध्यक्ष चेतन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं व्हाइटफील्ड अध्यक्ष आशुतोष सिंह, गोपाल सिंह, धनंजय सिंह एवं परमेश्वर सिंह सहित स्थानीय टीम ने व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित कर आयोजन को सफल बनाया।


  • Large group of people covered in Holi colors

कार्यक्रम की शुरुआत संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल सिंह सिकरवार के प्रेरणादायी संबोधन से हुई। उन्होंने संगठन की विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए समाजजनों से अपने पूर्वजों की गौरवशाली परंपराओं का सम्मान बनाए रखने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं।


इस अवसर पर क्षत्राणियों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना एवं सरस्वती वंदना ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोकगीतों, पारंपरिक होली गीतों एवं नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षत्रिय जीवन मूल्यों, परंपराओं और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और तालियों की गूंज से पूरा पंडाल उत्साह से भर उठा।


  • Group of women celebrating with colorful powder on faces

समारोह में राष्ट्रीय महासचिव प्रेम सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बेंगलूरु, व्हाइटफील्ड एवं काठगोदी क्षेत्र से आए समाज बंधुओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेकर आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता का परिचय दिया।


कार्यक्रम का समापन सामूहिक होली मिलन, रंग-अभिनंदन एवं एक-दूसरे को शुभकामनाएं देने के साथ हुआ। आयोजकों ने इसे समाज की संगठनात्मक शक्ति, सांस्कृतिक गौरव एवं पारिवारिक एकता का प्रतीक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।


होली के पावन अवसर पर आयोजित इस समारोह ने यह संदेश दिया कि परंपराओं और आधुनिकता के समन्वय से समाज को सशक्त एवं संगठित बनाया जा सकता है। उपरोक्त जानकारी संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल सिंह सिकरवार ने दी।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page