राममूर्ति नगर में अप्पू उत्सव और किड्स कार्निवल का रंगारंग आयोजन, 300 से अधिक बाल प्रतिभाओं ने दिखाई अपनी कला
- धन्ना राम चौधरी

- 15 मार्च
- 2 मिनट पठन
अपडेट करने की तारीख: 18 मार्च
भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम (Bharatarth.com)
बेंगलूरु। ईदु नीमा वाहिनी कला वेदीके द्वारा रविवार, 15 मार्च को राममूर्ति नगर स्थित नाट्य प्रिया सभागार में “अप्पू उत्सव एवं किड्स कार्निवल” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए 300 से भी अधिक बाल प्रतिभाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर बच्चों के लिए नृत्य प्रतियोगिता, विशेष वेशभूषा प्रतियोगिता तथा अन्य कई रचनात्मक स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे बच्चों ने मंच पर आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान सभागार में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और अभिभावकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी महेंद्र मुणोत ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। इससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपनी रचनात्मकता को खुलकर प्रस्तुत कर पाते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि समाज में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान वेदीके की अध्यक्ष चंद्रिका बीवी एवं सचिव किशोर कुमार ने मुख्य अतिथि महेंद्र मुणोत का सम्मान कर उनका स्वागत किया। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य बच्चों को कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है ताकि उनमें छिपी प्रतिभा को उचित मंच मिल सके।
समापन अवसर पर विजेता बच्चों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, स्थानीय नागरिक और कला प्रेमी उपस्थित रहे। पूरे उत्सव ने बच्चों की प्रतिभा, उत्साह और रचनात्मकता की एक शानदार झलक प्रस्तुत की।
_edited.jpg)




टिप्पणियां