राम नाम से शुरू और समाप्त होता है हमारा दिन: महेंद्र मुणोत
- धन्ना राम चौधरी

- 30 मार्च
- 1 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)
बेंगलूरु। बैटरायनपुरा क्षेत्र में विभिन्न हिंदू संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में भव्य राम जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, समाज के गणमान्य व्यक्तियों एवं स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि महेंद्र मुणोत ने अपने उद्बोधन में मर्यादापुरुषोत्तम भगवान श्री राम के आदर्शों और उनके जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान श्री राम केवल आस्था के प्रतीक ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और संस्कारों की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि “भगवान राम हमारे हृदय में बसते हैं, हमारे संस्कारों में बसते हैं। हम हिंदुओं की सुबह भी राम के नाम से शुरू होती है और शाम भी राम के नाम से ही समाप्त होती है।”
मुणोत ने आगे कहा कि श्रीराम का जीवन हमें सत्य, मर्यादा, कर्तव्य और आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देता है। समाज को उनके आदर्शों को अपनाकर एक सशक्त और संस्कारित राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता रामांजनी ने महेंद्र मुणोत का सम्मान शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने भगवान श्री राम के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में भजन-कीर्तन, रामायण पाठ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता, सांस्कृतिक जागरूकता एवं धार्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।
अंत में सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया तथा कार्यक्रम का समापन शांतिपूर्वक एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
_edited.jpg)



टिप्पणियां