top of page
भारतार्थ-logo

राज्यसभा चुनाव से पहले ‘वोट खरीद’ का आरोप, डीके शिवकुमार का भाजपा पर हमला; 5 करोड़ में क्रॉस वोटिंग की कोशिश का दावा

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 16 मार्च
  • 3 मिनट पठन

अपडेट करने की तारीख: 20 मार्च

  • DK Shivakumar speaking

भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

बेंगलूरु। कर्नाटक में राज्यसभा चुनाव से ठीक पहले सियासी माहौल गर्म हो गया है। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि ओडिशा के कांग्रेस विधायकों को क्रॉस वोटिंग कराने के लिए भारी रकम की पेशकश की गई। उनके अनुसार, प्रत्येक विधायक को करीब 5 करोड़ रुपये देने का प्रस्ताव दिया गया था।


इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह घटना कर्नाटक के बिदादी क्षेत्र में सामने आई, जहां ओडिशा के कांग्रेस विधायक राज्यसभा चुनाव से पहले एक रिसॉर्ट में ठहरे हुए थे।


रिसॉर्ट में विधायकों से संपर्क की कोशिश

उपमुख्यमंत्री शिवकुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि ओडिशा के कांग्रेस विधायक बिदादी स्थित एक निजी रिसॉर्ट में ठहरे हुए थे। इसी दौरान चार अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और विधायकों से संपर्क स्थापित करने की कोशिश की।


उन्होंने बताया कि इन लोगों ने एक स्थानीय व्यक्ति की मदद से विधायकों तक पहुंच बनाने का प्रयास किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पहले ऑनलाइन माध्यम से संपर्क साधने की कोशिश की गई और बाद में व्यक्तिगत मुलाकात का प्रयास किया गया।


हर वोट के बदले 5 करोड़ रुपये की पेशक

शिवकुमार ने आरोप लगाया कि विधायकों को राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बदले प्रति विधायक 5 करोड़ रुपये देने की पेशकश की गई। हालांकि, संबंधित कांग्रेस विधायकों ने इस प्रस्ताव को तुरंत ठुकरा दिया और इसकी जानकारी पार्टी नेतृत्व को दी।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक सिद्धांतों की राजनीति में विश्वास रखते हैं और इस तरह की खरीद-फरोख्त में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया। शिवकुमार ने दावा किया कि इस पूरे घटनाक्रम की सूचना मिलते ही पुलिस को सतर्क किया गया।


पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस को कुछ दस्तावेज और चेक भी मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त किया जाना चाहिए।


उन्होंने कहा कि इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी और जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शिवकुमार के मुताबिक, पकड़े गए लोगों ने प्रारंभिक पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे विधायकों से इसी उद्देश्य से मिलने पहुंचे थे।


भाजपा पर ‘ऑपरेशन लोटस’ का आरोप

शिवकुमार ने इस पूरे घटनाक्रम को भाजपा के कथित ‘ऑपरेशन लोटस’ से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के विधायकों को अपने पक्ष में करने के लिए इस तरह की कोशिशें पहले भी कई राज्यों में की गई हैं।


कांग्रेस लंबे समय से भाजपा पर यह आरोप लगाती रही है कि वह विपक्षी दलों के विधायकों को अपने पक्ष में लाकर सरकारों को अस्थिर करने की रणनीति अपनाती है।


आंतरिक मतभेदों से किया इनकार

इस दौरान जब दावणगेरे में टिकट वितरण को लेकर पार्टी के भीतर मतभेदों की चर्चा पर सवाल किया गया, तो शिवकुमार ने इसे सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में किसी प्रकार का विवाद नहीं है और सभी नेता व कार्यकर्ता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्णयों का सम्मान करते हैं।


मतदान के लिए भुवनेश्वर जाएंगे विधायक


सूत्रों के अनुसार, ओडिशा के कांग्रेस विधायक रविवार रात भुवनेश्वर के लिए रवाना होंगे, जहां वे सोमवार को होने वाले राज्यसभा चुनाव में मतदान करेंगे।


राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि भाजपा द्वारा चुनाव में एक अतिरिक्त उम्मीदवार उतारे जाने के बाद चुनावी समीकरण और दिलचस्प हो गए हैं। इसी कारण विधायकों की खरीद-फरोख्त की आशंकाएं भी तेज हो गई हैं।


ओडिशा में राज्यसभा की इस सीट के लिए कांग्रेस और बीजू जनता दल ने एक-एक उम्मीदवार मैदान में उतारा है, जिससे मुकाबला कड़ा माना जा रहा है।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page