मैथिली ठाकुर की पहल रंग लाई: 2 किमी पैर घसीटकर स्कूल जाने वाली दिव्यांग छात्रा सोनी को मिली ट्राइसाइकिल, सोनू सूद ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
- धन्ना राम चौधरी

- 13 मार्च
- 2 मिनट पठन
अपडेट करने की तारीख: 20 मार्च
भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)
गोपालगंज (बिहार)। सोशल मीडिया के दौर में कई बार एक छोटी सी पहल भी किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ा बदलाव ला देती है। ऐसा ही एक प्रेरणादायक मामला बिहार के गोपालगंज जिले से सामने आया है, जहां दिव्यांग छात्रा सोनी कुमारी के संघर्ष की कहानी ने पूरे देश का ध्यान खींच लिया। दोनो पैरों से दिव्यांग होने के बावजूद प्रतिदिन लगभग दो किलोमीटर तक पैर घसीटकर स्कूल जाने वाली इस मासूम बच्ची का वीडियो वायरल होने के बाद कई लोग उसकी मदद के लिए आगे आए।
सोनी कुमारी गोपालगंज जिले के रामनगर गांव की रहने वाली है। उसके पिता का निधन हो चुका है और उसकी मां मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करती हैं। आर्थिक तंगी और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद सोनी का हौसला कम नहीं हुआ। पहली कक्षा में पढ़ने वाली सोनी का सपना है कि वह पढ़-लिखकर एक दिन डॉक्टर बने और लोगों की सेवा करे।
सोनी के संघर्ष का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर की नजर इस पर पड़ी। उन्होंने तुरंत बच्ची की मदद करने का निर्णय लिया। मैथिली ठाकुर ने सोशल मीडिया के माध्यम से सोनी के घर का पता, संपर्क नंबर और अन्य जानकारी मांगी और इस मामले को प्रशासन तक पहुंचाया।
उन्होंने गोपालगंज के जिलाधिकारी से फोन पर बात कर बच्ची को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उनकी इस पहल के बाद जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए तेजी से कार्रवाई की।
जिला प्रशासन की ओर से जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार सहित अन्य अधिकारी सोनी के घर पहुंचे और उसे ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई। इसके साथ ही पढ़ाई से जुड़ी आवश्यक सामग्री भी दी गई, ताकि वह बिना किसी परेशानी के अपनी शिक्षा जारी रख सके।
गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि शिक्षा के अधिकार के तहत सोनी का प्रवेश ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल में कराया गया है। उन्होंने कहा कि यदि पहले ट्राइसाइकिल के लिए आवेदन मिलता तो यह सुविधा पहले ही उपलब्ध कराई जा सकती थी। अब मामले की जांच कर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई भी की जाएगी।
सोनी की कहानी ने फिल्म जगत को भी भावुक कर दिया। प्रसिद्ध अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद ने भी इस बच्ची की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि बच्ची का पता भेज दिया जाए, वे उसके घर व्हीलचेयर पहुंचवा देंगे।
सोनी कुमारी की मदद के लिए आगे आए लोगों की संवेदनशीलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यदि समाज मिलकर प्रयास करे तो किसी भी जरूरतमंद के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। अब ट्राइसाइकिल मिलने से सोनी को स्कूल आने-जाने में काफी सुविधा होगी और वह अपने सपनों को साकार करने की दिशा में और मजबूती से आगे बढ़ सकेगी।
_edited.jpg)




टिप्पणियां