मणिशंकर अय्यर के बयान पर जयपुर में भाजपा का उग्र विरोध, गांधी सर्किल पर पुतला दहन
- धन्ना राम चौधरी

- 15 मार्च
- 2 मिनट पठन
अपडेट करने की तारीख: 20 मार्च
भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम (Bharatarth.com)
जयपुर। कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दिए गए कथित बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। रविवार को जयपुर के कनोडिया कॉलेज के सामने स्थित गांधी सर्किल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मणिशंकर अय्यर का पुतला दहन किया और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
दोपहर करीब 3:30 बजे बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता गांधी सर्किल पर एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने “कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद”, “राहुल गांधी मुर्दाबाद” और “मणिशंकर अय्यर मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाते हुए कांग्रेस के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने इस मामले में तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना पूरे देश का अपमान है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मणिशंकर अय्यर ने देश के प्रधानमंत्री का अपमान किया है और देशवासी इसे कभी स्वीकार नहीं करेंगे।
बगड़ी ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान वैश्विक स्तर पर निरंतर बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ नेता ओछी मानसिकता के साथ राजनीति कर रहे हैं, जो बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करना न केवल प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंचाना है, बल्कि यह देश के 140 करोड़ नागरिकों का भी अपमान है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं की भाषा की मर्यादा समाप्त हो चुकी है और वे अपने पद की गरिमा तक भूल चुके हैं। लगातार चुनावी हार से बौखलाई कांग्रेस अब इस प्रकार की अमर्यादित बयानबाजी कर रही है। बगड़ी ने कहा कि जिस पार्टी का नेतृत्व राहुल गांधी जैसे नेता कर रहे हों, वहां से इस तरह की बयानबाजी होना कोई आश्चर्य की बात नहीं है। उन्होंने मांग की कि मणिशंकर अय्यर सार्वजनिक रूप से देश के प्रधानमंत्री और देशवासियों से माफी मांगें।
इस दौरान भाजपा के महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने भी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान पूरे देश का अपमान है। प्रधानमंत्री केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के जनादेश का प्रतीक होते हैं। ऐसे में उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है।
सैनी ने कहा कि भाजपा इस प्रकार की भाषा और मानसिकता को कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने मांग की कि मणिशंकर अय्यर तुरंत अपने बयान पर माफी मांगें और कांग्रेस पार्टी भी इस विषय पर अपनी स्थिति स्पष्ट करे।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस नेताओं की इस प्रकार की बयानबाजी जारी रहती है तो भाजपा कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में इसी तरह विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब इस प्रकार की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी और देश की गरिमा के खिलाफ किसी भी टिप्पणी का सशक्त विरोध किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, युवा मोर्चा कार्यकर्ता और जयपुर शहर भाजपा के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
_edited.jpg)




टिप्पणियां