भक्ति व तप की अद्भुत मिसाल: शाश्वती ओलीजी आराधना सम्पन्न, तपस्वियों का सम्मान
- धन्ना राम चौधरी

- 4 अप्रैल
- 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)
मदुराई। श्री सुमतिनाथजी जैन मंदिर ट्रस्ट, मदुराई के तत्वावधान में शाश्वती चैत्र मास ओलीजी के पावन अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय आयंबिल तप आराधना श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। स्थानीय श्री राजेन्द्र भवन में आयोजित इस आध्यात्मिक महाआयोजन ने पूरे क्षेत्र में धर्ममय वातावरण का सृजन करते हुए श्रद्धालुओं को आत्मशुद्धि और साधना के मार्ग पर प्रेरित किया।
श्री संघ प्रवक्ता दिनेश सालेचा ने जानकारी देते हुए बताया कि नौ दिनों तक चले इस आयोजन में कुल 121 आयंबिल तप की प्रभावशाली आराधना संपन्न हुई। तपस्वियों ने कठोर नियमों का पालन करते हुए संयम, त्याग और साधना का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। इस दौरान वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा और श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेते रहे।
ओली पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पारणा कराने का सौभाग्य भरत कुमार घेवरचंद लुबाजी क्षत्रिया वोरा परिवार (मूल निवासी सुराणा, राजस्थान, वर्तमान में मदुराई प्रवासी) को प्राप्त हुआ। परिवार द्वारा श्रद्धापूर्वक किए गए इस पुण्य कार्य की समाजजनों ने भूरि-भूरि सराहना की।
आयोजन की सफलता में आयंबिल कमेटी एवं श्री मदुरै जैन नवयुवक मंडल का विशेष योगदान रहा। दोनों संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने पूरे समर्पण भाव से व्यवस्थाओं को संभालते हुए कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, अनुशासित एवं भव्य रूप प्रदान किया। इसके अतिरिक्त अन्य सेवाभावी मंडलों ने भी तन-मन-धन से सहयोग देकर आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
समापन अवसर पर श्री सुमतिनाथजी जैन मंदिर ट्रस्ट द्वारा लाभार्थी परिवार का सम्मान किया गया तथा सभी सहयोगियों, कार्यकर्ताओं और सेवाभावी व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर संघ के लीलचंद पतियाट, जवेरीलाल बाफना, पृथ्वीराज पतियाट, रमेशकुमार संकलेचा, नरपतराज बागरेचा, भभूतमल फोलामुथा, किशोर बालड़, जुगराज जैन, पवनकुमार फोलामुथा, हितेश सदानी, विनोद सोलंकी, प्रदीप घोड़ा, कैलाश संकलेचा सहित अनेक गणमान्य सदस्य, महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता, सेवा, अनुशासन और समर्पण की भावना को भी सुदृढ़ करने वाला प्रेरणास्रोत सिद्ध हुआ।
_edited.jpg)



टिप्पणियां