बेंगलूरु में महावीर जन्म कल्याणक पर आज निकलेगा भव्य वरघोड़ा, जैन समाज में उत्साह चरम पर
- धन्ना राम चौधरी

- 31 मार्च
- 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com
बेंगलूरु, 31 मार्च 2026। भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक के पावन अवसर पर बेंगलूरु में आज भव्य वरघोड़ा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जैन समाज के इस प्रमुख धार्मिक आयोजन को लेकर शहरभर में विशेष उत्साह और उल्लास का वातावरण बना हुआ है। कार्यक्रम का आयोजन जैन मित्र मंडल, बेंगलूरु के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन समिति के अनुसार, वरघोड़ा दोपहर 2:45 बजे श्री मुनिसुव्रत स्वामी जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ, कॉक्सटाउन से प्रारंभ होगा। इससे पूर्व श्रद्धालुओं को दोपहर 2:15 बजे तक एकत्रित होने का आग्रह किया गया है। यह भव्य शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री चंद्रप्रभु जैन मंदिर, ऑसबोर्न रोड पर सम्पन्न होगी।
शोभायात्रा में पारंपरिक जैन बैंड, बाजा, सजे-धजे रथ, बग्गियां, घोड़ा गाड़ियां तथा ढोल-नगाड़ों के साथ धार्मिक भजनों की मधुर ध्वनि गूंजेगी, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति और आस्था का संचार होगा। श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर भगवान महावीर के सिद्धांतों—अहिंसा, सत्य और संयम—का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर कई विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी, जिनमें निर्मलकुमार सुराणा (पूर्व विधायक एवं भाजपा कर्नाटक उपाध्यक्ष), केशवराजन्ना बी. केपीसीसी सचिव, बेंगलूरु), सरदारमल सुराणा, श्री आर. श्रीधर अन्ना, श्रीमती सीआर गीता (एसीपी भारती नगर) तथा रमेशचंद बोहरा (उपाध्यक्ष, बीएमजेएच) शामिल रहेंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अभिषेक लुनिया, विशाल लोढ़ा, अजय बोहरा, मनीष लालवानी, जितेन्द्र लुणावत, मनोज बगानी, संदीप सकलेचा, जयचंद आचा सहित जैन मित्र मंडल के सभी सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
आयोजकों ने समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया है, ताकि भगवान महावीर के आदर्शों—अहिंसा, करुणा और सद्भाव—का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जा सके। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को सुदृढ़ करने का भी सशक्त माध्यम बनेगा।
_edited.jpg)



टिप्पणियां