बंगाल चुनाव: भाजपा का ‘भरोसा पत्र’ जारी
- धन्ना राम चौधरी

- 10 अप्रैल
- 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी का ‘भरोसा पत्र’ जारी किया। इस दस्तावेज़ को पार्टी ने राज्य के सर्वांगीण विकास का रोडमैप बताते हुए महिलाओं, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों सहित सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया है।
भरोसा पत्र जारी करते हुए अमित शाह ने कहा कि यह केवल एक घोषणापत्र नहीं, बल्कि ‘सोनार बंगला’ के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का यह दस्तावेज़ राज्य को वर्तमान “निराशा और अव्यवस्था” से बाहर निकालकर विकास और सुशासन की राह पर ले जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून का राज स्थापित करना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता होगी।
भाजपा के इस भरोसा पत्र में महिलाओं और युवाओं के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। पार्टी ने प्रत्येक महिला को 3,000 रुपये मासिक सहायता देने का वादा किया है, वहीं बेरोजगार युवाओं को भी 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस कदम उठाने का भरोसा दिलाया गया है। कृषि क्षेत्र को लेकर भी भाजपा ने कई अहम घोषणाएं की हैं। चावल, आलू और आम की खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष सहायता देने की बात कही गई है। वहीं मछुआरों के लिए प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत पंजीकरण सुनिश्चित कर राज्य को एक बड़े मछली-निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकारी कर्मचारियों के लिए सातवें वेतन आयोग के अनुरूप वेतन और महंगाई भत्ता देने का वादा भी भरोसा पत्र में शामिल है। साथ ही, आयुष्मान भारत योजना सहित केंद्र सरकार की सभी प्रमुख योजनाओं को राज्य में प्रभावी रूप से लागू करने की बात कही गई है। स्वास्थ्य क्षेत्र में मुफ्त एचपीवी टीकाकरण, स्तन कैंसर जांच और उत्तरी बंगाल में एम्स, आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों की स्थापना का प्रस्ताव भी रखा गया है।
सांस्कृतिक और सामाजिक मोर्चे पर भाजपा ने ‘वंदे मातरम संग्रहालय’ की स्थापना और धार्मिक स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए कानून लाने की घोषणा की है। इसके अलावा, कुर्माली और राजबोंगशी भाषाओं को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने का भी वादा किया गया है। गृह मंत्री ने सुरक्षा के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए घुसपैठ के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें मतदाता सूची से हटाया जाएगा और देश से बाहर भेजा जाएगा। साथ ही राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने का भी वादा दोहराया। इस दौरान अमित शाह ने राज्य की सत्ताधारी अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ‘सिंडिकेट राज, गुंडाराज और घुसपैठ’ जैसी समस्याएं बढ़ी हैं, जिससे आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने पहले वामपंथी सरकार को हटाकर बदलाव की उम्मीद में ममता बनर्जी को मौका दिया था, लेकिन अब वही जनता परिवर्तन की ओर देख रही है। भाजपा ने भरोसा जताया कि उसका ‘भरोसा पत्र’ राज्य में एक नई राजनीतिक दिशा और विकास की संभावनाओं को मजबूत करेगा।
_edited.jpg)



टिप्पणियां