top of page
भारतार्थ-logo

बंगाल चुनाव: कांग्रेस का बड़ा वादा, महिलाओं को ₹2000 और किसानों को ₹15000

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 8 अप्रैल
  • 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी के बीच भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने मंगलवार को अपना बहुप्रतीक्षित घोषणापत्र जारी कर दिया। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में जारी इस घोषणापत्र में आर्थिक मजबूती, रोजगार सृजन और सामाजिक सुरक्षा को मुख्य फोकस बनाया गया है।

घोषणापत्र में कांग्रेस ने महिलाओं और किसानों के लिए सीधे आर्थिक सहायता का बड़ा वादा किया है। पार्टी ने सत्ता में आने पर महिलाओं को हर महीने ₹2000 और किसानों को सालाना ₹15,000 देने की घोषणा की है। इसके साथ ही किसानों के लिए बेहतर खरीद व्यवस्था और मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया है।

रोजगार और युवाओं पर फोकस

कांग्रेस ने युवाओं को साधने के लिए बड़े स्तर पर रोजगार सृजन की बात कही है। घोषणापत्र में सभी सरकारी रिक्त पदों को भरने और नए अवसर पैदा करने का वादा किया गया है। पार्टी का दावा है कि इससे राज्य में बढ़ती बेरोजगारी पर लगाम लगेगी।

AI और स्टार्ट-अप्स को बढ़ावा

आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देते हुए कांग्रेस ने हर जिले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर विकसित करने की योजना पेश की है। साथ ही स्थानीय स्टार्ट-अप्स को प्रोत्साहन देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का रोडमैप भी रखा गया है।

कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा

कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए पार्टी ने ‘कानून का राज’ स्थापित करने का संकल्प लिया है। घोषणापत्र में कहा गया है कि दोषी व्यक्ति को उसके पद या राजनीतिक संबद्धता के आधार पर कोई छूट नहीं दी जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट, मुफ्त शिक्षा और ₹10 लाख तक का सरकारी स्वास्थ्य बीमा देने का वादा भी किया गया है।

भ्रष्टाचार पर सख्ती का दावा

कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को गंभीर चुनौती बताते हुए सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। पार्टी का कहना है कि हालिया मामलों में बड़ी नकदी बरामदगी जैसे घटनाक्रम लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय हैं, जिन पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।

स्टार प्रचारकों की सूची जारी

चुनावी अभियान को धार देने के लिए कांग्रेस ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी की है। इसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा जैसे वरिष्ठ नेता शामिल हैं, जो राज्यभर में प्रचार की कमान संभालेंगे।

अकेले चुनाव लड़ने का फैसला

कांग्रेस ने इस बार पश्चिम बंगाल की सभी 294 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी का मानना है कि पिछले चुनावों में गठबंधन का प्रयोग सफल नहीं रहा और इससे संगठन कमजोर हुआ।

पार्टी प्रभारी गुलाम अहमद मीर के अनुसार, जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को मजबूत करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

घटता जनाधार बनी चुनौती

कांग्रेस के सामने राज्य में अपनी खोई जमीन वापस पाने की बड़ी चुनौती है। 2016 में 44 सीटें जीतने वाली पार्टी 2021 में शून्य पर सिमट गई थी। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने तेजी से उभरते हुए मुख्य विपक्ष की भूमिका हासिल कर ली है।

ऐसे में कांग्रेस का यह घोषणापत्र न केवल चुनावी वादों का दस्तावेज है, बल्कि राज्य में अपनी राजनीतिक वापसी की रणनीति का अहम हिस्सा भी माना जा रहा है। अब देखना होगा कि मतदाता इन वादों पर कितना भरोसा जताते हैं और चुनावी नतीजों में इसका कितना असर दिखाई देता हैं।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page