पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का ऐलान: बंगाल में दो चरण, 9 और 23 अप्रैल को वोटिंग; 4 मई को आएंगे नतीजे
- धन्ना राम चौधरी

- 15 मार्च
- 2 मिनट पठन
अपडेट करने की तारीख: 20 मार्च
भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम (Bharatarth.com)
नई दिल्ली। देश के पांच राज्यों— पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का रविवार को औपचारिक ऐलान कर दिया गया। भारतीय निर्वाचन आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि सभी राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में मतदान अप्रैल माह में संपन्न होगा, जबकि मतगणना 4 मई 2026 को एक साथ कराई जाएगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि इन पांचों क्षेत्रों में कुल लगभग 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है और अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। इन सभी क्षेत्रों में कुल 824 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे।
चुनाव आयोग के अनुसार स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। आयोग ने संविधान के अनुच्छेद 324 और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 20B के तहत केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की है, जो चुनावी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान
पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण में 23 अप्रैल 2026 को 152 सीटों पर मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल 2026 को शेष 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। राज्य में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी वर्ष 2011 से राज्य की सत्ता में है।
असम में एक चरण में मतदान
असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल 2026 को एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए और कांग्रेस के बीच होने की संभावना है। मतगणना 4 मई 2026 को होगी।
केरल में भी 9 अप्रैल को वोटिंग
केरल की 140 विधानसभा सीटों के लिए भी 9 अप्रैल 2026 को मतदान होगा। राज्य में सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) और विपक्षी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा। वहीं भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला एनडीए भी चुनावी मैदान में है।
तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल 2026 को एक चरण में मतदान होगा। राज्य में चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपने-अपने गठबंधनों और सीट बंटवारे को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। यहां कांग्रेस, डीएमके और सीपीआई गठबंधन चुनाव लड़ रहा है, जबकि विपक्ष में एनआर कांग्रेस, भाजपा और एआईएडीएमके का गठबंधन मैदान में है। चुनाव परिणाम 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे।
पुडुचेरी में 30 सीटों के लिए चुनाव
केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल 2026 को मतदान कराया जाएगा।
छह राज्यों में उपचुनाव भी
चुनाव आयोग ने इसके साथ ही गोवा, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नागालैंड और त्रिपुरा की कुछ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराने की भी घोषणा की है। इनमें से गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा में 9 अप्रैल 2026 , जबकि महाराष्ट्र और गुजरात में 23 अप्रैल 2026 को मतदान कराया जाएगा।
चुनाव आयोग ने कहा कि सभी राज्यों में स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था सहित चुनावी प्रबंधन के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
_edited.jpg)




टिप्पणियां