top of page
भारतार्थ-logo

नवकार मंत्र जाप से गूंजा शिवमोग्गा, विश्व शांति का संदेश

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 9 अप्रैल
  • 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

शिवमोग्गा। विश्व शांति और वैश्विक सद्भावना के उद्देश्य से जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) लेडीज विंग शिवमोग्गा द्वारा “विश्व नवकार कल्याण दिवस” के पावन अवसर पर भव्य नवकार महामंत्र जाप का आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की विशाल उपस्थिति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम 9 अप्रैल 2026 को प्रातः 8:00 बजे महावीर जैन भवन के द्वितीय तल पर आयोजित हुआ, जहां पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों ने निर्धारित ड्रेस कोड में उपस्थित होकर सामूहिक नवकार मंत्र जाप में भाग लिया। मंत्रोच्चार की मधुर ध्वनि से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा।


विशेष बात यह रही कि भारत के माननीय गृहमंत्री अमित शाह भी इस आयोजन से ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और इस पहल की सराहना की। उनके जुड़ने से आयोजन का महत्व और भी बढ़ गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में जहां चारों ओर अशांति का माहौल व्याप्त है, वहीं नवकार मंत्र जाप मानसिक शांति, सकारात्मकता और आत्मिक संतुलन का सशक्त माध्यम है। यह मंत्र न केवल व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन लाता है, बल्कि समाज में एकता, भाईचारा और सद्भाव को भी सुदृढ़ करता है। सभी श्रद्धालुओं ने शांतभाव और अनुशासन के साथ सहभागिता निभाते हुए जैन धर्म की एकता, श्रद्धा और भक्ति का प्रेरणादायक संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर प्रातः 9:30 बजे से महावीर जैन भवन में अल्पाहार की सुव्यवस्थित व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम के सफल संचालन में जीतो लेडीज विंग की हेमलता कोठारी एवं संतोष पालरेषा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन में जैन समाज के भाई-बहनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विश्व शांति के इस जनकल्याणकारी अभियान के साक्षी बने। प्रेषक: शांतिलाल साकरिया, शिवमोग्गा

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page