झील-2026: बीएमएस महिला महाविद्यालय में खेल प्रतिभाओं का संगम, 20 कॉलेजों की छात्राओं ने दिखाया दमखम
- धन्ना राम चौधरी

- 25 मार्च
- 1 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)
बेंगलूरु। बसवनगुड़ी स्थित बीएमएस महिला महाविद्यालय में अंतर महाविद्यालय महिला खेलकूद प्रतियोगिता ‘झील-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर के 20 महाविद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत वॉलीबॉल, थ्रो बॉल एवं बॉल बैडमिंटन जैसी प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल का उत्कृष्ट परिचय दिया। पूरे आयोजन के दौरान महाविद्यालय परिसर खेल उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि महेंद्र मुणोत ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान करते हुए छात्राओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्राओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रघु कुमारा ने अपने संबोधन में सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न हिस्सा है और इस तरह के आयोजनों से छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। इस अवसर पर बालकृष्ण एवं बालाजी भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथि महेंद्र मुणोत का सम्मान किया गया। आयोजन की सफलता में शिक्षकों, आयोजक समिति एवं स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।
‘झील-2026’ ने न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया, बल्कि विभिन्न महाविद्यालयों के बीच आपसी समन्वय और खेल भावना को भी सुदृढ़ किया।
_edited.jpg)



टिप्पणियां