top of page

विज्ञापन के लिए संपर्क करेंअपने व्यवसाय, संस्थान, उत्पाद, सेवा, कार्यक्रम या ब्रांड का प्रचार भारतार्थ खबर के माध्यम से लाखों पाठकों तक पहुँचाएँ।विज्ञापन, प्रायोजित लेख, बैनर विज्ञापन एवं प्रचार संबंधी जानकारी के लिए संपर्क करें:📧 news@bhaarataarth.com📧 livenews@bhaarataarth.com🌐 Website: https://www.bhaarataarth.comभारतार्थ खबर — खबर नहीं, उसका अर्थ।“देश-दुनिया की हर बड़ी खबर – भारतार्थ खबर”

उत्तर प्रदेश सहित सभी राज्यों की प्रमुख खबरें, स्थानीय घटनाएँ और राष्ट्रीय महत्व के समाचार एक ही मंच पर।

चंडीगढ़ बीजेपी कार्यालय ब्लास्ट: आईएसआई लिंक उजागर, 5 आरोपी गिरफ्तार

  • Writer: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • Apr 5
  • 2 min read

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

चंडीगढ़, 5 अप्रैल। चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के बाहर हुए धमाके के मामले में पंजाब पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया है। काउंटर इंटेलिजेंस विंग और चंडीगढ़ पुलिस के संयुक्त अभियान में इस साजिश से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य हमलावरों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।


पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि प्रारंभिक जांच में इस हमले के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने के स्पष्ट संकेत मिले हैं। उन्होंने खुलासा किया कि पूरा नेटवर्क विदेश में बैठे हैंडलर्स के इशारों पर संचालित हो रहा था, जिनकी लोकेशन पुर्तगाल और जर्मनी में पाई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवांशहर निवासी बलविंदर लाल उर्फ शामी, जसवीर सिंह उर्फ जस्सी, चरणजीत सिंह उर्फ चन्नी, शिमला निवासी रूबल चौहान और संगरूर के मंदीप उर्फ अभिजोत शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, .30 बोर जिगाना पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।


संगठित मॉड्यूल के जरिए अंजाम दिया गया हमला

डीजीपी के अनुसार, यह कोई एकल घटना नहीं बल्कि एक संगठित आतंकी साजिश थी, जिसमें कई स्तरों पर काम करने वाले मॉड्यूल और सब-मॉड्यूल सक्रिय थे। हथियारों की सप्लाई, लॉजिस्टिक्स और हमले को अंजाम देने तक की पूरी प्रक्रिया अलग-अलग लोगों के जरिए संचालित की गई। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन्स सेल के एआईजी दीपक पारेख ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हथियारों और विस्फोटक सामग्री की खेप को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में अहम कड़ी थे। पुलिस के अनुसार, यह खेप कई हाथों से गुजरते हुए मुख्य हमलावरों तक पहुंचाई गई, जिससे साफ होता है कि साजिश को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया।


खालिस्तानी आतंकी ने ली जिम्मेदारी

घटना के बाद सोशल मीडिया पर खालिस्तान समर्थक सुखजिंदर सिंह बब्बर ने इस धमाके की जिम्मेदारी ली थी। उसने धमकी भरे संदेश में पंजाब में खालिस्तान बनाने की बात दोहराते हुए भविष्य में और हमलों की चेतावनी भी दी थी।


सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

धमाके के बाद चंडीगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। भाजपा कार्यालय के बाहर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की तैनाती कर दी गई है। साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विशेषकर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की सुरक्षा बढ़ाई गई है। अन्य राजनीतिक दलों के दफ्तरों की सुरक्षा की भी समीक्षा की जा रही है। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में शांति, सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को सख्ती से नाकाम किया जाएगा। इस कार्रवाई से न केवल इस मामले की गुत्थी सुलझी है, बल्कि संभावित आतंकी घटनाओं को भी समय रहते टाल दिया गया है।

Comments

Rated 0 out of 5 stars.
No ratings yet

Add a rating
bottom of page