top of page
भारतार्थ-logo

गुंदोज में स्वास्थ्य सुविधाओं को नई उड़ान, पीएचसी से सीएचसी में उन्नयन का शिलान्यास

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 12 अप्रैल
  • 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

गुंदोज। क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शनिवार को गुंदोज में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में क्रमोन्नत किए जाने पर नए भवन का भव्य शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत मुख्य अतिथि, भाजपा वरिष्ठ नेता पुखराज पटेल अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। पीएचसी को सीएचसी में उन्नत किए जाने से न केवल क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि अब मरीजों को छोटी-बड़ी बीमारियों के उपचार के लिए दूर-दराज शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने आगे बताया कि नए भवन में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, पर्याप्त बेड क्षमता और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की जाएगी, जिससे आसपास के गांवों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही आपातकालीन सेवाओं को भी मजबूत किया जाएगा।


इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए इस पहल को क्षेत्र के विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी होने जा रही है। कार्यक्रम के दौरान विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शिलान्यास किया गया। स्थानीय ग्रामीणों में इस परियोजना को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर आमजन को समर्पित किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page