कोलकाता पर हमले की धमकी, भारत-पाक में बढ़ा तनाव
- धन्ना राम चौधरी

- 5 अप्रैल
- 2 मिनट पठन
अपडेट करने की तारीख: 18 अप्रैल

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)
इस्लामाबाद। भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर बयानबाज़ी का दौर तेज़ हो गया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को लेकर विवादित बयान देते हुए चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में भारत कोई सैन्य कार्रवाई करता है, तो पाकिस्तान कोलकाता को निशाना बना सकता है। उनके इस बयान से क्षेत्रीय सुरक्षा पर चिंता बढ़ गई है।
शनिवार को सियालकोट में मीडिया से बातचीत करते हुए आसिफ ने कहा कि पाकिस्तान किसी भी संभावित भारतीय कार्रवाई का “त्वरित, सुनियोजित और निर्णायक” जवाब देगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत एक “फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन” की योजना बना सकता है, जिसके जरिए पाकिस्तान को बदनाम करने की कोशिश की जाएगी। हालांकि, अपने इन दावों के समर्थन में उन्होंने कोई ठोस सबूत प्रस्तुत नहीं किया।
दूसरी ओर, भारत की ओर से भी सख्त प्रतिक्रिया सामने आई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में स्पष्ट किया था कि यदि सीमा पार से किसी भी प्रकार की दुस्साहसिक हरकत होती है, तो उसका “अभूतपूर्व और निर्णायक” जवाब दिया जाएगा। तिरुवनंतपुरम में आयोजित ‘सैनिक सम्मान सम्मेलन’ में उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति पूरी तरह स्पष्ट है और देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
राजनाथ सिंह ने पिछले वर्ष 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमला का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत महज 22 मिनट में प्रभावी कार्रवाई कर पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है और जरूरत पड़ने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों देशों के बीच इस तरह की तीखी बयानबाज़ी से क्षेत्र में तनाव बढ़ सकता है, हालांकि कूटनीतिक स्तर पर शांति बनाए रखने के प्रयास भी जारी हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी दक्षिण एशिया में स्थिरता बनाए रखने पर नजर बनाए हुए है।
_edited.jpg)



टिप्पणियां