top of page
भारतार्थ-logo

असम चुनाव में कांग्रेस की अंदरूनी कलह उजागर: कार्यकर्ताओं का दफ्तर में हंगामा, जुबीन गर्ग की तस्वीर का अपमान, आरोपी निलंबित

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 23 मार्च
  • 2 मिनट पठन

फ़ाइल फोटो

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

गुवाहाटी/बिजनी। विधानसभा चुनाव के बीच असम के बिजनी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। पार्टी द्वारा कथित तौर पर पसंदीदा उम्मीदवार को टिकट न दिए जाने से नाराज कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। इस दौरान असम के सुप्रसिद्ध गायक जुबीन गर्ग की तस्वीर के साथ भी अभद्रता की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाराज कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए अंदर घुस गए। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और कार्यकर्ताओं ने कुर्सियां, टेबल सहित कार्यालय के फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया। वायरल वीडियो में एक कार्यकर्ता को गुस्से में जुबीन गर्ग की तस्वीर को लात मारते और उस पर कुर्सियों से हमला करते हुए साफ देखा जा सकता है।


बताया जा रहा है कि टिकट वितरण को लेकर लंबे समय से असंतोष पनप रहा था, जो आखिरकार हिंसक विरोध के रूप में सामने आया। स्थानीय नेताओं के समझाने के बावजूद कार्यकर्ता शांत नहीं हुए और काफी देर तक बवाल चलता रहा।


भाजपा ने साधा निशाना

घटना के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। भाजपा नेताओं ने इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। असम सरकार के मंत्री पीयूष हजारिका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोपी की पहचान सार्वजनिक की और कांग्रेस नेतृत्व पर संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने इसे असम की सांस्कृतिक विरासत का अपमान बताया।


कांग्रेस की कार्रवाई

वहीं, मामले के तूल पकड़ने के बाद कांग्रेस ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित कार्यकर्ता को निलंबित कर दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मामले की आंतरिक जांच भी की जा रही है।


जुबीन गर्ग की विरासत पर चोट

गौरतलब है कि जुबीन गर्ग असम के सबसे लोकप्रिय सांस्कृतिक प्रतीकों में से एक रहे हैं। उनकी तस्वीर के साथ हुई इस घटना को लेकर आम जनता में भी नाराजगी देखी जा रही है।


उल्लेखनीय है कि सितंबर 2025 में सिंगापुर के सेंट जॉन्स आइलैंड के पास समुद्र में डूबने से उनका निधन हो गया था। उनकी मौत को लेकर बाद में कई तरह के सवाल भी उठे और जांच एजेंसियों ने इस मामले में कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है।


चुनावी असर पर नजर

चुनावी माहौल के बीच कांग्रेस की इस अंदरूनी कलह को विपक्षी दल मुद्दा बना सकते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं और चुनावी परिणामों पर भी असर डाल सकती हैं।


फिलहाल, प्रशासन और पार्टी नेतृत्व स्थिति को संभालने में जुटे हैं, लेकिन यह घटना असम में चुनावी माहौल के बीच कांग्रेस के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर उभरी है।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page