top of page
भारतार्थ-logo

31 मई को जीण माता सेवा समिति का भव्य वार्षिकोत्सव

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 7 अप्रैल
  • 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

बेंगलूरु। श्री जीण माता सेवा समिति (पंजीकृत) की कार्यकारिणी की 11वीं वैधानिक बैठक रविवार को सेंचुरी क्लब में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 31 मई 2026 को विजयनगर स्थित होसाहल्ली मेट्रो स्टेशन के समीप सुगन्नाना कल्याण मंडप में आयोजित होने वाले वार्षिकोत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।


बैठक में कार्यक्रम को भव्य एवं आध्यात्मिक रूप देने के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। तय कार्यक्रम के अनुसार, जीण धाम के पुजारी आनंद पाराशर द्वारा मंगलमय पाठ का पावन वाचन किया जाएगा, जो भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। वहीं, प्रसिद्ध भजन गायक प्रवेश शर्मा (बीकानेर) अपनी सुमधुर प्रस्तुति से भजनों की रसधारा प्रवाहित करेंगे।


कार्यक्रम में भव्य दरबार को कोलकाता के कुशल कलाकारों द्वारा नवदुर्गा थीम पर सुसज्जित किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं को दिव्यता और भक्ति का अद्वितीय अनुभव प्रदान करेगा। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष का आयोजन भव्यता, श्रद्धा और आध्यात्मिकता का संगम होगा। बैठक में लिए गए सभी निर्णय सर्वसम्मति से पारित किए गए। समिति के अध्यक्ष आर.के. भूतड़ा (राजू) ने सभी सदस्यों को प्रेरित करते हुए आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह वार्षिकोत्सव समाज की एकता और भक्ति भाव का प्रतीक बनेगा।


संयोजक अनुप अग्रवाल ने भी सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम जीण माता के भक्तों के लिए अविस्मरणीय रहेगा और भक्ति के नए आयाम स्थापित करेगा। बैठक में प्राप्त सुझावों को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया तथा सभी सदस्यों ने निःस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं देने और सौंपे गए दायित्वों को पूर्ण निष्ठा के साथ निभाने का संकल्प लिया। समिति ने शहर के समस्त श्रद्धालुओं से इस भव्य आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उपरोक्त जानकारी मीडिया प्रभारी कनक भोजक ने दी।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page