top of page
भारतार्थ-logo

23 अप्रैल मतदान: बंगाल-तमिलनाडु में आज थमेगा प्रचार

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 21 अप्रैल
  • 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

नई दिल्ली, 21 अप्रैल। देश के दो अहम राज्यों—पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु—में विधानसभा चुनाव के पहले चरण से पहले राजनीतिक सरगर्मियां मंगलवार शाम थम जाएंगी। चुनाव आयोग के निर्धारित नियमों के अनुसार मतदान से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार पर पूर्ण विराम लग जाएगा, जिसके बाद किसी भी प्रकार की रैलियां, रोड शो और सार्वजनिक सभाएं आयोजित नहीं की जा सकेंगी। दोनों राज्यों में 23 अप्रैल 2026 को मतदान होना है।


तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में वोट डाले जाएंगे। राज्य में इस बार चुनावी मुकाबला काफी रोचक और बहुकोणीय नजर आ रहा है। मुख्य प्रतिस्पर्धा द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) गठबंधन के बीच है। वहीं, अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) कई सीटों पर मुकाबले को त्रिकोणीय बना रही है। राज्य में कुल 4,023 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार तमिलनाडु में 5 करोड़ 73 लाख से अधिक मतदाता मतदान के पात्र हैं। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए आयोग ने व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए हैं, जिनमें युवाओं और प्रथम बार वोट देने वाले मतदाताओं पर विशेष फोकस किया गया है।


वहीं, पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का पहला चरण 23 अप्रैल 2026 को होगा, जिसमें राज्य के 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। इस चरण में उत्तर बंगाल, दक्षिण बंगाल और जंगलमहल क्षेत्र की सीटें शामिल हैं, जहां सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पहले चरण में कुल 1,478 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदाताओं की संख्या 3 करोड़ 60 लाख 77 हजार 171 है, जिनमें 1 करोड़ 84 लाख 99 हजार 496 पुरुष, 1 करोड़ 75 लाख 77 हजार 210 महिलाएं और 465 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। बंगाल के जिन जिलों में मतदान होना है, उनमें मुर्शिदाबाद, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग, उत्तर व दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, बीरभूम, पश्चिम व पूर्व मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा प्रमुख हैं। चुनाव आयोग ने दोनों राज्यों में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। केंद्रीय बलों की तैनाती के साथ संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अब प्रचार के अंतिम दिन राजनीतिक दल पूरी ताकत झोंक रहे हैं, ताकि मतदाताओं को अपने पक्ष में आकर्षित किया जा सके। इसके बाद चुनावी शोर थमते ही दोनों राज्यों में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी निभाएंगे।


ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें “Bhaarataarth Khabar” के साथ।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page