top of page
भारतार्थ-logo

प्रतापगढ़ में नवनिर्मित छात्रावास लोकार्पण एवं 15वां सामूहिक विवाह सम्मेलन भव्य आयोजन के साथ संपन्न

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 20 अप्रैल
  • 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

प्रतापगढ़, 20 अप्रैल 2026। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर मालवा मेवाड़ आंजना समाज सेवा संस्थान, प्रतापगढ़ द्वारा आयोजित 15वां आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन एवं नवनिर्मित छात्रावास लोकार्पण समारोह सोमवार को बाहुबली कॉलोनी, नीमच रोड स्थित परिसर में भव्यता और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने सामाजिक एकता, संस्कृति और सेवा भावना का सशक्त संदेश दिया।


समारोह का शुभारंभ आंजना समाज के आराध्य देव भगवान श्री राजेश्वर जी की तस्वीर पर अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इसे ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय आंजना समाज, माउंट आबू के संरक्षक सेठ हरिभाई चौधरी ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में सामूहिक विवाह सम्मेलनों को सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को संस्कारों और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का कार्य करते हैं। मुख्य अतिथि एवं राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि सामूहिक विवाह भारतीय संस्कृति की सादगी, समानता और सहयोग की परंपरा के प्रतीक हैं। उन्होंने “सेवा, शिक्षा और संस्कार” को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को संबल प्रदान करते हैं। उन्होंने नवनिर्मित छात्रावास को शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



दानदाताओं के सहयोग से बना छात्रावास

समारोह में छात्रावास निर्माण में समाज के भामाशाहों के योगदान को विशेष रूप से सराहा गया। इस कार्य हेतु उदयलाल आंजना द्वारा ₹11,55,555, स्वर्गीय पृथ्वीराज आंजना की ओर से ₹10,11,111 तथा सेठ हरिभाई चौधरी द्वारा ₹5,11,000 का सहयोग प्रदान किया गया। सभी दानदाताओं का साफा बंधवाकर एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सांचौर विधायक जीवाराम चौधरी, अखिल भारतीय आंजना समाज के पूर्व अध्यक्ष वीरजी भाई चौधरी तथा मध्यप्रदेश के पूर्व विधायक रणछोड़लाल आंजना सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों का पारंपरिक मेवाड़ी पगड़ी एवं पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। संस्थान के अध्यक्ष मनोहरलाल आंजना, उपाध्यक्ष गणपतलाल आंजना, गोपाललाल आंजना, कोषाध्यक्ष विजय सिंह आंजना एवं मंत्री हीरालाल आंजना सहित पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। स्वागत भाषण गोपाललाल आंजना ने दिया, जबकि आभार प्रदर्शन मनोहरलाल आंजना द्वारा किया गया।

15 जोड़ों ने रचाया दांपत्य जीवन का शुभारंभ

सामूहिक विवाह सम्मेलन में 15 नवयुगलों ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संस्कार संपन्न कर अपने नए जीवन की शुरुआत की। आर्योदय गुरुकुलम, जयपुर के सत्यम आर्य द्वारा विधि-विधान से विवाह संपन्न कराए गए। शहनाई की मधुर ध्वनि और मंगल गीतों ने पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया। कार्यक्रम का संचालन अनिल आंजना एवं कमल आर्य ने प्रभावशाली ढंग से किया। समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं समाजजनों ने नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। इस अवसर पर अतिथियों के करकमलों से नवनिर्मित छात्रावास का विधिवत लोकार्पण भी किया गया, जो भविष्य में समाज के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

प्रेरणादायी बना आयोजन

भारी जनसमूह की उपस्थिति में संपन्न यह आयोजन सामाजिक समरसता, सहयोग, शिक्षा और संस्कारों के संदेश को मजबूती से स्थापित करने में सफल रहा। निस्संदेह, यह सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनकर भविष्य के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा।


ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें “Bhaarataarth Khabar” के साथ।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page