top of page

 भारतार्थ खबर, नहीं उसका अर्थ

20अक्टूबर /2026 /मंगलवार

अलुवा,19 अक्टूबर 2026। कभी-कभी जीवन में सुनी गई कोई बात या देखा गया कोई वीडियो सोचने का नजरिया बदल देता है। केरल की अरुंधति के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक वीडियो से प्रेरित अरुंधति ने उन्हें हाथ से लिखा भावुक पत्र भेजकर अपनी शादी में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। उनकी शादी 20 दिसंबर 2026 को केरल के अलुवा में होनी है।

भारतार्थ लोगो: खबर नहीं, उसका अर्थ - राजनीतिक समाचार विश्लेषण

अलुवा,19 अक्टूबर 2026। कभी-कभी जीवन में सुनी गई कोई बात या देखा गया कोई वीडियो सोचने का नजरिया बदल देता है। केरल की अरुंधति के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक वीडियो से प्रेरित अरुंधति ने उन्हें हाथ से लिखा भावुक पत्र भेजकर अपनी शादी में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। उनकी शादी 20 दिसंबर 2026 को केरल के अलुवा में होनी है।

WhatsApp Video 2026-10-04 at 8.50.36 PM.mp4

इस साइट पर खोजें

1897किसी भी खाली खोज के साथ परिणाम मिले

  • “फ्री के नारों से दलितों को धोखा”: बजट पर विपक्ष के नेता चालावाड़ी नारायणस्वामी का तीखा हमला

    भारतार्थ खबर, बेंगलुरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बेंगलुरु। राज्य के 2026-27 के बजट को लेकर कर्नाटक की राजनीति गरमा गई है। विधान परिषद में विपक्ष के नेता चालावाड़ी नारायणस्वामी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार “फ्री के नारों” के जरिए जनता और विशेष रूप से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदाय को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि “नारे फ्री हैं, लेकिन धोखा पक्का है और इसे मानने वालों की बर्बादी भी पक्की है।” शनिवार को मल्लेश्वरम स्थित भाजपा के राज्य मुख्यालय जगन्नाथ भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में नारायणस्वामी ने मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री सिद्धरामय्या द्वारा पेश किए गए बजट की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार सत्ता में “फ्री, पक्का, पक्का” जैसे नारों के साथ आई थी, लेकिन बजट में वास्तविक विकास की बजाय कर्ज और गारंटी योजनाओं का बोझ बढ़ाया जा रहा है। SEP-TSP फंड के उपयोग पर सवाल नारायणस्वामी ने कहा कि अनुसूचित जाति उपयोजना (SEP) और जनजाति उपयोजना (TSP) के तहत पिछले चार वर्षों में कुल 1,56,701 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि 2023-24 में 30,930 करोड़ रुपये, 2024-25 में 39,122 करोड़ रुपये, 2025-26 में 42,017 करोड़ रुपये, और 2026-27 के लिए 44,632 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कुल राशि का लगभग 50 प्रतिशत यानी 78,350 करोड़ रुपये विभिन्न विभागों जैसे लोक निर्माण, सिंचाई आदि को दे दिए गए, जबकि शेष राशि में से 53,059 करोड़ रुपये गारंटी योजनाओं में खर्च कर दिए गए। उनके अनुसार, चार वर्षों में निर्धारित राशि में से वास्तविक SC-ST कल्याण कार्यक्रमों के लिए केवल 25,291 करोड़ रुपये ही बचे हैं, जो बेहद कम है। “दलितों को जनता के सामने नीलाम क्यों किया जा रहा?” विपक्ष के नेता ने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा, “आप हमें, जो SC-ST समुदाय से आते हैं, जनता के सामने नीलाम क्यों कर रहे हैं? दलितों को इतना बड़ा धोखा क्यों दिया जा रहा है?” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दलित समुदाय के अधिकारों का पैसा अन्य योजनाओं में इस्तेमाल कर रही है, जिससे समुदाय का विकास प्रभावित हो रहा है। कॉर्पोरेशनों को सीमित फंड देने का आरोप नारायणस्वामी ने बताया कि वर्ष 2025-26 में विभिन्न दलित कल्याण निगमों के लिए कुल 562 करोड़ रुपये की घोषणा की गई थी, जिसमें अंबेडकर कॉर्पोरेशन – 125 करोड़ टांडा कॉर्पोरेशन – 75 करोड़ आदि जांबव कॉर्पोरेशन – 62 करोड़ बोवी कॉर्पोरेशन – 68 करोड़ सफाई कर्मचारी कॉर्पोरेशन – 31 करोड़ वाल्मीकि कॉर्पोरेशन – 156 करोड़ लिडकर कॉर्पोरेशन – 43 करोड़ रुपये शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि इनमें से कई निगमों तक आधी राशि भी नहीं पहुंची है और अंबेडकर कॉर्पोरेशन को तो 50 करोड़ रुपये भी नहीं मिले। दलित संगठनों से सवाल उठाने की अपील विपक्ष के नेता ने दलित कार्यकर्ताओं और संगठनों से अपील करते हुए कहा कि यदि वे इस मुद्दे पर सरकार से सवाल नहीं पूछते हैं तो यह उनके अधिकारों के साथ समझौता होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने इस विषय पर चुप्पी साध रखी है और शुरुआत से ही भाजपा नेता इस मुद्दे को उठा रहे हैं। “गारंटी योजनाओं में दलितों का हिस्सा क्यों नहीं?” नारायणस्वामी ने यह भी सवाल उठाया कि सरकार ने बजट में गारंटी योजनाओं के लिए 52 हजार करोड़ रुपये का अलग प्रावधान किया है। उन्होंने पूछा कि यदि यह राशि सभी के लिए है तो उसमें दलितों का अलग हिस्सा क्यों नहीं है और फिर SEP-TSP फंड से 14 हजार करोड़ रुपये क्यों लिए गए। कांग्रेस से जवाब की मांग प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने कहा कि यदि सरकार इन सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं देती है तो यह माना जाएगा कि दलितों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से इस मामले पर खुलकर जवाब देने की मांग की। इस अवसर पर भाजपा नेता रुद्रयाह भी उपस्थित रहे।

  • गवर्नेंस को सही दिशा में रखने में विपक्ष की भी उतनी ही जिम्मेदारी: तमेश गौड़ा

    भारतार्थ खबर बेंगलूरु संवाददाता, धन्नाराम चौधरी। (Bhaarataarth.com) बेंगलुरु (बेट्टरायनपुरा)। भारतीय जनता पार्टी के राज्य सचिव एच.सी. तमेश गौड़ा ने कहा कि लोकतंत्र में सुशासन (गवर्नेंस) को बनाए रखने की जिम्मेदारी केवल सत्तारूढ़ दल की ही नहीं बल्कि विपक्ष की भी उतनी ही होती है। यदि सरकार की नीतियां गलत दिशा में जाती हैं तो विपक्ष का कर्तव्य है कि वह मजबूती से आवाज उठाए और जनसंघर्षों के माध्यम से शासन को सही दिशा में लाने का प्रयास करे। वे बेट्टरायनपुरा भाजपा नगर मंडल द्वारा निर्वाचन क्षेत्र के एक निजी होटल में आयोजित पार्टी की कार्यकारिणी बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि विपक्ष को शासन में होने वाली गलतियों पर चुप नहीं बैठना चाहिए, बल्कि जनता के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। तमेश गौड़ा ने कहा कि बेट्टरायनपुरा विधानसभा क्षेत्र में विपक्ष के नेता के रूप में उन्होंने सत्तारूढ़ दल की नाकामियों के खिलाफ लगातार आवाज उठाई है और विभिन्न आंदोलनों के माध्यम से जनसमस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इससे जनता के मुद्दों को मजबूती मिली है और वे इस भूमिका से संतुष्ट हैं। उन्होंने आगामी जीबीए चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी का पहला लक्ष्य क्षेत्र के सभी 14 वार्डों में भाजपा को विजयी बनाना है, जिससे बेट्टरायनपुरा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को और अधिक मजबूत किया जा सके। इसके लिए पार्टी की ओर से कई कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। तमेश गौड़ा ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में पानी की समस्या सहित कई ज्वलंत मुद्दे हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक वार्ड में प्रमुख समस्याओं की सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद 16 मार्च को भाजपा प्रतिनिधिमंडल जीबीए कमिश्नर से मिलकर एक ज्ञापन सौंपेगा और समस्याओं के समाधान की मांग करेगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘मैं मोदी हूँ, मैं भाजपा हूँ’ अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इस अभियान के तहत प्रत्येक बूथ अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में कम से कम 50 घरों पर भाजपा का ध्वज फहराएगा। साथ ही केंद्र की मोदी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों, राज्य सरकार की नाकामियों तथा क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए तमेश गौड़ा ने कहा कि बेट्टरायनपुरा निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा की जीत के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की लापरवाही पार्टी की हार का कारण नहीं बननी चाहिए और सभी को संगठन के प्रति समर्पण भाव से काम करना चाहिए। इस अवसर पर भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिनमें बेंगलूरु उत्तर जिला भाजपा अध्यक्ष एस. हरीश, राज्य सचिव विनय बिदारी, शरणु तारिकेरी, कानून प्रकोष्ठ के संयोजक वसंतकुमार, बटारायनपुरा नगर मंडल भाजपा अध्यक्ष कृष्णमूर्ति, ग्राम मंडल अध्यक्ष हनुमंथा गौड़ा, बेंगलूरु संभागीय प्रभारी एस.एन. राजन्ना, सह-प्रभारी किरण बाबू, वरिष्ठ नेता पी.के. राजगोपाल, अग्रहारा नरसिंहमूर्ति, युवा मोर्चा के राज्य सचिव दीपक कुमार, नगर मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष लोहित गौड़ा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष मुनिस्वामी वोडेयार (आनंद मास्टर), मनोहर, महिला मोर्चा अध्यक्ष पूर्णिमा, नगर मंडल उपाध्यक्ष चंद्रशेखर रेड्डी, डॉ. योगीश, महासचिव उमेश ई., संतोष रेड्डी, श्रीनाथ, सुब्बू, मधुसूदन सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में संगठन को मजबूत करने, जनसमस्याओं को उठाने और आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।

  • स्वास्थ्य जागरूकता के लिए जीतो लेडीज विंग की कार रैली, “पहचान” समारोह में प्रेरणादायक महिलाओं का सम्मान

    भारतार्थ खबर संवाददाता, धन्नाराम चौधरी। (Bhaarataarth.com) मैसूरु। समाज में स्वास्थ्य संबंधी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाने और प्रेरणादायक महिलाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से जीतो लेडीज विंग मैसूरु द्वारा रविवार को भव्य कार रैली एवं “पहचान” सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य अतिथि, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता, जीतो सदस्य और रैली प्रतिभागियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण के इस अभियान का समर्थन किया। साउथ प्रवासी प्रवक्ता दिनेश सालेचा (मदुराई) ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत जीतो लेडीज विंग मैसूरु की मुख्य सचिव राजानी डागालिया के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कार रैली के माध्यम से थैलेसीमिया और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना तथा “पहचान” पहल के माध्यम से समाज की प्रेरणादायक महिलाओं को सम्मानित करना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम का शुभारंभ णमोकार मंत्र के पाठ के साथ किया गया। प्रातः 7 बजे कार रैली का शुभारंभ किया गया, जिसे विधायक हरीश गौड़ा, डीसीपी सुंदर राज, सिधन्ना गौड़ा पाटिल, डॉ. मुकेश दलाल, डॉ. पल्लवी प्रभु और डॉ. निखिला एम.एस. ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का उद्देश्य लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच, निवारक चिकित्सा और सामुदायिक सहयोग के महत्व के प्रति जागरूक करना था। इसके पश्चात कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर जीतो लेडीज विंग मैसूरु की चेयरपर्सन मोना भटेवर, जीतो चैप्टर मैसूरु के चेयरमैन विनोद बाकलीवाल, मुख्य सचिव गौतम सालेचा तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. मुकेश दलाल, डॉ. पल्लवी प्रभु और डॉ. निखिला एम.एस. उपस्थित रहे। अपने स्वागत उद्बोधन में मोना भटेवर ने कहा कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और महिलाओं को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है। वहीं विनोद बाकलीवाल ने सामाजिक सेवा और जनजागरण अभियानों के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान समता मुथा और नीता ने अतिथियों का परिचय कराया। इसके बाद अतिथियों ने स्वास्थ्य जागरूकता, समय पर जांच और निवारक चिकित्सा से जुड़े महत्वपूर्ण विचार साझा किए। अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “पहचान सम्मान समारोह” रहा, जिसमें समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रेरणादायक महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं में श्रीमती जयश्री सदालगी, श्रीमती रत्ना, श्रीमती संगीता, श्रीमती हर्षिता पी. जैन और श्रीमती ललिता बंटिया शामिल रहीं। इन सभी को अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और समाज सेवा के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जीतो के पूर्व चेयरमैन एवं जैन चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष कांतिलाल चौहान, सचिव प्रेम पालरेचा, संयुक्त कोषाध्यक्ष गौतम बाघमार, सचिव रमेश नवलखा, हेमंत पितलिया, भंवरलाल लुकड़, गौरव जैन, सनत जैन, डॉ. प्रभु तथा जैन चैरिटेबल ट्रस्ट के मुख्य सचिव एवं जीतो के पूर्व चेयरमैन प्रवीण दांतेवाडिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में गौतम सालेचा ने आभार व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों, आयोजकों, प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों और उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद किया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी के सहयोग की सराहना की। समग्र रूप से जीतो लेडीज विंग मैसूरु द्वारा आयोजित कार रैली एवं “पहचान” कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने और अपने कार्यों से समाज में विशिष्ट पहचान बनाने वाली महिलाओं को सम्मानित करने की दिशा में एक सफल पहल सिद्ध हुआ। उपरोक्त जानकारी मीडिया प्रभारी दिनेश सालेचा (मदुराई) द्वारा दी गई।

  • हंपी की पावन धरती पर सांसद लुंबाराम चौधरी संग श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, अंजनाद्री पहाड़ी पर हनुमान जन्मस्थली के दिव्य दर्शन

    भारतार्थ खबर संवाददाता, धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) हंपी (कर्नाटक)। ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व से परिपूर्ण हंपी की पावन भूमि पर माननीय सांसद श्री लुंबारामजी चौधरी के साथ श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा का विशेष सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने हंपी के प्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहर स्थलों का भ्रमण कर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की। यात्रा के दौरान श्रद्धालु अंजनाद्री हिल स्थित भगवान श्री हनुमान जी की जन्मस्थली पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर दिव्य दर्शन किए। इसके साथ ही पवित्र पंपा सरोवर, शबरी धाम तथा महालक्ष्मी मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान भगवान श्री राम, लक्ष्मण और माता सीता के पावन स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। श्रद्धालुओं ने भगवान के श्रीचरणों में समाज की उन्नति, सुख-समृद्धि और सर्वकल्याण की मंगलकामना की। इस पावन यात्रा में सिरोही आंजणा समाज के अध्यक्ष केरारामजी मालवी सहित अनेक श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। यात्रा में हुबली–धारवाड़ क्षेत्र से सोपाराम चौधरी, दुदाराम चौधरी, किशोर पटेल, तेजाराम, मुलाराम, कालूराम, मालाराम देवासी, किरण देवासी, रतन देवासी तथा होसपेट के रतन चौधरी, जामताराम सहित कई प्रवासी श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया। सभी श्रद्धालुओं ने इस आध्यात्मिक यात्रा को जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया। गौरतलब है कि हंपी न केवल धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि यह क्षेत्र अपने समृद्ध इतिहास और स्थापत्य कला के लिए भी विश्वभर में प्रसिद्ध है। विजयनगर साम्राज्य की राजधानी रहे इस क्षेत्र को यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल का दर्जा प्राप्त है। विशेष उल्लेखनीय तथ्य यह भी है कि भारतीय मुद्रा के ₹50 के नए नोट के पीछे हंपी का ऐतिहासिक पत्थर का रथ अंकित है। यह रथ विजय विट्ठल मंदिर परिसर में स्थित है और 16वीं शताब्दी में विजयनगर साम्राज्य के समय निर्मित हुआ था। यह पत्थर से बना अद्भुत मंदिरनुमा रथ भारत की महान स्थापत्य विरासत का प्रतीक माना जाता है। इस प्रकार हंपी का वही ऐतिहासिक और पवित्र क्षेत्र, जहां श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, आज भारतीय ₹50 के नोट पर अंकित होकर देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की पहचान भी बना हुआ है। उपरोक्त जानकारी मीडिया प्रभारी किशोर पटेल हुबली ने दी।

  • यूपीएससी में AIR 190 हासिल कर कृपा जैन बनीं आईपीएस, होसपेट जैन समाज में खुशी की लहर

    भारतार्थ खबर संवाददाता, धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) शिवमोग्गा/होसपेट। श्री आदिनाथ जैन श्वेतांबर संघ होसपेट के लिए यह अत्यंत गौरव और हर्ष का क्षण है कि संघ के सदस्य स्व. शा. रतनचंदजी पालरेचा की सुपौत्री तथा अभय पालरेचा की सुपुत्री कृपा जैन ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिष्ठित परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 190 प्राप्त कर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के लिए चयनित होकर समाज और परिवार का नाम रोशन किया है। कृपा जैन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे जैन समाज में हर्ष और गर्व का माहौल है। यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, दृढ़ निश्चय, संकल्प शक्ति और ईमानदारी का परिणाम मानी जा रही है। देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक यूपीएससी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर आईपीएस बनना किसी भी युवा के लिए बड़ी उपलब्धि होती है। श्री आदिनाथ जैन श्वेतांबर संघ होसपेट तथा श्री आदिनाथ जैन श्वेतांबर संघ शिवमोग्गा ने कृपा जैन को इस गौरवपूर्ण सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। समाज के सदस्यों ने कहा कि कृपा जैन ने अपनी प्रतिभा और परिश्रम से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज का नाम रोशन किया है। समाज के वरिष्ठ सदस्य शांतिलाल साकरिया शिवमोग्गा ने भी कृपा जैन की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि समाज के लिए अत्यंत गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कृपा जैन का यह सफर आने वाली युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और समाज के युवाओं को भी उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने आगे कहा कि देश सेवा के प्रति कृपा जैन का समर्पण और जज्बा प्रशंसनीय है। समाज को उम्मीद है कि वे भारतीय पुलिस सेवा में रहते हुए ईमानदारी और निष्ठा के साथ देश और समाज की सेवा करेंगी। कृपा जैन की इस उपलब्धि पर समाज के विभिन्न संगठनों, परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त की हैं।

  • राज्य बजट 2026-27 पर बीजेपी और जेडीएस की संयुक्त रणनीति बैठक, बजट की कमियों को सदन में उठाने की तैयारी

    भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बेंगलूरु। राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत राज्य बजट 2026-27 की समीक्षा करने तथा सदन में प्रभावी ढंग से मुद्दे उठाने की रणनीति तय करने के उद्देश्य से सोमवार को बीजेपी और जेडीएस के विधान परिषद सदस्यों की एक महत्वपूर्ण संयुक्त कंसल्टेटिव बैठक आयोजित की गई। यह बैठक दोपहर 2 बजे विधान सौध स्थित विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय (कमरा नंबर 155) में संपन्न हुई। बैठक में दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं और परिषद सदस्यों ने भाग लेकर बजट के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित पीआरएस विधायी अनुसंधान की विशेषज्ञ टीम ने भी भाग लिया और बजट से जुड़े आंकड़ों, विभागवार आवंटन तथा राज्य की वित्तीय स्थिति पर विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया। विशेषज्ञों ने विधायकों को यह भी बताया कि बजट के तकनीकी पहलुओं को किस प्रकार समझा जाए और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सदन में कैसे उठाया जा सकता है। मीटिंग में उपस्थित सदस्यों को रणनीतिक मार्गदर्शन देते हुए कहा गया कि बजट के भीतर छिपे महत्वपूर्ण बिंदुओं, वित्तीय प्रावधानों तथा विभिन्न विभागों को दिए गए आवंटन का गंभीरता से अध्ययन कर सदन में तथ्यात्मक और प्रभावशाली चर्चा की जाए, ताकि जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखा जा सके। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि दोनों विपक्षी दल—भारतीय जनता पार्टी और जनता दल (सेक्युलर) —राज्य बजट में जनविरोधी नीतियों तथा निधियों के आवंटन में कथित भेदभाव के मुद्दे पर संयुक्त रूप से आवाज उठाएंगे। नेताओं ने कहा कि विपक्ष की एकजुटता के साथ सदन में होने वाली चर्चा को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा और सरकार से बजट के विभिन्न प्रावधानों पर जवाब मांगा जाएगा। बैठक में विधान परिषद में विपक्ष के नेता सहित दोनों दलों के वरिष्ठ नेता एवं सदस्य उपस्थित रहे। माना जा रहा है कि इस संयुक्त परामर्श से आगामी सत्र में बजट पर होने वाली बहस अधिक सार्थक और प्रभावशाली होगी।

  • ‘शब्द’ वसंतोत्सव: कविताओं और फूलों की होली से सजी साहित्यिक शाम

    भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी। ( Bhaarataarth.com ) बेंगलूरु, 9 मार्च। प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था ‘शब्द’ ने रविवार को अपने वार्षिक वसंतोत्सव के माध्यम से बेंगलूरु के साहित्यिक परिदृश्य में रंग और भाव की अनूठी छटा बिखेरी। यह आयोजन मासिक रचनागोष्ठी के रूप में हुआ, जिसमें वसंत ऋतु की सौंदर्यपूर्ण झलक और जीवन के विभिन्न अनुभवों को कविताओं के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कवियों, साहित्यकारों और साहित्य प्रेमियों ने भावों और रंगों की अद्भुत बरसात का आनंद लिया और फूलों की होली खेलकर वसंत के आगमन का उत्सव मनाया। विशेष रूप से इस वर्ष वसंतोत्सव को विश्व महिला दिवस के अवसर से भी जोड़ा गया। मुख्य अतिथि के रूप में बेंगलूरु की प्रसिद्ध समाजसेवी और स्वयंसेवी संस्था ‘मातृछाया’ की संस्थापिका त्रिशला कोठारी को आमंत्रित किया गया। उनके सामाजिक योगदान और महिलाओं के उत्थान के क्षेत्र में किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें इस कार्यक्रम में विशेष स्थान दिया गया। त्रिशला कोठारी ने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंग और उल्लास का पर्व नहीं है, बल्कि इसे जीवन में अपनाकर हम दूसरों की मदद और समाज में सहयोग की भावना को बढ़ावा दे सकते हैं। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि ‘शब्द’ के सदस्य भी उतनी ही उत्साही और सहयोगी भावना से परिपूर्ण हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता ‘शब्द’ की कार्यकारी अध्यक्ष नलिनी पोपट ने की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी वरिष्ठ गज़लगो विद्या कृष्णा ने निभाई। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुंबई से पधारी कवयित्री डॉ. कनकलता तिवारी ने अपनी कविताओं के माध्यम से श्रोताओं को भावविभोर किया। उनकी कविताओं में जीवन के सुख-दुख, प्रेम, करुणा और सामाजिक संवेदनाओं का संतुलित मिश्रण देखने को मिला, जिसे श्रोताओं ने उत्साह और तालियों से सराहा। कार्यक्रम की शुरुआत ‘शब्द’ के सलाहकार श्रीकान्त पाराशर द्वारा मुख्य अतिथि त्रिशला कोठारी का परिचय कराकर हुई। उन्होंने उनके अहर्निश समाजसेवा और महिलाओं तथा बच्चों के कल्याण में योगदान की सराहना की। इसके पश्चात त्रिशला कोठारी ने अपने संबोधन में कहा कि साहित्य और कला समाज में संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने श्रोताओं से अपील की कि वे भी अपने-अपने क्षेत्र में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा दें। इसके बाद ‘शब्द’ के अध्यक्ष डॉ. श्रीनारायण समीर ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि आज का समय कविता और साहित्य रचना के लिए चुनौतीपूर्ण है, फिर भी सृजन की आग को जलाए रखना आवश्यक है। उन्होंने युद्ध की विभीषिका और समाज में व्याप्त अन्य समस्याओं पर आधारित एक ओजस्वी कविता सुनाकर श्रोताओं को रोमांचित किया। उनका मानना था कि कविता केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह समाज में जागरूकता और संवेदनशीलता पैदा करने का सशक्त माध्यम है। कविगोष्ठी की शुरुआत युवा कवि दीपक सोपोरी के कन्नड़ वाग्देवी-वंदना से हुई। उनके स्वर में भावनाओं की गहराई और सहज अभिव्यक्ति ने सभी का मन मोह लिया। इसके बाद वरिष्ठ नाटककार मथुरा कलौनी, नलिनी पोपट, प्रीति राही, राही राज, सुचित्रा कौल मिश्र, माधुरी सुबोध और दीपक सोपोरी ने अपनी कविताओं के माध्यम से वसंत ऋतु, जीवन के सुख-दुख, प्रेम और सामाजिक संदेशों को प्रस्तुत किया। श्रोताओं ने उनकी प्रस्तुतियों को ध्यानपूर्वक सुना और भावनात्मक प्रतिक्रियाओं से इसे सराहा। विद्या कृष्णा ने गज़लों के मधुर तरन्नुम से कार्यक्रम में और भी रोमांच पैदा किया। उनके स्वर और प्रस्तुति ने श्रोताओं के मन को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही, राजेंद्र गुलेच्छा, रमाकांत गुप्ता, गीता चौबे गूँज और श्रीकांत शर्मा की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं पर जादुई प्रभाव डाला। कवियों की यह श्रृंखला वसंत ऋतु के उल्लास और जीवन के विविध रंगों का प्रतीक बनकर सामने आई। इसके अतिरिक्त, उर्मिला श्रीवास्तव उर्मि, ऋता शेखर, अचला प्रवीण, भूमिका श्रीवास्तव और उषा गुप्ता की कविताएँ भी हर्षपूर्वक स्वागत की गई, जिससे यह गोष्ठी और भी जीवंत और समृद्ध बन गई। कार्यक्रम के दौरान कवयित्री ऋता शेखर मधु ने अपनी पुस्तक ‘दुर्गा सप्तशती’ का हिंदी कुंडलियों में भावानुवाद प्रस्तुत किया। इसका लोकार्पण समारोह के दौरान हुआ और श्रोताओं ने इसे बहुत उत्साहपूर्वक अपनाया। इस अवसर पर ‘शब्द’ के सलाहकार और वरिष्ठ संपादक श्रीकान्त पाराशर, लखनऊ से पधारे वरिष्ठ पत्रकार नागेंद्र, बेंगलूरु से भारतार्थ खबर के संस्थापक, सम्पादक और वरिष्ठ पत्रकार धन्नाराम चौधरी, यूट्यूब लाइव डायरेक्टर अशोक कुमार सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। वसंतोत्सव का समापन फूलों की होली खेलकर हुआ। श्रोताओं और उपस्थित कवियों ने रंगों और खुशियों में एक-दूसरे के साथ शामिल होकर वसंत का उल्लास मनाया। इसके साथ ही ‘शब्द’ के अध्यक्ष डॉ. श्रीनारायण समीर ने भारतार्थ खबर के यूट्यूब लाइव चैनल पर साक्षात्कार के माध्यम से कार्यक्रम की महत्ता और अनुभव साझा किया। इस साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि साहित्य और कविता केवल शब्दों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह समाज में बदलाव, संवेदनशीलता और मानवता के मूल्यों को विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन है। कार्यक्रम संयोजक श्रीकांत शर्मा ने समापन पर आभार ज्ञापन प्रस्तुत किया, जिसमें सभी कवियों, अतिथियों, सहयोगियों और दर्शकों का धन्यवाद किया गया। ‘शब्द’ वसंतोत्सव ने यह स्पष्ट कर दिया कि साहित्य केवल शब्दों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह लोगों को जोड़ने, समाज में जागरूकता फैलाने और रचनात्मक ऊर्जा को विकसित करने का एक शक्तिशाली माध्यम है। इस आयोजन ने उपस्थित सभी लोगों के मन में वसंत ऋतु की खुशबू, रंगों की बहार और साहित्य की गहराई का मिश्रण छोड़ते हुए यह संदेश दिया कि रचनात्मकता और कला समाज के हर क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। इस प्रकार, ‘शब्द’ वसंतोत्सव ने न केवल साहित्यिक सृजन और कविताओं का उत्सव मनाया, बल्कि सामाजिक जागरूकता, सहयोग और मानवीय मूल्यों को भी उजागर किया। यह आयोजन बेंगलूरु के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक मंच पर वसंत ऋतु के उल्लास और रचनात्मक ऊर्जा का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा। कविताओं और गीतों की मधुर ध्वनि, भावनाओं की बहार और फूलों की होली की रंगीन छटा ने इसे श्रोताओं के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बना दिया। वसंतोत्सव ने यह भी सिद्ध कर दिया कि साहित्य और कला का महत्व केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में सहयोग, सेवा, और मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देने में एक अहम भूमिका निभा सकती है। ‘शब्द’ के इस आयोजन ने युवा और वरिष्ठ कवियों, समाजसेवियों और साहित्य प्रेमियों को एक साथ लाकर साहित्यिक संस्कृति को समृद्ध करने में एक नई दिशा दी।

  • बेंगलूरु में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सम्मान समारोह, बच्चों को पुस्तकें और पेंसिल भेंट

    भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी। (Bhaarataarth.com) बेंगलूरु। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के शुभ अवसर पर विश्व हिंदू धर्म रक्षक सेवा समिति, बेंगलूरु द्वारा महिलाओं के सम्मान और प्रोत्साहन के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था की महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती स्नेह लता दुबे के नेतृत्व में समाज की महिलाओं का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और संस्कारों के महत्व पर चर्चा करते हुए श्रीमती स्नेह लता दुबे ने कहा कि महिलाओं की भूमिका परिवार और समाज दोनों के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षित और जागरूक महिला ही मजबूत समाज की आधारशिला बनती है, इसलिए महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संस्था की ओर से उन्हें पुस्तकें और पेंसिल भेंट की गईं। बच्चों को अध्ययन के प्रति प्रेरित करते हुए उन्हें नियमित पढ़ाई करने और अच्छे संस्कार अपनाने का संदेश दिया गया। समारोह में उपस्थित महिलाओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, सम्मान और सामाजिक एकता की भावना से परिपूर्ण रहा। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से सभी उपस्थित महिलाओं और बच्चों का आभार व्यक्त करते हुए समाज में शिक्षा, संस्कार और सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

  • संसद में बढ़ी राजनीतिक हलचल, बजट सत्र में विपक्ष का हंगामा

    नई दिल्ली, भारतार्थ संवाददाता। संसद के बजट सत्र के दौरान सोमवार को राजनीतिक माहौल काफी गर्म दिखाई दिया। विपक्षी दलों ने लोकसभा अध्यक्ष के कामकाज पर सवाल उठाते हुए संसद में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विपक्ष का आरोप है कि संसद की कार्यवाही के दौरान विपक्षी सदस्यों को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में तीखी बहस देखने को मिली। कई विपक्षी नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाया नहीं जाना चाहिए। वहीं सत्ता पक्ष ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि संसद की कार्यवाही नियमों और परंपराओं के अनुसार ही संचालित की जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बजट सत्र के दौरान इस मुद्दे को लेकर आगे भी राजनीतिक बहस तेज रह सकती है।

  • पंडित पुटराजू गवाई जयंती पर लेगेरी राजेश्वरी नगर में अन्नदान व सम्मान समारोह आयोजित

    भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी। (Bhaarataarth.com) बेंगलूरु। ब्लेस सोसाइटी ऑफ़ रूरल एंड अर्बन डेवलपमेंट के तत्वावधान में लेगेरी राजेश्वरी नगर में महान समाजसेवी एवं संत व्यक्तित्व पंडित पुटराजू गवाई की जयंती के उपलक्ष्य में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक सेवा, अन्नदान और सम्मान समारोह के माध्यम से उनके आदर्शों को स्मरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महेंद्र मुणोत ने पंडित पुटराजू गवाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके समाजसेवी कार्यों को याद करते हुए कहा कि पंडित गवाई ने अपने जीवन को गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों की सेवा के लिए समर्पित किया। उनके आदर्श आज भी समाज को सेवा, करुणा और मानवता का संदेश देते हैं। इस अवसर पर आयोजित अन्नदान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों को भोजन वितरित किया गया। मुख्य अतिथि महेंद्र मुणोत ने स्वयं भी सेवा कार्य में भाग लेते हुए अन्नदान कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया और समाज के लोगों को सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों की ओर से मुख्य अतिथि महेंद्र मुणोत का शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सोसाइटी के पदाधिकारी, समाजसेवी, स्थानीय नागरिक तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने पंडित पुटराजू गवाई के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

  • अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर खेल प्रतिभाओं का उत्साह: न्यू ड्रीम स्पोर्ट्स क्लब ने आयोजित की खेलकूद प्रतियोगिताएं

    भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी। (Bhaarataarth.com) बेंगलूरु। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर न्यू ड्रीम स्पोर्ट्स क्लब द्वारा रामसंद्र स्थित इनोवेटिव इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल परिसर में भव्य खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस आयोजन में विभिन्न आयु वर्ग की 15 से अधिक महिला टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा समाज में उनके आत्मविश्वास और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिताओं में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महेंद्र मुणोत ने उपस्थित महिला खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही है। उन्होंने कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि यह आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना को भी विकसित करता है। प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों और उपस्थित दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को खेलों से जुड़ने का अवसर मिल सके। कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्लब के सदस्यों तथा विद्यालय प्रबंधन का विशेष सहयोग रहा।

  • शिकारपुरा तीर्थधाम में कलबी (पटेल) समाज के नर्सिंग अधिकारियों का द्वितीय अखिल भारतीय स्नेह मिलन सम्पन्न, समाज सेवा और शिक्षा पर दिया जोर

    भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) शिकारपुरा तीर्थधाम। शिकारपुरा पावन तीर्थधाम में अखिल भारतीय कलबी (पटेल) समाज के नर्सिंग अधिकारियों का द्वितीय अखिल भारतीय स्नेह मिलन समारोह बड़े उत्साह, गरिमा और सामाजिक एकता के वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए नर्सिंग अधिकारियों, समाज प्रतिनिधियों और अतिथियों ने भाग लिया तथा स्वास्थ्य सेवा में समाज के योगदान और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संत महात्माओं के आशीर्वाद और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। शिकारपुरा धाम के गादीपति महंत श्री दयारामजी महाराज ने अपने आशीर्वचन में समाज में सेवा, संस्कार और एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग सेवा में कार्यरत अधिकारी मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहे हैं, जो पूरे समाज के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कार्यक्रम की मुख्य आयोजक नर्सिंग ऑफिसर गीता पटेल सहित बागाराम पटेल और पूरी आयोजन टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सम्मेलन में वक्ता नेताराम ने अपने संबोधन में विदेशों में नर्सिंग क्षेत्र में बढ़ते अवसरों और संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा अपने कौशल को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रेरक वक्ता के रूप में उपस्थित केबीसी-17 के विजेता बाबूलाल चौधरी ने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं बल्कि मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने नर्सिंग अधिकारियों को समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बताते हुए युवाओं को इस क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शंकराराम पटेल (डीएनएस), बगाराम पटेल (एसएनओ), मोहनराम पटेल (एएनएस), गोकुलराम पटेल (एसएनओ) और माधाराम पटेल (एसएनओ) सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने नर्सिंग सेवा के महत्व, शिक्षा के प्रसार और समाज के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य पर जोर देते हुए स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए युवाओं को मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर अखिल भारतीय कलबी (पटेल) नर्सिंग अधिकारी संगठन की अस्थाई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। नवगठित कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की गई कि यह संगठन समाज के युवाओं को मार्गदर्शन देने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में नई प्रेरणा प्रदान करेगा और समाजहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन समाज की गौरव एवं उभरती युवा प्रतिभा गीता पटेल ने अपनी सशक्त और प्रभावशाली शैली में किया। वहीं बगाराम पटेल ने भी संचालन में समन्वय करते हुए कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सम्मेलन में आयोजक टीम के सदस्य बगाराम पटेल (एसएनओ), गीता पटेल, जगदीश पटेल, ईश्वर पटेल सहित समाज के अनेक नर्सिंग अधिकारी, गणमान्य अतिथि, महिला प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का सम्मान किया गया तथा समाज की एकता, सेवा भावना और शिक्षा के प्रसार को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

bottom of page