हावेरी बस स्टैंड पर बेकाबू बस का कहर, मासूम समेत चार घायल; चालक फरार
- धन्ना राम चौधरी

- 3 अप्रैल
- 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)
हावेरी। कर्नाटक के हावेरी स्थित केंद्रीय बस स्टैंड पर बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार बस ने अचानक नियंत्रण खो दिया और प्लेटफॉर्म पर खड़े यात्रियों को कुचलते हुए अंदर घुस गई। इस दर्दनाक हादसे में एक दो वर्षीय मासूम सहित चार लोग घायल हो गए, जिनमें बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 7 बजे की है। उस समय बड़ी संख्या में यात्री बस का इंतजार कर रहे थे और अपने गंतव्य की जानकारी देख रहे थे। इसी दौरान हावेरी से लक्ष्मेश्वर की ओर जा रही एक नॉन-स्टॉप बस तेज गति से बस स्टैंड में दाखिल हुई। बताया जा रहा है कि चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे बस सीधे प्लेटफॉर्म पर चढ़ गई और वहां मौजूद लोगों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बस को यात्रियों को कुचलते हुए साफ देखा जा सकता है। हादसे में घायल लोगों की पहचान वासुदेव (44), हर्षा (6), कव्यांजलि (39) और एक दो वर्षीय बच्चे के रूप में हुई है। मासूम के घुटने में गंभीर चोट आई है और प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हुबली के अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद बस स्टैंड पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घटना से नाराज लोगों ने बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
पुलिस के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। मामले की जांच हावेरी टाउन पुलिस स्टेशन में दर्ज कर ली गई है। अधिकारी सीसीटीवी फुटेज और बस की तकनीकी जांच के आधार पर यह पता लगाने में जुटे हैं कि दुर्घटना चालक की लापरवाही का परिणाम है या फिर किसी तकनीकी खराबी के कारण हुई।
प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।
_edited.jpg)



टिप्पणियां