top of page
भारतार्थ-logo

स्वतंत्रता दिवस पर 200 जरूरतमंदों की हुई मुफ्त जांच

  • लेखक की तस्वीर: धन्नाराम चौधरी
    धन्नाराम चौधरी
  • 19 अग॰
  • 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर। बेंगलुरु संवाददाता: धन्नाराम चौधरी बेंगलुरु 18 अगस्त 2026। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेवा ब्रिगेड फाउंडेशन एवं धर्मनिष्ठा सेवा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आरटी नगर, बेंगलुरु में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर स्पर्श अस्पताल, हेनूर रोड, अमाया डेंटल क्लिनिक एवं ऑप्टिकल स्क्वायर कॉन्टैक्ट लेंस आई क्लिनिक के सहयोग से संपन्न हुआ। शिविर में करीब 200 लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।


सेवा ब्रिगेड फाउंडेशन के संस्थापक प्रवीण पांडेय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व को जनसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता से जोड़ने का उद्देश्य लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग करना है। शिविर में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, मजदूरों, ऑटो चालकों, घरेलू कामगारों और अन्य जरूरतमंद लोगों को विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।


शिविर में बीएमआई, रक्तचाप, रैंडम ब्लड शुगर, ईसीजी, दंत जांच, नेत्र जांच तथा सामान्य चिकित्सकीय परामर्श जैसी सुविधाएं प्रदान की गईं। विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर लोगों को आवश्यक परामर्श और मार्गदर्शन भी दिया।


फाउंडेशन के उपाध्यक्ष राजमणि कुमार सिन्हा ने बताया कि शिविर में करीब 200 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। उन्होंने कहा कि समाज के ऐसे वर्गों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना संस्था की प्राथमिकता है, जिन्हें व्यस्त जीवन, आर्थिक कठिनाइयों या अन्य कारणों से नियमित स्वास्थ्य जांच का अवसर नहीं मिल पाता।


आयोजन की व्यवस्थाओं में कोषाध्यक्ष राजेश कुमार, सीओओ नीरज शर्मा और भोलाशंकर पांडेय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पंजीकरण, लोगों के सहयोग और शिविर के सुचारु संचालन की जिम्मेदारियां स्वयंसेवकों ने संभालीं।


सामाजिक कार्यकर्ता ए.आर. किरण एवं डॉ. कार्तिक ए. ने आयोजन स्थल उपलब्ध कराने के साथ मेडिकल स्टाफ एवं स्वयंसेवकों के लिए भोजन की व्यवस्था में भी सहयोग किया। संस्था की ओर से स्पर्श अस्पताल के नवीन, अमाया डेंटल क्लिनिक की डॉ. खुशबू एवं डॉ. शबनूर तथा ऑप्टिकल स्क्वायर आई क्लिनिक के राहिल सहित सहयोगी टीम का आभार व्यक्त किया गया।


प्रवीण पांडेय ने बताया कि सेवा ब्रिगेड फाउंडेशन पिछले तीन वर्षों में 15 हजार से अधिक लोगों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर चुका है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और समय पर उपचार शुरू कराने में मददगार साबित होते हैं।


फाउंडेशन के अध्यक्ष नितिन शर्मा ने कहा कि भविष्य में भी सेवा ब्रिगेड फाउंडेशन एवं धर्मनिष्ठा सेवा ट्रस्ट समाज के जरूरतमंद वर्गों तक स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जनकल्याणकारी सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि गरीब और प्रवासी मजदूरों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना संस्था की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page