व्हाइटफील्ड में तिरंगे को सलामी, गूंजा ‘जय हिंद’
- धन्नाराम चौधरी

- 19 अग॰
- 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर। बेंगलुरु संवाददाता: धन्नाराम चौधरी बेंगलुरु/व्हाइटफील्ड। 18 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय राजपूताना सेवा संगठन की ओर से व्हाइटफील्ड स्थित संगठन कार्यालय में भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में देशभक्ति, सामाजिक एकता और राष्ट्रीय गौरव का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
मातृशक्ति सदस्यों, संगठन के राष्ट्रीय महासचिव प्रेम सिंह एवं बेंगलुरु अध्यक्ष सुनील सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी और देश के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
कार्यक्रम का संचालन बेंगलुरु अध्यक्ष सुनील सिंह एवं व्हाइटफील्ड टीम ने किया। समारोह में बेंगलुरु उपाध्यक्ष परमेश्वर सिंह, उत्तरी बेंगलुरु अध्यक्ष अनिरुद्ध सिंह, गोपाल सिंह, रिंकी सिंह, पिंकी सिंह, सुनीता सिंह, नीरज सिंह, आशुतोष सिंह, रोहन सिंह सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल सिंह सिकरवार ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के अमूल्य बलिदान और शहादत को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के संघर्ष, त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कठिन संघर्ष से प्राप्त स्वतंत्रता की कीमत समझना और उसकी रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अभिभावकों से बच्चों को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास तथा देश के वीर जवानों और शहीदों के बलिदान से परिचित कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत करना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने समाज में आपसी भाईचारे, एकता और सद्भाव बनाए रखने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने देशहित एवं संगठनहित से जुड़े विचार साझा किए।
समारोह के दौरान देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण में उत्साह भर दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। समारोह का समापन “जय हिंद, वंदे मातरम्” के नारों के साथ हुआ।
_edited.jpg)



टिप्पणियां