top of page
भारतार्थ-logo

विश्व शांति का संदेश लेकर निकली भव्य शोभा यात्रा, महावीर जयंती पर उमड़ा आस्था का सैलाब

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 31 मार्च
  • 1 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, बेंगलूरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

बेंगलूरु। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर शहर में भव्य ‘विश्व शांति शोभा यात्रा’ का आयोजन किया गया। जैन युवा संगठन एवं जैन युवा संगठन सेवा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शोभायात्रा का शुभारंभ टाउन हॉल से किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ बेंगलूरु पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह, संजय वेद एवं विकास बोहरा ने ध्वज लहराकर किया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने उपस्थित श्रद्धालुओं को महावीर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए जैन युवा संगठन द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।


समारोह को संबोधित करते हुए महेंद्र मुणोत ने कहा कि भगवान महावीर का अवतरण संपूर्ण जीव मात्र के कल्याण के लिए हुआ था। उन्होंने ‘अहिंसा परमो धर्म’ तथा ‘जियो और जीने दो’ का संदेश देकर मानवता को सही दिशा दिखाई। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व हिंसा, अशांति और असुरक्षा की चुनौतियों से जूझ रहा है, जिनका समाधान भगवान महावीर के सिद्धांतों को जीवन में आत्मसात करने से ही संभव है।


शोभा यात्रा में शहर के विभिन्न जैन संघों एवं सामाजिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें भगवान महावीर के जीवन, उपदेशों एवं सिद्धांतों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया। इन झांकियों के माध्यम से अहिंसा, सत्य, करुणा और विश्व शांति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।


पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और वातावरण भगवान महावीर के जयकारों से गूंज उठा। आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि समाज में शांति, सद्भाव और सह-अस्तित्व का संदेश भी प्रसारित किया।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page