यात्री हितों को लेकर रेल महाप्रबंधक से सार्थक संवाद
- धन्नाराम चौधरी

- 16 जून
- 1 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)
हुबली। दक्षिण पश्चिम रेलवे के मुख्यालय में आज यात्री सुविधाओं और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर यात्री हितार्थ संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक पी. अनंत से शिष्टाचार भेंट की। लगभग एक घंटे तक चली इस बैठक में रेल यात्रियों की समस्याओं, सुविधाओं के विस्तार और सेवाओं के सुधार पर गंभीरता से चर्चा हुई।
समिति के संयोजक सुभाष सिंह जमादार एवं उत्तम ओ. साठिया ने विभिन्न मुद्दों को सुव्यवस्थित और प्रभावशाली ढंग से महाप्रबंधक के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने विशेष रूप से राजस्थानी समाज के यात्रियों को हो रही कठिनाइयों, ट्रेन संचालन, ठहराव, आरक्षण तथा बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
बैठक के दौरान महाप्रबंधक पी. अनंत ने विषयों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर संवाद किया और आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने आश्वासन दिया कि यात्रियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई होगी।
इस अवसर पर दुदाराम चौधरी, पर्वत सिंह खींची, सतीश माली, अमृत भाई जैन, बाबूलाल सिरवी, बाबूलाल जैन, महेंद्र पालगोता, धर्मेन्द्र माली, त्रिवेंद्रम खत्री, ईश्वर शर्मा एवं अभिषेक मेहता सहित अन्य गणमान्य समिति के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने बैठक को सफल और परिणामदायी बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। बैठक का माहौल सकारात्मक और समाधान केंद्रित रहा, जिससे यह उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
समिति ने महाप्रबंधक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के संवाद से रेलवे प्रशासन और यात्रियों के बीच समन्वय मजबूत होता है तथा जनहित के कार्यों को गति मिलती है।
_edited.jpg)



टिप्पणियां