top of page
भारतार्थ-logo

महिला आरक्षण पर सियासत तेज, भाजपा का कांग्रेस पर हमला

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 19 अप्रैल
  • 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, बेंगलुरु संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

बेंगलुरु। महिला आरक्षण विधेयक को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि उसने इस महत्वपूर्ण विधेयक का समर्थन न करके देश की करोड़ों महिलाओं के साथ “धोखा” किया है।


भाजपा के राज्य कार्यालय ‘जगन्नाथ भवन’ में आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ नेता आर. अशोक ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक का विफल होना महज एक राजनीतिक घटना नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों के प्रति उपेक्षा और विरोधी मानसिकता का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को संवैधानिक अधिकार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया, लेकिन कांग्रेस ने इसका समर्थन नहीं कर महिलाओं की उम्मीदों को तोड़ दिया। अशोक ने कहा कि यह विधेयक सर्वसम्मति से पारित होना चाहिए था, ताकि संसद और विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। “कांग्रेस के रुख के कारण महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने का सपना अधूरा रह गया,” उन्होंने कहा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी वर्षों से महिलाओं के अधिकारों पर केवल भाषण देती रही है, लेकिन उसे लागू करने का साहस नहीं दिखाया। “कांग्रेस महिलाओं को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करती है और उनके वास्तविक सशक्तिकरण में बाधा बन रही है,” उन्होंने कहा।


इस दौरान अशोक ने कांग्रेस को सलाह देते हुए कहा कि यदि पार्टी वास्तव में महिलाओं के हितों के प्रति गंभीर है, तो उसे आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने यहां तक कहा कि कांग्रेस को अपने महिला प्रकोष्ठ के अस्तित्व पर भी पुनर्विचार करना चाहिए। भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार महिलाओं को मुफ्त योजनाओं के माध्यम से घर तक सीमित रखने की नीति अपना रही है और उन्हें राजनीतिक रूप से आगे बढ़ने से रोक रही है। वहीं, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आर्थिक संकट से जूझ रही है और इसका बोझ आम जनता पर डाला जा रहा है। “बिजली दरों में वृद्धि और विभिन्न करों के जरिए जनता पर अतिरिक्त भार डाला जा रहा है,” उन्होंने आरोप लगाया। अशोक ने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी। इस अवसर पर विधान परिषद में विपक्ष के नेता चलवाडी नारायणस्वामी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मालविका अविनाश तथा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सी. मंजुला सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page