मरुधरा जैन संघ का बड़ा ऐलान: कमेटी संग नवयुवक व महिला मंडल का भी होगा चयन : डाँ. लूनावत
- धन्नाराम चौधरी

- 11 अग॰
- 3 मिनट पठन

33वें दीपावली स्नेह मिलन की तैयारियां तेज; 15 नवंबर को श्री पार्श्व लब्धि धाम में होगा भव्य आयोजन, पहली बार विशेष भक्ति-भजन कार्यक्रम
भारतार्थ खबर। बेंगलुरु संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) बेंगलुरु | 10 अगस्त, 2026। श्री मरुधरा जैन संघ ने आगामी 33वें दीपावली स्नेह मिलन को यादगार और व्यवस्थित बनाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। 15 नवंबर 2026, रविवार को टुमकुर रोड स्थित प्रसिद्ध श्री पार्श्व लब्धि धाम में होने वाले इस आयोजन की तैयारियों को लेकर संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान टेंट, भोजन, पूजा-अर्चना, बैठक तथा अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष डॉ. जवरीलाल लूनावत ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि इस बार संघ की नई कमेटी के गठन के साथ ही नवयुवक मंडल और महिला मंडल के सदस्यों का चयन भी उसी प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम से संघ के सदस्यों के समक्ष नवयुवक मंडल एवं महिला मंडल के प्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा। इसे संघ के संगठनात्मक विस्तार और युवाओं एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
आयोजन स्थल के निरीक्षण के दौरान संघ के अध्यक्ष डॉ. जवरीलाल लूनावत, उपाध्यक्ष कांतीलाल गुलेच्छा, कोषाध्यक्ष महावीर संचेती, पूर्व अध्यक्ष डूंगरमल पारख, पूर्व कोषाध्यक्ष केवलचंद सालेचा, पूर्व सलाहकार केवलचंद मोदी, उत्तमचंद बागमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। टेंट एवं साउंड व्यवस्था से जुड़े संचालकों ने भी कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सादगीपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि दीपावली स्नेह मिलन केवल सामाजिक मिलन का अवसर नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर जोड़ने और संगठनात्मक एकता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसी भावना के साथ इस वर्ष भी कार्यक्रम को गरिमापूर्ण, अनुशासित और पारिवारिक वातावरण में आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है।
धुन्धाड़ा के बाफणा परिवार को मिला संपूर्ण लाभार्थी बनने का अवसर
इस वर्ष 33वें दीपावली स्नेह मिलन के संपूर्ण लाभार्थी परिवार धुन्धाड़ा निवासी कुंदनमलजी खुशालजी बाफणा हैं। संघ की ओर से उनके परिवार के सहयोग को आयोजन की महत्वपूर्ण कड़ी बताया गया है।
डॉ. लूनावत के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत सुबह परमात्मा की आरती एवं विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना से होगी। इसके बाद संघ की जनरल मीटिंग आयोजित की जाएगी, जिसमें संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। इसी बैठक में नई कमेटी के गठन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।
नवयुवक और महिला मंडल के चयन पर विशेष जोर
इस बार आयोजन की सबसे महत्वपूर्ण विशेषताओं में संघ के नवयुवक मंडल और महिला मंडल का चयन शामिल है। डॉ. लूनावत ने बताया कि जिस प्रकार मुख्य कमेटी के सदस्यों का चयन संघ के सदस्यों के समक्ष किया जाएगा, उसी प्रकार प्रत्येक ग्राम से नवयुवक मंडल और महिला मंडल के सदस्यों का चयन भी किया जाएगा।
इस पहल से संगठन में नई पीढ़ी और महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करने का प्रयास दिखाई देता है। संघ का मानना है कि युवाओं की ऊर्जा और महिलाओं की सक्रिय सहभागिता सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
पहली बार भक्ति-भजन का विशेष आयोजन
33वें दीपावली स्नेह मिलन में इस वर्ष एक और आकर्षक पहल की गई है। दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक भक्ति एवं भजन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें भक्ति मंडल श्री नाकोड़ा जैन कॉन्फ्रेंस भैरव भक्ति मंडल कर्नाटका द्वारा भक्ति और भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
डॉ. लूनावत ने बताया कि प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल पर आयोजित होने वाले इस स्नेह मिलन में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर भक्ति एवं भजन कार्यक्रम रखा गया है। इससे आयोजन में आध्यात्मिकता, श्रद्धा और सामाजिक स्नेह का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
संघ की तैयारियों से स्पष्ट है कि इस बार का दीपावली स्नेह मिलन केवल पारंपरिक सामाजिक आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें संगठनात्मक पुनर्गठन, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी तथा आध्यात्मिक कार्यक्रमों को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
आयोजन समिति द्वारा सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि 15 नवंबर 2026 को श्री पार्श्व लब्धि धाम में होने वाला मरुधरा जैन संघ का 33वां दीपावली स्नेह मिलन समाज के लिए यादगार अवसर बन सके।
_edited.jpg)



टिप्पणियां