मदुरै में मुमुक्षु आगम गुलेच्छा का भव्य स्वागत, दीक्षा से पूर्व उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
- धन्ना राम चौधरी

- 24 मार्च
- 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)
मदुरै। जैन समाज में आध्यात्मिक उत्साह और श्रद्धा का वातावरण उस समय देखने को मिला जब सूरत निवासी मुमुक्षु आगम दिलीप गुलेच्छा के मदुरै आगमन पर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। दीक्षा से पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे और भाव-विभोर होकर अनुमोदना की।
प्रवक्ता दिनेश सालेचा ने जानकारी देते हुए बताया कि मुमुक्षु आगम गुलेच्छा अपने दादा प्रकाशमल एवं शांतिलाल गुलेच्छा के निवास स्थान पर पधारे, जहां परिवारजनों ने घर को आकर्षक रूप से सजाकर पारंपरिक विधि-विधान से उनका अभिनंदन किया। अक्षत से बधामना, श्रीफल अर्पण एवं माल्यार्पण कर मुमुक्षु का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर दीक्षार्थी की अनुमोदना हेतु सायंकालीन सांझी का भी आयोजन किया गया, जिसमें “दीक्षार्थी अमर रहे” जैसे जयघोषों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने मुमुक्षु के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए उनके आगामी आध्यात्मिक जीवन के लिए मंगलकामनाएं दीं।
मुमुक्षु आगम के माता-पिता निर्मला एवं दिलीप कुमार गुलेच्छा ने सभी उपस्थितजनों से आगामी 23 अप्रैल 2026 को पालीताना स्थित पावन शत्रुंजय तीर्थ में आयोजित दीक्षा महोत्सव में सपरिवार पधारने का विनम्र आमंत्रण दिया।
उल्लेखनीय है कि मुमुक्षु आगम गुलेच्छा मूलतः राजस्थान के पाली जिले के बिटू, मारवाड़ निवासी हैं तथा वर्तमान में सूरत में प्रवासरत हैं। उनकी दीक्षा 23 अप्रैल 2026 को शत्रुंजय तीर्थ में पूज्य आचार्य श्रीमद् रत्नचंद्र सूरीश्वरजी म.सा. एवं आचार्य श्रीमद् विजय उदयरत्न सूरीश्वरजी म.सा. (डहेलावाला) सहित विशाल श्रमण-श्रमणी भगवंतों की निश्रा में संपन्न होगी।
कार्यक्रम में मोहनलाल तातेड़, विजराज श्रीश्रीमाल, कांतिलाल पटियात, मंगलचंद सालेचा, प्रकाशमल गुलेच्छा, गौतमचंद बाफना, शांतिलाल गुलेच्छा, रमेश कांकरिया, ललित जैन, जितेंद्र जैन, प्रकाश सालेचा, राहुलसिंह, दिनेश सालेचा, नवरत्न चोपड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, महिलाएं एवं सर्व समाज के लोग उपस्थित रहे।
_edited.jpg)



टिप्पणियां