मदुरै में उमड़ा आस्था का सैलाब, साध्वी आज्ञानिधि श्रीजी का भव्य चातुर्मास मंगल प्रवेश
- धन्नाराम चौधरी

- 21 जुल॰
- 2 मिनट पठन
भक्ति, श्रद्धा और जयघोष के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने किया भावभीना स्वागत, धर्मसभा में संयम, तप और आत्मकल्याण का मिला संदेश

साध्वी आज्ञानिधि श्रीजी म.सा. आदि ठाणा-6 के चातुर्मास मंगल प्रवेश की शोभायात्रा एवं धर्मसभा।
भारतार्थ खबर | संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) मदुरै (तमिलनाडु) | 20 जुलाई 2026 मदुरै में सोमवार को धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब साध्वी आज्ञानिधि श्रीजी म.सा. आदि ठाणा-6 का चातुर्मास मंगल प्रवेश हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। श्री साँचा सुमतिनाथ भगवान राजेन्द्र सुरी ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित "सदगुरू समर्पणम चातुर्मास–2026" के इस ऐतिहासिक आयोजन ने पूरे शहर को धर्ममय वातावरण से सराबोर कर दिया।

प्रातःकाल आराधना भवन से गाजे-बाजे, मंगलध्वनि और जयघोष के साथ निकली भव्य शोभायात्रा ने श्रद्धालुओं के मन में अद्भुत उत्साह भर दिया। शोभायात्रा सोना-चाँदी बाजार, श्री साँचा सुमतिनाथ मंदिर और साउथ मासी स्ट्रीट से होती हुई यतीन्द्र भवन पहुँची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने अक्षत,
श्रीफल और पुष्पवर्षा कर साध्वी भगवंत का भावपूर्ण स्वागत किया। जयकारों और मंगलगान से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
यतीन्द्र भवन में आयोजित विशाल धर्मसभा में साध्वी आज्ञानिधि श्रीजी म.सा. ने धर्म, संयम, तप, त्याग और आत्मकल्याण का संदेश देते हुए कहा कि चातुर्मास केवल धार्मिक अनुष्ठानों का समय नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक उन्नति का श्रेष्ठ अवसर है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से स्वाध्याय, तपस्या, सेवा और धार्मिक आराधना में अधिकाधिक भाग लेने का आह्वान किया।

उनके प्रेरणादायी और ओजस्वी प्रवचनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को गहराई से प्रभावित किया। बड़ी संख्या में उपस्थित महिला-पुरुष, युवा और बच्चों ने धर्मसभा में भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
शोभायात्रा और पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं में श्री महावीर जैन सेवा मंडल, विभिन्न महिला मंडलों, बालिका मंडलों तथा श्री आदिनाथ जैन मंडल का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन विजयराज गुलेच्छा ने किया।

चातुर्मास मंगल प्रवेश के अवसर पर श्री सुमतिनाथ जैन बड़ा मंदिर ट्रस्ट की ओर से दिनेश सालेचा तथा श्री सुमतिनाथ नया मंदिर ट्रस्ट की ओर से सुमेरमल गुलेच्छा, डूंगरचंद गुलेच्छा, हड़मान जैन सहित अनेक वक्ताओं ने साध्वी भगवंत का स्वागत करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर ट्रस्टी मीठालाल संखलेचा, बगदावरमल हरण, शिवराज भंडारी, मनोहरमल, रतनचंद संखलेचा, मूलचंद श्रीश्रीमाल, मीठालाल सालेचा, सुरेशकुमार पटियाट, सुरेशकुमार कटारिया सिंघवी, रमेशकुमार संखलेचा, नरपतराज बागरेचा, खीमराज पटवारी, दाड़मचंद जैन, हेमराज शाहजी, लकमीचंद बाफना, विजयराज गुलेच्छा, पदमराज भंडारी, राजेन्द्र चौपड़ा, पी. रमेशकुमार संखलेचा, किशोर संखलेचा, हरीश गुलेच्छा और हितेश सदानी सहित अनेक गणमान्य श्रावक-श्राविकाएँ उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में चेन्नई, विजापुर, मायावरम, इंदौर और तिरुचिरापल्ली सहित कई शहरों से आए श्रद्धालुओं ने भी सहभागिता निभाई। आयोजन के समापन पर ट्रस्ट ने सभी सहयोगी संस्थाओं, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए चातुर्मास के दौरान आयोजित धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान किया।
_edited.jpg)



टिप्पणियां