top of page
भारतार्थ-logo

मौसम की मार के बीच वोटिंग तेज, बंगाल में मोदी का प्रहार

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 9 अप्रैल
  • 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

केरल, असम और पुड्डुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान उत्साहपूर्ण माहौल में जारी रहा, हालांकि कुछ क्षेत्रों में मौसम ने चुनावी गतिविधियों को प्रभावित किया। शाम 6 बजे तक मतदान चलने के दौरान केरल में 49.70 प्रतिशत असम में 59.62 प्रतिशत और पुड्डुचेरी में 56.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।

केरल में 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए 2.71 करोड़ मतदाता 883 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। यहां सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ), कांग्रेस नेतृत्व वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और भाजपा नेतृत्व वाला राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। वहीं असम में 126 सीटों पर 2.50 करोड़ से अधिक मतदाता 722 उम्मीदवारों के भविष्य का निर्णय कर रहे हैं। भाजपा नेतृत्व वाला एनडीए लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस गठबंधन कड़ी चुनौती पेश कर रहा है। पुड्डुचेरी की 30 सदस्यीय विधानसभा के लिए भी 10 लाख से अधिक मतदाता मतदान कर रहे हैं।


इसी बीच पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुनावी रैलियां खराब मौसम की भेंट चढ़ गईं। निर्धारित तीन रैलियों में से केवल हल्दिया की सभा ही हो सकी। हल्दिया में आयोजित रैली में प्रधानमंत्री ने चैतन्य महाप्रभु का उल्लेख करते हुए जनता से समर्थन मांगा और भारी भीड़ को बदलाव का संकेत बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए राज्य में कथित आर्थिक कुप्रबंधन और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने पश्चिम बंगाल के लिए छह प्रमुख गारंटियों की घोषणा करते हुए कानून व्यवस्था सुधार, पारदर्शी शासन, भ्रष्टाचार की जांच, घुसपैठ पर रोक और सातवें वेतन आयोग के लागू करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि राज्य कभी औद्योगिक केंद्र रहा, लेकिन अब विकास की दौड़ में पिछड़ गया है।


चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री मोदी और राहुल गांधी ने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने केरल के मतदाताओं से विशेष रूप से बदलाव के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ऐसी सरकार की हकदार है जो उनके हितों को प्राथमिकता दे। केरल कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ ने विश्वास जताया कि यूडीएफ 100 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। वहीं केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने भाजपा के चुनाव प्रचार को प्रभावी बताते हुए कहा कि पार्टी ने हर स्तर तक पहुंच बनाई है और अब परिणामों का इंतजार है। इन चुनावों के साथ ही कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा की कुछ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है। सभी राज्यों के नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे, जिन पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page