बंगाल विजय के लिए बीजेपी का ‘मेगा मिशन’: मोदी की 14 रैलियां, शाह-योगी की आक्रामक एंट्री से तेज हुआ चुनावी संग्राम
- धन्ना राम चौधरी

- 22 मार्च
- 2 मिनट पठन
अपडेट करने की तारीख: 23 मार्च
भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है। सत्ता पर काबिज होने के लक्ष्य के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस बार चुनावी रण में पूरी ताकत झोंक दी है। दो चरणों में होने जा रहे मतदान से पहले पार्टी के दिग्गज नेताओं के ताबड़तोड़ दौरे और रैलियों ने राजनीतिक माहौल को और अधिक गर्मा दिया है।
भाजपा के चुनावी अभियान की कमान खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संभाल रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, वे अगले महीने राज्य में 14 बड़ी जनसभाएं और कई रोड शो करेंगे। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी कम से कम 8 कार्यक्रमों के जरिए मतदाताओं को साधने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
पार्टी संगठन को मजबूती देने के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के छह कार्यक्रम तय किए गए हैं, जबकि प्रदेश नेतृत्व भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और किरण रिजिजू सहित कई वरिष्ठ नेता भी चुनाव प्रचार में उतरने वाले हैं।
योगी और मिथुन का प्रभाव, ब्रिगेड ग्राउंड से भरी हुंकार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भाजपा ने स्टार प्रचारकों में शामिल किया है। उनके कम से कम 8 कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनमें जनसभाएं और रोड शो शामिल हैं। वहीं अभिनेता से नेता बने मिथुन चक्रवर्ती भी 10 से अधिक सभाओं और कई रोड शो के जरिए माहौल बनाने में जुटेंगे।
हाल ही में ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए दावा किया कि इस बार राज्य में बदलाव तय है। उन्होंने कहा कि जनता का उत्साह परिवर्तन की स्पष्ट संकेत दे रहा है।
दो चरणों में मतदान, 4 मई को नतीजे
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, राज्य में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर वोट डाले जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होगा। चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
उम्मीदवारों की सूची जारी, नए चेहरों पर दांव
भाजपा ने 19 मार्च को 111 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में संदेशखली आंदोलन से उभरीं रेखा पात्रा को प्रमुखता से जगह दी गई है। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री निशीथ अधिकारी, पूर्व सांसद अर्जुन सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष तपस रॉय और अभिनेत्री से नेता बनीं रूपा गांगुली को भी चुनावी मैदान में उतारा गया है।
रूपा गांगुली को सोनारपुर दक्षिण सीट से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार लवली मैत्रा के खिलाफ मैदान में उतारा गया है, जबकि हिरण चटर्जी को हावड़ा जिले की श्यामपुर सीट से टिकट दिया गया है।
चुनावी मुकाबला दिलचस्प, सभी दलों की नजर सत्ता पर
पश्चिम बंगाल में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प और कांटे का माना जा रहा है। भाजपा जहां सत्ता परिवर्तन का दावा कर रही है, वहीं सत्तारूढ़ दल भी अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए पूरी ताकत लगा रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में चुनावी रैलियों, रोड शो और प्रचार अभियानों के जरिए सियासी संग्राम और तेज होने की संभावना है।
_edited.jpg)




टिप्पणियां