top of page
भारतार्थ-logo

नोएडा हिंसा में ‘बाहरी साजिश’ का खुलासा

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 16 अप्रैल
  • 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

नोएडा। औद्योगिक नगरी नोएडा में हाल ही में भड़की हिंसा को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा खुलासा किया है। सरकार के अनुसार, इस घटना में शामिल अधिकांश लोग स्थानीय मजदूर नहीं, बल्कि बाहरी तत्व थे, जिन्होंने सुनियोजित तरीके से हालात बिगाड़ने की कोशिश की।

सरकार द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, हिंसा के दौरान गिरफ्तार किए गए 66 आरोपियों में से 45 लोग मजदूर नहीं हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि वेतन वृद्धि की मांग को आधार बनाकर औद्योगिक क्षेत्र में अशांति फैलाने की साजिश रची गई थी। प्रशासन का मानना है कि कुछ संगठित समूहों ने मजदूर आंदोलन की आड़ लेकर माहौल को भड़काने का प्रयास किया।


घटना के दौरान कई स्थानों पर आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। औद्योगिक क्षेत्रों में खड़ी गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आगजनी की घटनाओं में शामिल 17 आरोपियों में से 11 की पहचान हो चुकी है, जिनमें 8 लोग मजदूर नहीं हैं। इसके अलावा, भीड़ को भड़काने और अफवाह फैलाने के आरोप में 32 लोगों की पहचान की गई थी, जिनमें से 19 को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रशासन ने यह भी बताया कि 34 ऐसे लोगों को हिरासत में लिया गया है, जो मजदूर नहीं थे, लेकिन भीड़ का हिस्सा बनकर उपद्रव में शामिल हुए। वहीं, 4 आरोपियों को साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जिनके किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।


जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि कुछ राजनीतिक समूहों और सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाने वालों की भूमिका भी इस हिंसा में रही है। अलग-अलग राज्यों से आई कुछ महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी सामने आई है, जो उपद्रवियों की मदद कर रही थीं। घटना के बाद प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में स्थिति को नियंत्रित कर लिया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस और प्रशासनिक अमले ने सख्ती दिखाते हुए कानून-व्यवस्था बहाल की। इसके साथ ही मजदूरों और फैक्टरी प्रबंधन के बीच वेतन वृद्धि को लेकर सहमति बनने के बाद औद्योगिक गतिविधियां दोबारा पटरी पर लौट आई हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आगे भी सख्त निगरानी और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page